UP: हॉस्टल परिसर में मिली नर्सिंग छात्रा की लाश, मोबाइल गायब, मौत से पहले क्या हुआ; पुलिस खंगाल रही हर कड़ी
Varanasi News: सारनाथ के एक अपार्टमेंट परिसर में 19 वर्षीय नर्सिंग छात्रा फलक खान का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला। छात्रा के निजी अंग से रक्तस्राव हुआ था और उसका मोबाइल फोन गायब है। पुलिस ने शव का पैनल से पोस्टमार्टम कराया है। सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल खंगालकर मामले की जांच की जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi Crime: सारनाथ क्षेत्र स्थित एक अपार्टमेंट परिसर में बुधवार को 19 वर्षीय नर्सिंग छात्रा का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से सनसनी फैल गई। छात्रा के मोबाइल फोन का गायब होना और शव पर मिले संदिग्ध हालात पुलिस जांच का केंद्र बन गए हैं। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) के आधार पर मौत के कारणों की पड़ताल कर रही है।
मृतका फलक खान चंदौली के बलुआ थाने में तैनात सिपाही अब्दुल कादिर खान की पुत्री थी। परिवार सारनाथ थाना परिसर स्थित पुलिस कॉलोनी में रहता है। फलक शिव सर्जिकल नर्सिंग होम के जीएनएम द्वितीय वर्ष की छात्रा थी।
परिजनों के अनुसार, बुधवार सुबह वह घर से कॉलेज जाने की बात कहकर निकली थी। बताया गया कि वह दो लोगों का टिफिन लेकर सारनाथ स्थित एक पांच मंजिला अपार्टमेंट पहुंची, जहां बॉयज हॉस्टल संचालित होता है। सुबह करीब 11:30 बजे भवन में शॉर्ट सर्किट के कारण बिजली बाधित हो गई। मरम्मत के लिए पहुंचे इलेक्ट्रीशियन ने लौटते समय सीढ़ियों के नीचे छात्रा को लहूलुहान हालत में पड़ा देखा। इसके बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस कर रही जांच
स्थानीय लोगों और गार्ड की मदद से छात्रा को तत्काल शिव सर्जिकल नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को मौके से छात्रा का बैग, एप्रन और अन्य सामान मिला, लेकिन मोबाइल फोन नहीं मिला है। यही तथ्य जांच को नई दिशा दे रहा है।
प्रारंभिक जांच में छात्रा के शरीर पर चोट के निशान और निजी अंग से रक्तस्राव की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों को लेकर कोई निष्कर्ष पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही निकाला जाएगा।
थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए दो डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है तथा पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जा रही है। पुलिस छात्रा के मोबाइल की तलाश के साथ उसकी कॉल डिटेल और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। फिलहाल छात्रा की मौत को लेकर कई सवाल अनुत्तरित हैं, जिनके जवाब जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे।