सोनभद्र। राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय चुर्क को वर्षों के इंतजार के बाद अपना नया स्थायी भवन तो मिल गया, लेकिन अस्पताल तक पहुंचने के लिए पहुंच मार्ग की समस्या जस की तस बनी हुई है। मुख्य मार्ग से अस्पताल परिसर तक जाने वाली करीब 300 मीटर लंबी सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। मानसून की बारिश शुरू होते ही यह पूरा रास्ता गहरे कीचड़ और दलदल में तब्दील हो जाता है, जिससे मरीजों, तीमारदारों और अस्पताल के स्टाफ को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।पहले इस अस्पताल का संचालन पंचायत भवन में अस्थायी रूप से होता था।
वर्ष 2025 के अक्टूबर माह से इस नए भवन में चिकित्सा सेवाएं नियमित रूप से शुरू हुईं। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. आनंद नारायण के अनुसार, इस 300 मीटर सड़क के पक्के निर्माण के लिए ग्राम प्रधान पुष्पा देवी के प्रतिनिधि रामप्रवेश यादव और क्षेत्रीय विधायक भूपेश चौबे को लिखित रूप से अवगत कराया जा चुका है, मगर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बदहाल रास्ते के कारण सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और दिव्यांग मरीजों को हो रही है। स्थानीय ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर सड़क निर्माण कराने की मांग की है।