उन्नाव। औरास ब्लॉक के रामपुर गढ़ौवा उच्च प्राथमिक स्कूल में शनिवार को पूर्व छात्र सम्मेलन और सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें स्टेट हॉस्टल में चयनित छात्रा उपासना को एकेडमिक रिसोर्स पर्सन मनीष मिश्र ने साइकिल भेंट की।
करौंदी प्राथमिक स्कूल की प्रधान शिक्षिका लक्ष्मी यादव और सहायक शिक्षक विद्यासागर मिश्र ने इस पहल को छात्रों के लिए प्रेरणादायक बताया। मनीष मिश्र ने स्कूल के अनुशासन, शैक्षणिक वातावरण और टीम भावना की सराहना की। उन्होंने वर्तमान सत्र में हुए 50 नए नामांकन को उपलब्धि बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एथलीट खुशी ने की। सम्मेलन में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट में 70 फीसदी से अधिक अंक प्राप्त करने वाले लक्ष्मी, मोहिनी, पवन, सुधीर, नितिन तिवारी, ईनुस और अरमान को रजिस्टर, पेन और बैज देकर सम्मानित किया गया। पूर्व छात्रों ने वर्तमान छात्रों के साथ अपने अनुभव साझा किए और शिक्षकों द्वारा सिखाए गए मूल्यों को अपनाने पर जोर दिया। इस दौरान छात्रों की काउंसलिंग भी की गई। उपासना के अभिभावकों ने बेटी को मिले सम्मान पर प्रसन्नता व्यक्त की।