UP: भीषण आग...डेढ़ किमी तक दिखा धुएं का गुबार, साढ़े तीन घंटे में पाया काबू; जल जीवन मिशन का होना था काम
Varanasi News: भीषण आग लगने की सूचना पाकर माैके पर पुलिस और फायर बिग्रेड की गाड़ी पहुंच गई। एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा, अग्निशमन अधिकारी और थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बड़ागांव थाना क्षेत्र के अनेई में तुलसी दास इंटर कॉलेज के खेल मैदान के किनारे रखी जल निगम की पाइप में बुधवार दोपहर अचानक आग लग गई। फायर ब्रिगेड ने लगभग साढ़े तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। 100 फीट ऊंचा उठते धुएं का गुबार देख ग्रामीण दहशत में आ गए।
कॉलेज परिसर के मैदान में जल निगम की पाइप काफी दिनों से रखी हुई थी। जल जीवन मिशन के तहत उपयोग में आने वाली इन पाइपों में दोपहर 12:50 बजे आग लगी। शाम 4:30 बजे आग पर पूरी तरह से काबू पाया जा सका।
पिंडरा फायर स्टेशन की दो गाड़ियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन पानी खत्म होने के कारण आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका। बाद में भेलूपुर से भी अतिरिक्त फायर ब्रिगेड की गाड़ी बुलाई गई। तेज हवा के चलते आग बार-बार भड़क रही थी, जिससे काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों और जल निगम कर्मियों की मदद से कुछ पाइपों को अलग कर सुरक्षित कर लिया गया।
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि मैदान के पास ही ट्रांसफाॅर्मर है। तेज धूप के दौरान किसी पक्षी के ट्रांसफाॅर्मर से टकराने के बाद निकली चिंगारी से खुले में रखी प्लास्टिक की पाइपों में आग लग गई। एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा, अग्निशमन अधिकारी और थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की।
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि कार्यदायी संस्था एलएनटी की ओर से जल जीवन मिशन के तहत काम कराया जा रहा है। ये पाइप पिछले एक साल से भी अधिक समय से खुले में पड़ी थीं। मौके पर 1000 से अधिक प्लास्टिक की पाइप रखी हुई थीं, जो आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं। घटनास्थल पर करीब 30 से अधिक परियोजनाओं से संबंधित सामान लंबे समय से रखा हुआ था, जो आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गया।
एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा ने बताया कि 30 परियोजनाओं से संबंधित उपकरण खेल मैदान में रखे हुए थे। संभवतः किसी चिंगारी से प्लास्टिक की पाइपों में आग लगी। करोड़ों रुपये की क्षति हुई है, जिसका आकलन किया जा रहा है। किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। कंपनी के अधिकारियों से वार्ता की जा रही है।
काशी स्टेशन पर आईडब्ल्यू के मेंटेनेंस गोदाम में लगी आग : काशी रेलवे स्टेशन के आरपीएफ चौकी के पास आईडब्ल्यू (वर्क्स) विभाग के मेंटेनेंस गोदाम में बुधवार रात अचानक आग लग गई। आग की लपटें तेजी से फैलते हुए पास में लगे ट्रांसफाॅर्मर तक पहुंच गईं, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। ट्रांसफाॅर्मर के आसपास खुले में रखे तारों के बंडल और अन्य बिजली उपकरण भी आग की चपेट में आकर जलने लगे।
सूचना पर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान एहतियातन बिजली आपूर्ति भी काट दी गई थी, जिससे अन्य उपकरणों को नुकसान से बचाया जा सके। गोदाम के बगल में रेलवे द्वारा लाखों रुपये के तार और उपकरण खुले में रखे गए थे।
मार्च में 76, अप्रैल में अब तक 72 आग की घटनाएं
अग्निशमन अधिकारियों के अनुसार मार्च माह में आग की 76 घटनाएं हुई थीं। अप्रैल माह में अब तक 72 घटनाएं हो चुकी हैं। अभी अप्रैल में सात दिन बाकी है। रोजाना 40 से 50 कॉल पांच फायर स्टेशनों पर पहुंच रही है।
झोपड़ी में लगी आग, एक लाख रुपये जले, मकान बनवाने के लिए भैंस बेचकर जुटाई थी नकदी
चौबेपुर थाना के ढाब क्षेत्र के रामचंदीपुर गांव में रामवचन यादव की रिहायशी झोपड़ी में बुधवार दोपहर शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग की जद में आकर एक लाख नकद, स्कूटी, गेहूं, भूसा, आभूषण समेत अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। भैंस बेचकर मकान बनवाने के लिए रामबचन यादव ने नकदी रखी थी, जो कि आग की भेंट चढ़ गई।
पीड़ित रामवचन यादव ने पुलिस को बताया कि दो भैंस बेचकर डेढ़ लाख रुपये घर में रखे थे। एक लाख रुपये पूरी तरह जल गए, जबकि 50 हजार रुपये अधजले मिले। मकान निर्माण की तैयारी कर रहे थे, लेकिन आग ने सब कुछ स्वाहा कर दिया। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले आग बुझा दी गई थी। नायब तहसीलदार जाल्हुपुर शैलेंद्र सिंह ने बताया कि राजस्व टीम की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।

कमेंट
कमेंट X