बिछिया। कृषि उप निदेशक रवि चंद्र प्रकाश व जिला कृषि रक्षा अधिकारी भीमसेन ने बिछिया ब्लॉक मुख्यालय स्थित कृषि रक्षा इकाई और बीज भंडार का औचक निरीक्षण किया। बीज भंडार कक्ष पर ताला लगा मिलने पर नाराजगी जताई।
मंगलवार दोपहर दो बजे कृषि उप निदेशक व जिला कृषि रक्षा अधिकारी अचानक बीज भंडार कार्यालय पहुंचे। यहां ताला लगा देख प्रभारी बीज भंडार सचिन पाल, कंप्यूटर ऑपरेटर राम सिंह, बीटीएम अर्पित और एटीएम सतेंद्र से फोन पर जानकारी ली। ऑपरेटर रामसिंह ने खुद को जमुका बैंक में होने की बात कही तो उपनिदेशक ने सभी कर्मचारियों से लाइव लोकेशन मांगी। उपनिदेशक ने बीज भंडार के बाहर रखे इलेक्ट्रॉनिक तराजू की जांच की, साथ ही स्टॉक रजिस्टर चेक किया। वर्ष 2025 से रजिस्टर से अपडेट न मिलने पर कड़ी फटकार लगाई और उसे दुरुस्त कर अगले दिन कार्यालय में आकर दिखाने के निर्देश दिए।