खून की होली!: रंग नहीं खून से 87 चेहरे लाल...48 घंटे में एक की हत्या, हादसों में 4 लोग मरे; हंगामे के बाद FIR
Varanasi Crime: होली पर हुड़दंग के दाैरान घायल और माैत के मामले भी सामने आए। कई परिवार में त्योहार की खुशियां मातम में बदल गई थीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा। वहीं, मृतकों की लाश को कब्जे में ले लिया।
विस्तार
Varanasi News: होली पर 48 घंटे में जिले में अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की जान चली गई, दो लोगों पर चाकू से हमला हुआ जबकि 87 लोग मारपीट और झगड़ों में घायल हुए। पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में 18 मामलों में तहरीर और प्राथमिकी दर्ज की। ग्रामीण इलाकों में भी रंग लगाने, डीजे और रंजिश में विवाद और मारपीट हुई।
सिंधोरा थाना क्षेत्र में डीजे पर गाने को लेकर विवाद में एक अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि चोलापुर और रोहनिया थाना क्षेत्र में तीन लोग की सड़क हादसे में जान चली गई। सिंधौरा थाना क्षेत्र के बुची गांव में शराब के नशे में धुत मनबढ़ों ने 56 साल के त्रिलोकी राम को बेरहमी से पीटा, इलाज के दौरान अस्पताल में उनकी मौत हो गई।
आरोप है कि डीजे पर गाने लगाने को लेकर विवाद हुआ था। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि गांव के ही नरमुं, गुड्डू राजा, संदीप कुमार और गोविंदा के खिलाफ परिजनों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।
चोलापुर थाना क्षेत्र के धरसौना निवासी रोहित की सड़क हादसे में मौत हो गई। पुलिस को तहरीर में चचेरे भाई जितेंद्र भारद्वाज ने आरोप लगाया कि रोहित भारद्वाज घर के पास खड़ा था। धरसौना निवासी प्रिंस मोदनवाल खुली जीप से आया और जानबूझ कर चढ़ा दिया।
परिजनों में मचा कोहराम
आक्रोशित परिजनों ने थाने पर जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची एसीपी सारनाथ ने आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत कराया। मृतक की पत्नी पिंकी का आरोप है कि पति की हत्या की गई है। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज की। आरोपी को गरमथा मोड़ से गिरफ्तार कर लिया गया है।
उधर, पूरेधू शाह निवासी मनीष कुमार (22) बाइक से बिना हेलमेट के बहन के घर खालीसपुर जौनपुर जा रहा था। चंदवक के पास बाइक अनियंत्रित होकर दीवार से टकराई गई। मनीष के सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। मां-पिता का रोकर हाल बेहाल है। मनीष दो भाइयों में छोटा था।
पुलिस ने की कार्रवाई
रोहनिया थाना क्षेत्र के मलहलिया लंका निवासी अनीता देवी अपने बेटे अभय (8) के साथ मायके सरवनपुर जा रही थी। आरोप है कि ऑटो चालक नशे में था और खंभे से जा टकराया। हादसे में मा-बेटे दोनों घायल हो गए। इलाज के दौरान अभय की मौत हो गई। इकलौते बेटे की मौत के बाद परिजन बेसुध रहे। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि ऑटो को जब्त कर चालक की तलाश की जा रही है।
गंगापुर रोहनिया मार्ग पर बुधवार को बाइक सवार बलिरामपुर निवासी दीपक और रोहनिया निवासी धर्मेंद्र धरकार दाउदपुर के पास खंभे से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को निजी अस्पताल भेजा। जहां से दोनों को बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान दीपक की मौत हो गई।
मातम में बदलीं त्योहार की खुशियां
मृतक चार बहनों में इकलौता भाई था। पिता संतोष कुमार, माता शीला देवी सहित परिजन बेसुध हैं। शीला देवी रोहनिया बाजार में सब्जी बेचती हैं। दीपक भी दुकान पर बैठता था, उसकी शादी नहीं हुई थी। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं, रथयात्रा चौराहे के पास बुधवार को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन से घायल भेलूपुर थाना क्षेत्र के विरदोपुर निवासी कन्हैया लाल को मंडलीय अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
चौकाघाट के पास साईकिल से जा रहे जगतगंज निवासी अरुन विश्वकर्मा (45) वर्ष ऑटो के धक्के से घायल हो गया। लोहता थाना क्षेत्र के रिंग रोड फेज-2 पर खेवशीपुर गांव के सामने बृहस्पतिवार को दो वाहनों की टक्कर में दो लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान चालक प्रीतम जोशी, मिर्जापुर और अभिषेक राय, चंदापुर मिर्जापुर के रूप में हुई। थाना प्रभारी राजबहादुर मौर्य ने बताया कि परिजनों को जानकारी दे दी गई है।
अस्सी घाट पर 10 साल में होली पर 41 बार मारपीट
अस्सी घाट पर भी होली के दौरान कई बार विवाद की स्थिति बन चुकी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दस वर्षों में होली के दिन मारपीट और झड़प की 41 घटनाएं दर्ज की जा चुकी हैं। अधिक भीड़, नशा और बाहरी युवकों की मौजूदगी को मुख्य कारण माना गया। जबकि पास में ही पुलिस चौकी है। स्थानीय और बाहरियों के बीच अकसर मारपीट की घटनाएं होती हैं।
