सीयूईटी: पीजी में दाखिले के लिए आज से प्रवेश परीक्षाएं, 6 से 27 मार्च तक होंगे पेपर; NTA ने भेजे प्रवेश पत्र
Varanasi News: सेंट्रल यूनिवर्सिटी एलिजबिलिटी टेस्ट शुरू करवाने के लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। 10 मार्च तक होने वाली प्रवेश परीक्षाओं के लिए अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं।
विस्तार
बीएचयू समेत केंद्रीय विश्वविद्यालयों में पीजी में दाखिले के लिए सीयूईटी (सेंट्रल यूनिवर्सिटी एलिजबिलिटी टेस्ट) पीजी की शुरुआत शुक्रवार से हो रही है। 27 मार्च तक कराई जाने वाली प्रवेश परीक्षाओं के लिए प्रवेश पत्र भी जारी किए जा रहे हैं। फिलहाल 10 मार्च तक होने वाली प्रवेश परीक्षाओं के लिए अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं।
केंद्रीय विश्वविद्यालयों में यूजी-पीजी में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षाओं की जिम्मेदारी एनटीए यानी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी को मिली है। दोनों कोर्स में ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब प्रवेश परीक्षाएं शुरू होने जा रही हैं। इसमें एनटीए की ओर से सबसे पहले 6 से 27 मार्च तक सीयूईटी कराने का निर्णय लिया है और इसका टाइमटेबल भी जारी कर दिया है।
एनटीए की ओर से सीबीटी यानी कंप्यूटर बेस्ट टेस्ट कराया जाना है। इसे लेकर केंद्र निर्धारण के साथ ही अन्य तैयारियां भी पूरी हो चुकी हैं। एनटीए की ओर से 6 से 13 मार्च तक हर दिन प्रवेश परीक्षाएं कराई जाएंगी। इसके अलावा 16 से 19 मार्च और 24-25 व 27 अप्रैल को भी प्रवेश परीक्षाएं होंगी। इस बारे में अभ्यर्थियों को एनटीए की ओर से प्रवेश पत्र भेजे जाने के साथ ही जरूरी गाइडलाइन भी भेज दी गई हैं।
बीएचयू में हैं 10 हजार सीटें
बीएचयू के मुख्य कैंपस से लेकर इससे संबद्ध महाविद्यालयों को मिलाकर पीजी में कुल 10 हजार सीटें हैं। एनटीए की ओर से प्रवेश परीक्षा कराने के बाद परिणाम जारी किया जाता है। इसके बाद रैंक के अनुसार मेरिट सूची भी बनती है। प्रवेश के नियमानुसार विश्वविद्यालय स्तर पर गठित केंद्रीय प्रवेश समिति की देखरेख में काउंसिलिंग से ही दाखिला होता है। अब 27 मार्च तक प्रवेश परीक्षा के बाद परिणाम जैसे ही जारी होगा, बीएचयू में दाखिले की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी।
