Varanasi News: 24 घंटे में पांच लोगों की मौत, कहीं डूबने से गई जान; वाहन ने मारी टक्कर; कहीं ट्रेन से कटे
Varanasi News: जिले के अलग- अलग इलाकों में 24 घंटे में पांच लोगों की मौत हुए। इनमें से मार्कंडेय महादेव घाट पर गंगा स्नान करते समय एक युवक डूब गया। वहीं ट्रेन से गिरकर एक व्यक्ति की मौत हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी में 24 घंटे में अलग-अलग मामलों में पांच मौत की घटनाएं सामने आईं। चौबेपुर थाना क्षेत्र के कैथी स्थित मार्कंडेय महादेव घाट पर बृहस्पतिवार सुबह गंगा स्नान के दौरान सौरभ तिवारी (30) निवासी रिश्ती सादात, गाजीपुर की मौत हो गई। वह अपनी मां कुसुम तिवारी के साथ गंगा स्नान और मार्कंडेय महादेव के दर्शन करने आया था। सुबह नौ बजे स्नान के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। गोताखोरों ने 25 मिनट बाद शव को बाहर निकाला। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि हादसा गहरे पानी में पैर फिसलने से हुआ।
वहीं, सारनाथ थाना क्षेत्र के खलिसपुर में बुधवार रात संदिग्ध हालात में छत से गिरकर राजेश (45) निवासी खंडवा, मध्य प्रदेश की मौत हो गई। राजेश खलिसपुर में किराये के मकान में रहकर मजदूरी करता था। बुधवार रात खाना खाने के बाद वह छत पर सोने चला गया था। बृहस्पतिवार सुबह नीचे नहीं आने पर पड़ोसियों ने खोजबीन की तो मकान के नीचे उसका शव पड़ा मिला। राजेश शराब का आदी बताया गया।
आशंका जताई जा रही है कि देर रात लघुशंका के दौरान नशे में संतुलन बिगड़ने से वह छत से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला छत से गिरने का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सारनाथ थाना क्षेत्र के पंचक्रोशी चौराहे के पास बृहस्पतिवार को चलती ट्रेन से गिरकर एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने शव की पहचान का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। मृतक के हाथ पर महादेव का टैटू बना है। पुलिस के अनुसार, रेलवे क्रॉसिंग के समीप पिलर नंबर 199/5 के पास शव मिला। जांच में शरीर पर चोट के विशेष निशान नहीं मिले। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति चलती ट्रेन से गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें; नई दिशा: कॅरिअर चुनने से पहले खुद का करें आकलन, रोज पढ़ें अखबार; विद्यार्थियों को किया गया जागरूक
सारनाथ थाना क्षेत्र के हवेलिया चौराहे के पास बुधवार रात एंबुलेंस की चपेट में आने से स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जैतपुरा के जलालीपुरा निवासी मो. अयूब स्कूटी से सारनाथ से अपने घर लौट रहे थे। आशापुर की ओर से आ रही एंबुलेंस ने उन्हें टक्कर मार दी। लोगों की मदद से पुलिस उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सारनाथ ले गई, जहां हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल रेफर कर दिया। बृहस्पतिवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने चालक सिंधौरा निवासी देवा कुमार को हिरासत में लिया है। थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मृतक के भाई मो. इरफान की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
बड़ागांव थाना क्षेत्र के बड़ागांव-बसनी मार्ग पर शहीद गेट के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार राजकुमार (35) की मौत हो गई। जबकि पीछे बैठा संतोष कुमार (32) घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत भाग निकला। जानकारी के अनुसार, नामापुर गांव में ससुराल में रह रहे राजकुमार पड़ोसी संतोष कुमार के साथ वैवाहिक कार्यक्रम से बाइक से लौट रहे थे। विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में चिकित्सकों ने राजकुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि संतोष का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतक राजकुमार नेवढ़िया थाना क्षेत्र के खेतापुर गांव का निवासी था। उसके दो पुत्र हैं। घटना के बाद पत्नी निशा समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि वाहन की तलाश की जा रही है।