बभनी। बभनी बाजार से शिव मंदिर जाने वाला रास्ता बारिश के साथ आवागमन करने लायक नहीं बचा। काफी दिनों से ग्रामीण सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं। कई बार प्रदर्शन भी किया। बावजूद बेपरवार व्यवस्था के प्रति विरोध जताते हुए ग्रामीणों ने सोमवार को सड़क पर धान रोपाई की। बभनी बाजार स्थित शिव मंदिर से बाजार टोला जाने वाला मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुका है। यह मार्ग रमईखोरी, डगडउआ टोला, पढ़ाव टोला, चीकू टोला, पुद्दीटोला और बाजार टोला को जोड़ता है। आवागमन में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राहगीर और स्थानीय निवासी गिरकर चोटिल हो रहे हैं। बाइक और साइकिल सवार आए दिन दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं। सावन का महीना शुरू होने वाला है अब कांवड़ियों और शिव भक्तों को कीचड़ युक्त सड़क से होकर गुजरना होगा। युवा समिति बभनी के अध्यक्ष मिथलेश चंद्र गुप्ता, वरुण कुमार, सुनील कुमार, रविशंकर, सुजीत कुमार जायसवाल, अरुण कुमार, उदय कुमार, डाॅ. हीरालाल, अनवर हुसैन, परवेज आलम आदि ने सोमवार को धान रोपाई कर प्रदर्शन किया। शीघ्र सड़क मरम्मत की मांग की।