UP: विंध्यवासिनी मंदिर में अंदर से मेन गेट तक साथी को पीटते हुए ले गया पुरोहित, काॅलर पकड़कर जमीन पर पटका
Mirzapur News: मिर्जापुर के मां विंध्यवासिनी मंदिर परिसर में दर्शन कराने को लेकर दो पुरोहितों के बीच मारपीट हो गई। विवाद थाने तक पहुंचा, जहां दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया। घटना के दौरान श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी रही। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद मारपीट होने से मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मां विंध्यवासिनी मंदिर परिसर में गुरुवार सुबह दो पुरोहितों के बीच हुए विवाद ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। दर्शन कराने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि एक पक्ष ने दूसरे पुरोहित की मंदिर परिसर से परिक्रमा पथ होते हुए मुख्य द्वार तक पिटाई की। घटना के दौरान पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहे, लेकिन प्रभावी हस्तक्षेप नहीं कर सके। बाद में मामला थाने पहुंचा, जहां दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया।
जानकारी के अनुसार पुरोहित अजय दुबे किसी श्रद्धालु को गर्भगृह में दर्शन करा रहे थे। इसी दौरान दूसरे पुरोहित अमन गिरी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। दोनों जब गर्भगृह से बाहर निकले तो विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। प्रारंभिक झड़प के दौरान मौजूद पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही देर बाद दोनों पक्षों के समर्थक भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद फिर से मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि अमन गिरी की मंदिर परिसर से लेकर परिक्रमा पथ और मुख्य द्वार तक पिटाई की गई। इस दौरान मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मंदिर की व्यवस्था भी प्रभावित हुई।
मारपीट में घायल अमन गिरी ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत कराई, जिसके बाद आपसी सहमति से विवाद का निपटारा कर लिया गया। हालांकि घटना ने मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
थानाध्यक्ष अजीत सिंह ने बताया कि दर्शन कराने के दौरान हटाने की बात को लेकर दोनों पुरोहितों में विवाद हुआ था। अजय दुबे एक वीआईपी श्रद्धालु को दर्शन करा रहे थे, इसी दौरान अमन गिरी से कहासुनी हो गई। अमन गिरी ने तहरीर दी थी, लेकिन बाद में दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया।