उन्नाव। दही चौकी स्थित केंद्रीय विद्यालय सहित चार केंद्रों पर आज नीट (यूजी) आज होगा। इसमें 1208 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा दोपहर दो बजे से पांच बजे एक ही पाली में होगी। इस दौरान केंद्रों के आसपास की फोटोकाॅपी की सभी दुकानें बंद रहेंगी।
पुलिस लाइन सभागार में डीएम घनश्याम मीणा व एसपी जयप्रकाश सिंह ने नीट परीक्षा को लेकर सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक की। डीएम ने कहा परीक्षा केंद्र में समय से पेपर पहुंच जाएं। सीसीटीवी कैमरे सुचारू रूप से संचालित हों। परीक्षा केंद्र में कोई संदिग्ध सामग्री नहीं जानी चाहिए। प्रत्येक केंद्र पर मेडिकल किट पहले से पहुंचा दिया जाए। केंद्र के आसपास एंबुलेंस की तैनाती रहे। बताया कि परीक्षा केंद्र में कहीं किसी भी स्थिति में मोबाइल प्रतिबंधित रहेगा। केंद्र के अंदर कोई भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस व अनुचित सामग्री नहीं जानी चाहिए।
कहा कि ट्रैफिक का संचालन ठीक ढंग से कराया जाए। आवश्यक जगह पर महिला पुलिस भी लगा दी जाए। एक्सईएन निर्बाध विद्युत आपूर्ति कराएं। बताया कि जनपद में चार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। डीएसएन कालेज, अटल बिहारी इंटर कालेज, पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय दही चौकी व राजकीय बालिका इंटर कालेज उन्नाव में कुल 1208 परीक्षार्थी, परीक्षा में प्रतिभाग करेंगे। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व सुशील कुमार गों, एएसपी अखिलेश सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।