पाटन। बिहार-बक्सर मार्ग पर बिना नंबर प्लेट के ओवरलोड डंपरों पर कार्रवाई न होने से नाराज वीरा मार्शल आर्मी के सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को भगवंत नगर के आरआरबीएन कॉलेज खेल मैदान में प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर पहुंचे तहसीलदार ने कार्रवाई का आश्वासन दिया।
कार्यकर्ताओं ने बताया कि 30 अप्रैल को तहसील मुख्यालय में धरना प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा था। एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी डंपरों की धमाचौकड़ी पर कार्रवाई नहीं हुई। प्रदर्शन की सूचना पर तहसीलदार गणेश सिंह पहुंचे और मार्ग के चिह्नित स्थानों पर स्पीड ब्रेकर बनवाने के लिए पीडब्ल्यूडी को पत्र लिखने का आश्वासन दिया। पीडब्ल्यूडी जेई अभिनेश कुमार ने भी स्पीड ब्रेकर बनवाने और मार्ग के चौड़ीकरण के लिए विभागीय उच्चाधिकारियों को पत्र लिखने की बात कही। इस दौरान पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष कृष्ण कुमार भारती, दीपक नारायण सोनी, मानवेंद्र सिंह, रवींद्र कुमार, बीरू पांडेय, जयदीप, राजन, अमित कुमार, ओमप्रकाश साहू, प्रखर सिंह, भोला पांडेय और निर्मल सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।