Waqf Act 2025: गरीब-पिछड़े मुसलमानों के हित में है वक्फ संशोधन विधेयक, बोले BJP नेता- कानून को समझें
BJP News: भाजपा अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से वक्फ संशोधन बिल को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करेंगे। वे लोग मुस्लिम इलाकों में जाकर अल्पसंख्यक वर्ग को इस बिल की सही जानकारी देंगे।
विस्तार
Waqf Amendment Bill: वक्फ संशोधन बिल पर समाज में बनी भ्रांतियों को दूर करने के लिए सोमवार को भाजपा के जिला कार्यालय कार्यशाला हुई। इसमें कानून में हुए बदलावों के बारे में विस्तार से समझाया गया। कार्यकर्ताओं से इन बदलावों के बारे में गांव-गांव जाकर अल्पसंख्यक वर्ग तक सही जानकारी पहुंचाने का आह्वान किया गया।
मुख्य अतिथि काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल ने कहा कि वक्फ संशोधन विधेयक 2025 पसमांदा मुस्लिम व महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत करने में सहायक होगा। वक्फ इस्लामी कानून के अंतर्गत स्थापित एक अपरिवर्तनीय धर्मार्थ निधि है, जिसे भारत में वक्फ अधिनियम, 1995 के तहत मान्यता प्राप्त किया गया है।
वक्फ बोर्ड और उनके माध्यम से नियंत्रित संपतियां भारत में इस्लामिक जीवन के महत्वपूर्ण अंग हैं। बताया कि 2018 की केंद्रीय वक्फ परिषद रिपोर्ट के अनुसार, भारत में आठ लाख एकड़ से अधिक वक्फ संपत्ति है, जिसकी अनुमानित कीमत दस लाख करोड़ से अधिक है।
वक्फ कानून की दी पूरी जानकारी
यूपीए सरकार की ओर से प्रस्तुत वक्फ संशोधन अधिनियम 2013 ने वक्फ बोर्ड की शक्तियों का विस्तार कर मनमाने ढंग से भूमि अधिग्रहण को सक्षम करके संपत्ति के अधिकारों को कमजोर कर दिया। इसमें पारदर्शिता की कमी और हितधारकों की चिंताओं को नजर अंदाज करने के साथ ही बिना किसी नियम कानून के फैसले किए गए। इसके चलते इससे लाभान्वित होने वाला मूल वर्ग ही दूर हो गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल ने कहा कि सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता अपने-अपने मंडलों में वक्फ (संशोधन) अधिनियम 2025 के बारे में समाज के बीच जाकर चर्चा करें।
इस मौके पर भाजपा जिला प्रभारी अनिल सिंह, सदर विधायक भूपेश चौबे, पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रमेश मिश्रा, चिकित्सा प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक अशोक राय, अनुसूचित मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष अजीत रावत, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष कमलेश खांबे, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक मिश्रा, अजीत चौबे, धर्मवीर तिवारी, अल्पसंख्यक मोर्चा से फिरदौस, रफीक इम्तियाज आदि मौजूद रहे। संचालन जिला महामंत्री कृष्णमुरारी गुप्ता ने किया।