UP: पूर्व मंत्री रामाश्रय ने कहा- FIR दर्ज करने, जांच में बरती गई लापरवाही; किशोरी की मौत पर सियासी तंज
Ghazipur News: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के कटरिया गांव में किशोरी की संदिग्ध माैत के बाद पूरा इलाका छावनी में तब्दील है। मंगलवार की सुबह सपा का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिला। इसके बाद सपा नेता ने वर्तमान सरकार पर सियासी तंज किया।
विस्तार
UP Politics: गाजीपुर के करंडा थाना क्षेत्र के कटरिया गांव में हुई किशोरी की संदिग्ध मौत के मामले में सियासत तेज होती जा रही है। मंगलवार को परिजनों से मुलाकात कर लौटे समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने जांच प्रक्रिया को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं।
सपा कार्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे पूर्व मंत्री रामाश्रय विश्वकर्मा ने कहा कि पार्टी का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से सकुशल मिला और इस दौरान प्रशासन का सहयोग भी सकारात्मक रहा। उन्होंने बताया कि मुलाकात के दौरान परिजनों ने कुछ महत्वपूर्ण तथ्य सामने रखे हैं, जिनके आधार पर प्रशासन से आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पोस्टमार्टम के दौरान बिसरा सुरक्षित नहीं किया गया और सीमेन की जांच भी नहीं कराई गई, जिससे दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हो सकी। इन बिंदुओं को प्रतिनिधिमंडल ने डीआईजी वैभव कृष्ण और जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के समक्ष रखा, जिस पर अधिकारियों ने आवश्यक जांच कराने का आश्वासन दिया है।
सरकार पर किया सियासी तंज
रामाश्रय विश्वकर्मा ने कहा कि जब तक सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का कार्यक्रम प्रस्तावित नहीं हुआ था, तब तक प्रशासन मामले को दबाने में लगा था। लेकिन कार्यक्रम तय होते ही सरकार सक्रिय हुई और पीड़ित परिवार को सहायता उपलब्ध कराई गई।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार ने चार लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी की मांग की थी, लेकिन पुलिस ने केवल दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और बाकी दो के नाम हटा दिए। दर्ज मुकदमे में भी अब तक केवल एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई है, जबकि दूसरा आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल अपनी पूरी रिपोर्ट जल्द ही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को सौंपेगा और मामले में निष्पक्ष जांच की मांग जारी रखेगा। इस अवसर पर सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, सपा महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर के अलावा सदर विधायक जै किशन साहू और रीता विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।
