PM Modi Kashi Visit: काशी में अब तक का सबसे लंबा 14 किमी का रोड शो करेंगे PM, महिलाओं से संवाद; सुरक्षा अलर्ट
Varanasi News: प्रधानमंत्री मोदी के आगमन को लेकर वाराणसी में लगभग सारी तैयारियां हो चुकी हैं। प्रमुख चाैराहों और तिराहों पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। पीएम के आगमन और रोड शो को लेकर सीपी मोहित अग्रवाल ने मातहतों को निर्देशित किया है। इसके पहले सीएम योगी ने भी सुरक्षा का जायजा लिया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
PM Modi Varanasi Visti: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काशी में अब तक का सबसे लंबा करीब 14 किलोमीटर रोड शो करेंगे। इससे पहले पीएम मोदी ने 23 मई 2024 को बीएचयू से दशाश्वमेध तक पांच किलोमीटर लंबा रोड शो किया था। प्रधानमंत्री ने 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में भी रोड शो किया था लेकिन रूट इतना लंबा नहीं था।
प्रधानमंत्री दो दिवसीय दौरे पर 28 अप्रैल को काशी आ रहे हैं। पहले दिन बरेका में 40 हजार महिलाओं से सीधा संवाद करेंगे। जनसभा करके विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। 29 अप्रैल की सुबह नौ बजे श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन करेंगे।
इससे पहले प्रधानमंत्री ने 2024 के लोकसभा चुनाव में जीत के बाद 18 जून 2024 को श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन किए थे। यानी एक साल दस महीने बाद श्री काशी विश्वनाथ मंदिर मेंे दर्शन करेंगे।
प्रधानमंत्री 29 अप्रैल की सुबह आठ बजे बीएलडब्ल्यू से मंडुवाडीह, लहरतारा होकर पुलिस लाइन चौराहा जाएंगे, फिर लहुराबीर से मैदागिन चौराहा होकर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर तक रोड शो करेंगे। यह रास्ता करीब एक घंटे में तय होगा। प्रधानमंत्री का शहर के पांच स्थानों पर स्वागत किया जाएगा। हर स्थान पर करीब तीन हजार लोगों की मौजूदगी रहेगी।
एयरपोर्ट पर एएसएल की बैठक में सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी दौरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं। बाबतपुर एयरपोर्ट पर एसपीजी ने स्थानीय पुलिस व जिला प्रशासन के साथ एएसएल की उच्चस्तरीय बैठक कर सुरक्षा तैयारियों की गहन समीक्षा की। बैठक में बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से बरेका परिसर तक करीब 25 किलोमीटर लंबे रूट का निरीक्षण किया गया।
40 हजार महिलाओं के लिए बरेका में जर्मन हैंगर तकनीक से तैयार हो रहा पंडाल
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को ध्यान में रखकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पूरे शहर को चमकाने का काम प्रशासन कर रहा है। बरेका में जर्मन हैंगर तकनीक से पंडाल तैयार किया जा रहा है। केसरिया रंग से पूरे पंडाल को सजाया जा रहा है।
गर्मी को ध्यान में रखते हुए ऊंचाई के साथ-साथ यहां एसी, कूलर और पंखों का पर्याप्त इंतजाम किया जा रहा है। 40 हजार महिलाओं के बैठने की व्यवस्था बनाई जा रही है। इसके लिए आठों विधानसभाओं को लक्ष्य दिया गया है। जगह-जगह हो रही पेंटिंग के तहत बरियासनपुर के डॉ. शशिकांत सिंह पीजी कॉलेज की छात्राएं बैरिकेडिंग पर महाराष्ट्र की लोककला ‘वर्ली’ से संबंधित चित्र बना रही हैं।
एसपीजी पहुंची... संभाली बरेका और एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था
प्रधानमंत्री मोदी के 28 अप्रैल को प्रस्तावित दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। एसपीजी की टीम ने शहर में डेरा डाल दिया है। एसपीजी अधिकारियों ने सबसे पहले बरेका ग्राउंड, जहां पीएम की सभा होनी है, वहां पहुंचकर निरीक्षण किया। इसके बाद गेस्ट हाउस की गहन जांच की। इस बाबत पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि टीम ने लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और प्रस्तावित रोड मार्गों का भी गहन निरीक्षण किया।
पीएम 6269 करोड़ की 160 योजनाओं की देंगे सौगात
प्रधानमंत्री 6269.86 करोड़ की 160 योजनाओं की सौगात देंगे। इनमें 1052.89 करोड़ की 48 योजनाओं का लोकार्पण और 5216.17 करोड़ की 112 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। प्रमुख परियोजनाओं में 15 किमी गंगा पर नया रेल-सड़क पुल, रामनगर में पेयजल, सीवर नेटवर्क, 500 बेड मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का निर्माण, 23 विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, बीएचयू जी+4 हॉस्टल, हिंदी संस्थान भवन व छात्रावास का निर्माण, अस्सी, दशाश्वमेध की योजनाएं शामिल हैं।
यहां होगा स्वागत
- बनारस रेलवे स्टेशन के सामने
- पुलिस लाइन चाैराहा
- लहुराबीर चाैराहा
- मैदागिन चाैराहा
- श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के पास
पीएम नरेंद्र मोदी का पांच स्थानों पर स्वागत किया जाएगा। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बीएलडब्ल्यू से श्रीकाशी विश्वनाथ धाम तक रूट को सजाया गया है। - दिलीप पटेल, क्षेत्रीय अध्यक्ष, भाजपा काशी क्षेत्र

कमेंट
कमेंट X