Varanasi News: बीएचयू में पत्थरबाजी करने वालों की हुई पहचान, 40 अज्ञात और 6 पर FIR; तीन दिन बाद कार्रवाई
Varanasi News: वाटर कूलर की मांग को लेकर धरने के ठीक बाद कुछ छात्र वहीं सड़क जाम कर बर्थडे केक काटने की जिद पर अड़ गए। वार्डेन ने ऐसा न करने की अपील की फिर भी छात्र नहीं माने और उग्र होकर सुरक्षाकर्मियों को पानी की बोतल फेंककर मारने लगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News: काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के बिरला ‘ए’ छात्रावास के बाहर 19 अप्रैल को हुए पत्थरबाजी और मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। चीफ प्रॉक्टर की तहरीर पर लंका थाने में एक अज्ञात समेत छह नामजद छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों में ओम शुक्ला, समर्थ शर्मा, प्रियांश प्रिसम, प्रनव नारायण, हिमांशु सिंह और एक अन्य शामिल हैं। सभी पर छह धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
हालांकि, नामजद आरोपियों का पता अभी तक नहीं चल सका है। तहरीर में करीब 40 अज्ञात छात्रों के शामिल होने की भी बात कही गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए वीडियो फुटेज खंगाल रही है और कई संदिग्धों को चिह्नित किया गया है।
घटना के संबंध में बताया गया कि बिरला ‘ए’ छात्रावास में वाटर कूलर की मांग को लेकर छात्र धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। धरना समाप्त होने के बाद कुछ छात्र वहीं सड़क जाम कर जन्मदिन का केक काटने की जिद पर अड़ गए। वार्डेन ने छात्रों को ऐसा न करने की सलाह दी, लेकिन वे नहीं माने और आक्रोशित हो गए।
आरोप है कि छात्रों ने सुरक्षाकर्मियों पर पानी की बोतलें फेंकनी शुरू कर दीं और इसके बाद छात्रावास के अंदर से पथराव किया। अचानक हुए पथराव से अफरातफरी मच गई और कई सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। इस दौरान एक सुरक्षाकर्मी परमहंस यादव को गंभीर चोट आई, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रॉक्टोरियल बोर्ड और पुलिस मौके पर पहुंची। हालात को काबू में करने के लिए सुरक्षाकर्मियों ने लाठी लेकर छात्रों को खदेड़ा और उन्हें छात्रावास के अंदर तक वापस जाने पर मजबूर किया।
बताया गया कि शाम के समय 15 से 20 छात्रों ने छात्रावास के सामने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया था। छात्रों का कहना था कि हॉस्टल में लगे आरओ की क्षमता कम है, जिससे उन्हें पीने के पानी की समस्या हो रही है। चीफ प्रॉक्टर ने बताया कि घटना से जुड़े कई लोगों को वीडियो के आधार पर चिन्हित कर लिया गया है और उनकी फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

कमेंट
कमेंट X