सुल्तानपुर: चार सीटों पर फिर खिला कमल, एक सपा को, बसपा-कांग्रेस का फिर सफाया
सुल्तानपुर जिले में पांच में से चार सीटों पर भाजपा को जीत मिली है जबकि एक सीट सपा ने जीती। जिले में बसपा-कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सुल्तानपुर में विधानसभा चुनाव में जिले की पांच सीटों में चार पर फिर कमल खिला है। भाजपा व सपा ने वर्ष 2017 का रिकॉर्ड बरकरार रखा है, जबकि बसपा व कांग्रेस का एक बार फिर सफाया हो गया है। एक सीट पर सपा का कब्जा कायम है। गणना के दौरान इसौली विधानसभा क्षेत्र के दो बूथों की दोबारा काउंटिंग करानी पड़ी। इसी विधानसभा क्षेत्र के दो बूथों की कंट्रोल यूनिट खराब होने से दोनों बूथों की गणना वीवीपैट से करानी पड़ी। गणना को लेकर सपा प्रत्याशी व उनके समर्थकों ने कुछ देर हंगामा भी काटा। हालांकि अन्य विधानसभा क्षेत्रों की गणना गहमागहमी के बीच शांतिपूर्ण संपन्न हो गई।
मंडी परिषद में बनाए गए पांचों विधानसभा क्षेत्र के पंडाल में बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना शुरू हुई। सबसे पहले हुए बैलेट पेपर की मतगणना में भी भाजपा प्रत्याशी संघर्ष बनाए रहे। बैलेट पेपर की वजह से करीब आधे घंटे विलंब से ईवीएम के वोटों की गणना शुरू सकी। गणना के दौरान कादीपुर सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी राजेश गौतम शुरुआत से ही सपा प्रत्याशी भगेलूराम पर बढ़त बनाए रहे। आखिर में भाजपा प्रत्याशी राजेश गौतम में करीब 26063 वोटों के अंतराल से सपा प्रत्याशी पर जीत दर्ज की। भाजपा प्रत्याशी को 96,155 व सपा प्रत्याशी को 70,094 मत मिले। दोबारा जीत के साथ भाजपा ने इस सीट पर अपना कब्जा कायम रखा है। शुरुआती दौर की गणना में पिछड़ने के बाद लंभुआ में भाजपा प्रत्याशी सीताराम वर्मा ने सपा प्रत्याशी संतोष पांडेय को करीब 10 हजार के वोटों के अंतर से हराया है। भाजपा प्रत्याशी को 82,678 व सपा प्रत्याशी को 72,821 मत मिले हैं। जीत के साथ भाजपा ने इस सीट पर भी अपना कब्जा बरकरार रखा है।
सदर विधानसभा क्षेत्र में शुरुआत दौर में कांटे के मुकाबले के बाद भाजपा गठबंधन प्रत्याशी ने अपनी पकड़ मजबूत की। गणना की समाप्ति पर भाजपा प्रत्याशी राज प्रसाद उपाध्याय ने सपा प्रत्याशी अरुण वर्मा को करीब 15 हजार वोटों के अंतर से हराया। भाजपा गठबंधन प्रत्याशी ने जीत दर्ज करते हुए इस पर सीट पर भाजपा का कब्जा बरकरार रखा है। भाजपा प्रत्याशी राज प्रसाद उपाध्याय को 85,011 व सपा प्रत्याशी अरुण वर्मा को 69,022 वोट मिला है। सुल्तानपुर विधानसभा क्षेत्र में कांटे के संघर्ष में भाजपा प्रत्याशी विनोद सिंह ने सपा प्रत्याशी अनूप संडा को करीब 13 सौ मतों से हराया है। गणना के दौरान कभी सपा तो कभी भाजपा प्रत्याशी के आगे पीछे होने से दोनों की सांसें अटकी रहीं। भाजपा प्रत्याशी को 92,245 व सपा प्रत्याशी अनूप संडा को 90,857 मत मिला है।
इसौली विधानसभा क्षेत्र की गणना देर रात तक उलझी रही। एक बार भाजपा प्रत्याशी की जीत की सूचना बाहर आते ही भाजपा खेमे में जश्र शुरू हो गया। नतीजे के विरोध में कुछ बूथों की गणना नहीं कराने का आरोप लगाते हुए सपा प्रत्याशी के समर्थक मार्ग पर धरने पर बैठ गए। सपा प्रत्याशी ने दो बूथों की गणना नहीं कराए जाने का आरोप लगाया। बाद में उसकी दोबारा गणना कराई गई। इसके साथ ही वीवीपैट से दो बूथों की गणना कराई गई। गणना में बड़े कांटे के संघर्ष में सपा प्रत्याशी मो. ताहिर खां ने भाजपा प्रत्याशी ओमप्रकाश पांडेय बजरंगी को 269 मतों से शिकस्त दी है।
तहसीलदार बल्दीराय ने बताया कि सपा प्रत्याशी मो. ताहिर खां को 69,629 व भाजपा प्रत्याशी ओमप्रकाश पांडेय बजरंगी को 69,360 मत मिले। इसौली में जीत दर्ज करते हुए सपा ने सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा है। देर रात तक पांचों विजयी प्रत्याशियों को निर्वाचन अधिकारियों की ओर से प्रमाण पत्र वितरित कर दिया गया।