नवाबगंज। विकासखंड के जैतीपुर गांव में रविवार को महिला सुरक्षा, सम्मान एवं पारिवारिक सौहार्द को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बहू-बेटी सम्मेलन एवं चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें बहुओं को सास को मां जैसा सम्मान देने की सीख दी।
महिला थाना के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में गांव की सास-बहू, ननद-भाभी, मां-बेटियों और छात्राओं सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने प्रतिभाग किया। सोहरामऊ थानाध्यक्ष अरविंद पांडेय ने पारिवारिक संबंधों में प्रेम, सम्मान एवं आपसी विश्वास बनाए रखने की अपील की। कहा कि परिवार की बहू को सदैव बेटी के समान स्नेह दिया जाना चाहिए। बहू और बेटी में किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए, तभी एक स्वस्थ और खुशहाल समाज का निर्माण संभव है। पुलिस टीम ने चौपाल में मौजूद बहुओं को भी कर्तव्यों के प्रति प्रेरित किया। उन्हें सास को मां के समान सम्मान देने और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मधुर संबंध बनाए रखने की सीख दी। ग्रामीणों ने पारिवारिक सौहार्द बनाए रखने और महिलाओं के सम्मान की रक्षा करने का संकल्प लिया।