अनपरा। नगर के बजरंगनगर के लाल मैदान स्थित जिला संविदा श्रमिक यूनियन कार्यालय पर स्थानीय लोगों संबंधी बैठक हुई। इस दौरान डिबुलगंज स्थित संयुक्त चिकित्सालय के दुर्व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। समस्या के समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि संयुक्त चिकित्सालय में डॉक्टरों के आने कोई समय नहीं है। डॉक्टरों के पहुंचने के बाद मरीजों को ज्यादातर दवाएं बाहर की ही लिखी जाती है। साथ ही डॉक्टर अस्पताल में कम समय देकर अपने आवासों पर मरीजों को देखते हैं और महंगी जांच लिखकर मरीजों की जेब ढीली करते हैं। अस्पताल में मरीजों का एक्स-रे जल्दी नहीं किया जाता है। साथ ही अल्ट्रासाउंड मशीन होने के बावजूद रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती नहीं की जा रही है, जिससे मरीजों को बाहर ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। अस्पताल के विभिन्न समस्याओं को लेकर बुधवार को अस्पताल के सामने विरोध प्रदर्शन किया जाएगा और समस्याओं के समाधान के लिए ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। समस्याओं का समाधान न होने पर भविष्य में आंदोलन किया जाएगा। आगामी 10 अगस्त को डीएलसी पिपरी कार्यालय के सामने सामूहिक जेल भरो आंदोलन एवं जनता की समस्याओं को लेकर किया जाएगा। बैठक में सुरेंद्र पाल, गुड्डू उपाध्याय, नीलम देवी, रेखा, मीना, मनवस देवी, मुन्नी देवी, उत्तर प्रदेश बिजली इम्प्लाइज यूनियन के प्रांतीय महामंत्री विशंभर सिंह, आरती देवी एवं अन्य उपस्थित रहे।