UP: साहब! माता-पिता विकलांग हैं, विपक्षी कब्जा रहे जमीन, नहीं बन पा रहा घर; समस्या के समाधान का भरोसा
Sonbhadra News: सोनभद्र में आयोजित थाना समाधान दिवस में सबसे अधिक मामले जमीन विवाद से जुड़े पहुंचे। एक दिव्यांग दंपती ने शिकायत की कि विपक्षी उनकी जमीन पर कब्जा कर रहे हैं, जिससे वे घर नहीं बना पा रहे। कई फरियादियों ने न्यायालय के आदेशों का पालन न होने की भी शिकायत की। पुलिस-प्रशासन ने समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP News: साहब! मेरे माता-पिता विकलांग हैं। इसका फायदा उठाकर विपक्षी लगातार उसकी जमीन पर कब्जा जमाने की कोशिश में लगे हुए हैं। इसके चलते वह अपनी ही जमीन पर घर नहीं बना पा रहा है।
राॅबटर्सगंज कोतवाली क्षेत्र के कम्हारी निवासी श्यामसुंदर विश्वकर्मा ने शनिवार को सदर कोतवाली में लगे समाधान दिवस में पहुंचकर मदद की गुहार लगाई। कहा कि वह कई बार फरियाद लगा चुका है लेकिन उसे राहत नहीं मिल पा रही है। सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने पुलिस-राजस्व की संयुक्त टीम गठित कर समाधान का भरोसा दिया।
इसी तरह राॅबटर्सगंज ब्लॉक के बहुअरा निवासी रामनारायण की शिकायत थी कि उनकी जमीन पर गांव के ही कुछ लोग जबरिया कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। न्यायालय ने अस्थाई निषेधाज्ञा आदेश भी पारित कर रखा है। बावजूद विपक्षियों पर इसका फर्क पड़ता नहीं दिखाई दे रहा। उन्हें भी मौके पर टीम भेजकर राहत का भरोसा दिया गया।
इसी तरह कई और ने फरियाद लगाई। सबसे ज्यादा मामले जमीन विवाद के ही आए। सुनवाई कर रहे सीओ-थानाध्यक्षों ने इस बात का प्रयास किया कि पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों के जरिए ज्यादा से ज्यादा मसलों का हल निकाल लिए गए। बावजूद अधिकांश प्रकरणों का निबटारा इस बार भी चुनौती भरा ही साबित हुआ।
बताया गया कि शनिवार को पुलिस विभाग से संबंधित कुल पांच प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। वहीं पूर्व में पुलिस विभाग से संबेंधित शिकायतों में 23 लंबित पड़ी थीं। इन सभी की सुनवाई करते हुए 14 प्रकरणों का निस्तारण कर दिया गया। शेष के लिए संबंधितों को निर्देश दिए गए। इसी तरह राजस्व विभाग से संबंधित कुल 222 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए उनमें से 84 का ही मौके पर निस्तारण हो सका। शेष मामलों के जल्द निस्तारण के लिए जरूरी हिदायतें दी गईं।