सफीपुर। मियागंज ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत मखदूमपुर शाह सफी के मजरा बलदेवखेड़ा में तीन दिन पहले बारिश के दौरान सड़क पर पेड़ गिर गया था। इसे बृहस्पतिवार शाम तक नहीं हटाया जा सका। इससे छह गांवों के लोगों का आवागमन ठप है। दूसरी ओर क्षतिग्रस्त बिजली के छह पोल से गांव की बिजली आपूर्ति बंद है। इससे ग्रामीण परेशान हैं।
पिछले सोमवार को तेज बारिश के दौरान बलदेवखेड़ा निवासी शिवकुमार के घर के पास लगा नीम का पेड़ सड़क पर गिर गया था। इसकी चपेट में आकर बिजली के छह पोल टूट गए थे। इससे ऐनी खुर्द, ऐनी बुजुर्ग, कानखेड़ा, बंगलाखेड़ा, गोसाईखेड़ा व चंपाखेड़ा का आवागमन बाधित हो गया। पोल टूटने से बिजली गुल हो गई जो अभी तक सही नहीं हो पाई है। राम औतार, राम खेलावन, राहुल और सर्वेश ने बताया कि पेड़ गिने से तीन दिन से आवागमन पूरी तरह बंद है। ग्राम प्रशासक राहुल वर्मा ने बताया कि वन विभाग को सूचना दी गई है। डिप्टी रेंजर सुभाष चंद्र ने बताया कि बृहस्पतिवार को ही जानकारी मिली है। मौके पर बीट प्रभारी संजीव चौहान के साथ टीम भेजकर पेड़ को हटवाया जाएगा। जेई रामू लोधी का कहना है कि जब तक पेड़ नहीं हटाया जाएगा, तब तक वहां पोल नहीं लगाए जा सकते हैं। पोल मंगा लिए गए हैं। पेड़ हटते ही पोल लगाकर आपूर्ति बहाल कराई जाएगी।

फोटो-10-बलदेवखेड़ा में सड़क पर गिरा पेड़। संवाद