दुद्धी। भाऊराव देवरस राजकीय महाविद्यालय में सोमवार को नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. राजेश भारती ने की, जबकि मुख्य अतिथि वनवासी सेवा आश्रम की सचिव शुभा प्रेम रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, विभिन्न विभागों, नियमों और भविष्य की संभावनाओं से परिचित कराना था। मुख्य अतिथि शुभा प्रेम ने कहा कि महाविद्यालय जीवन व्यक्तित्व निर्माण, ज्ञान-विकास और उज्ज्वल भविष्य की नींव रखने का महत्वपूर्ण दौर है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, समय का सदुपयोग, नियमित अध्ययन और सकारात्मक सोच अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने मोबाइल और सोशल मीडिया का उपयोग सीमित रखते हुए तकनीक का इस्तेमाल शिक्षा और ज्ञानवर्धन के लिए करने की सलाह दी। साथ ही पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सरोकार और सेवा भावना को जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। प्राचार्य डॉ. राजेश भारती ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, नियमों और अनुशासन की जानकारी दी। उन्होंने नियमित उपस्थिति, आंतरिक मूल्यांकन, पुस्तकालय एवं प्रयोगशाला के उपयोग तथा रैगिंग से दूर रहने की अपील की।