कलह बना मौत का कारण: युवक ने उठाया खौफनाक कदम, दो साल की बेटी और पत्नी बेसुध; पहुंची पुलिस
Varanasi News: मिर्जामुराद के गौर गांव निवासी युवक ने पारिवारिक विवाद से आहत होकर विषाक्त पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। कान्हा सैलून संचालक था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News: मिर्जामुराद क्षेत्र के गौर गांव में गृह कलह से परेशान एक युवक ने विषाक्त पदार्थ खाकर आत्मघाती कदम उठा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गौर गांव निवासी कान्हा शर्मा (25) पुत्र रामशंकर शर्मा का बुधवार सुबह किसी बात को लेकर परिवार के सदस्यों से विवाद हो गया। बताया जाता है कि विवाद के बाद वह काफी परेशान और तनावग्रस्त हो गया। इसी बीच उसने घर में रखा कोई विषाक्त पदार्थ खा लिया। कुछ समय बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी तो परिजनों को घटना की जानकारी हुई।
परिजन आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों में मचा कोहराम
कान्हा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों के अनुसार उसकी शादी करीब तीन वर्ष पूर्व हुई थी। उसके परिवार में पत्नी और दो वर्ष की एक पुत्री है। कान्हा स्थानीय बाजार में सैलून की दुकान संचालित कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह दो भाइयों में सबसे छोटा था।
युवक की असमय मौत से मां गुड्डी देवी, पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है। आसपास के लोगों ने बताया कि कान्हा मेहनती और मिलनसार स्वभाव का था।
सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी।