Azamgarh News: भूमि विवाद में जमकर मारपीट, दो महिलाओं समेत तीन घायल; वायरल वीडियो की जांच में पुलिस
Azamgarh News: भूमि विवाद को लेकर हुए विवाद में दो महिलाओं समेत तीन लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने घर का ताला तोड़ने और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए चार लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस उसकी जांच में जुट गई है। आरोपियों की तलाश जारी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP News: अतरौलिया थाना क्षेत्र के जमीन अगया गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुए मारपीट में दो महिलाओं समेत तीन लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित पक्ष की शशिकला चौबे पत्नी धर्मेंद्र चौबे ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि बुधवार दोपहर करीब दो बजे पुरानी जमीनी रंजिश के चलते रामप्रसाद चौबे, उनके पुत्र चंदन, रोशन और अंकित लाठी-डंडा, कुल्हाड़ी और अन्य हथियारों से लैस होकर उनके घर पहुंच गए।
आरोपियों ने घर का ताला तोड़ने का प्रयास किया और विरोध करने पर महिलाओं के साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचीं संतरा देवी भी हमले में घायल हो गईं। परिजनों के अनुसार उनके सिर पर वार किया गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
मारपीट में एक युवक भी घायल हुआ है। पीड़ित पक्ष के इंद्रजीत चौबे ने बताया कि विवादित मकान की रजिस्ट्री वर्ष 2024 में उनके पक्ष में हुई थी और वे लंबे समय से उस पर काबिज हैं। उनका आरोप है कि विपक्षी पक्ष ने बाद में कथित तौर पर दूसरी रजिस्ट्री कराकर मकान पर कब्जा करने का प्रयास किया।
उन्होंने कहा कि घटना के समय घर के पुरुष सदस्य बाहर थे, जिसका लाभ उठाकर आरोपियों ने हमला किया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान महिलाओं के गहने छीने गए। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग ताला तोड़ते और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।
थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि पीड़िता की तहरीर और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। वायरल वीडियो की भी जांच कराई जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है। गांव में फिलहाल स्थिति सामान्य बनी हुई है।