Varanasi News Today: गर्भवती से डॉक्टर ने किया दुर्व्यवहार, पिकअप चालक की मौत; पढ़ें वाराणसी की खबरें
Varanasi News: चोलापुर थाना क्षेत्र में एक हादसे में पिकअप चालक ने अपनी जान गंवा दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, एक महिला ने पीएचसी चिरईगांव में तैनात महिला चिकित्सक पर गंभीर आरोप लगाया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News in Hindi: चोलापुर थाना क्षेत्र के गोसाईपुर गांव के पास मंगलवार रात सड़क किनारे खड़े ट्रक में टकराने से पिकअप चालक अवधेश कुमार वर्मा (45) की मौत हो गई। तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक में टकरा गई। पुलिस ने शव को संरक्षण में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फूलपुर थाना क्षेत्र के पिंडरा निवासी अवधेश कुमार वर्मा मालवाहक पिकअप चलाता था। रात में आजमगढ़ से वाराणसी शहर की ओर जा रहा था।
वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग के गोसाईपुर गांव के पास पहुंचा था कि सड़क किनारे खड़े ट्रक में पिकअप तेज रफ्तार में आकर टकरा गया। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पिकअप में फंसे अवधेश को किसी तरह बाहर निकाला गया। पुलिस ने निजी अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि घटनास्थल के आसपास कई ढाबा होने से रात के समय ट्रक और अन्य वाहन बेतरतीब ढंग से सड़क पर खड़े होते हैं, जिस कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं। चोलापुर थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि अवधेश को एक बेटी और एक बेटा है।
ट्रैक्टर से किशोर घायल, चालक की पिटाई
चौबेपुर थाना क्षेत्र के गौराकला बाजार से चांदपुर रोड पर मंगलवार रात ट्रैक्टर की चपेट में आने से बैंड बाजा टीम का 13 साल का शाहिद घायल हो गया। हादसे से आक्रोशित लोंगों ने ट्रैक्टर चालक की पिटाई कर दी। पुलिस ने किसी तरह उसे छुड़ाया। घायल शाहिद और चालक को बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। चांदपुर निवासी सुरेंद्र सेठ के यहां बारात जा रही थी।
रात 10 बजे बारात गौराकला से चांदपुर रोड पर दिलीप जायसवाल की दुकान के सामने पहुंची थी। विपरीत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर की चपेट में आकर बैंड बाजा का सदस्य जयरामपुर निवासी शाहिद घायल हो गया। आक्रोशित बरातियों और स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर चालक की पिटाई कर दी, जिससे वह ट्रैक्टर से नीचे गिरकर घायल हो गया।
चौबेपुर पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत देख उसे बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि दोनों पक्षों से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।
गर्भवती से डॉक्टर ने किया दुर्व्यवहार, होगी जांच
चिरईगांव ब्लॉक के ग्राम पंचायत बनकट की एक महिला ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) चिरईगांव में तैनात महिला चिकित्सक पर गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि चिकित्सक ने उसकी ओपीडी पर्ची फेंकने के साथ ही उसे अपमानित कर कमरे से बाहर निकलवा दिया। पूजा मौर्या के अनुसार, वह गर्भवती है और मंगलवार को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और दवा लेने गांव की आशा कार्यकर्ता के साथ पीएचसी पहुंची थी।
नियमानुसार पंजीकरण कराने के बाद वह महिला चिकित्सक डॉ. एकता बुंदेला की ओपीडी के बाहर बारी का इंतजार करने लगी। पीड़िता का कहना है कि जब वह कमरे के भीतर गई तो डॉक्टर अचानक किसी बात पर भड़क गईं और पर्चा उठाकर बाहर फेंक दिया। महिला ने जब इलाज के लिए निवेदन किया तो दुर्व्यवहार किया गया और सुरक्षाकर्मियों से बाहर निकलवा दिया गया।
आहत होकर महिला ने पीएचसी प्रभारी डॉ. मनोज कुमार वर्मा को लिखित शिकायती पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। पीएचसी प्रभारी डॉ. मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि शिकायत मिली है। इस मामले में पीडि़त गर्भवती महिला को आश्वस्त किया गया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। साथ ही रिपोर्ट के आधार पर दोषी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस तरह की लापरवाही की शिकायत न मिले, इसके लिए कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं।
राहुल गांधी के मामले में सुनवाई 12 मई को
कांग्रेस सांसद व नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा सिखों पर दिए गए बयान से संबंधित मामले में अपर सत्र न्यायाधीश यजुवेंद्र विक्रम सिंह की अदालत में बुधवार को सुनवाई हुई। अदालत ने राहुल गांधी को अंतिम अवसर देते हुए सुनवाई की तिथि 12 मई निर्धारित की है। राहुल गांधी को नोटिस जारी किया जा चुका है लेकिन अब तक वे कोर्ट में हाजिर नहीं हुए हैं। न्यायालय ने राहुल गांधी को पर्याप्त तामिला मानते हुए अवर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट चतुर्थ के यहां से मूल पत्रावली तलब की है।
ओटीएस योजना के लिए लगेंगे कैंप
वाराणसी विकास प्राधिकरण की ओर से ओटीएस-2026 योजना के तहत विभिन्न आवासीय योजनाओं में विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। वीडीए की ओर से प्रदेश शासन के निर्देशानुसार एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) 2026 का संचालन किया जा रहा है। वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा के अनुसार योजना से जुड़े बकायेदारों के बकाया विवरण के साथ संबंधित पटल सहायक, रेंट कलेक्टर एवं आउटसोर्सिंग कार्मिक 25 अप्रैल से 14 मई तक कैंप में सुबह 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे तथा बकायेदारों को योजना के लाभ एवं अवसरों की जानकारी देते हुए आवेदन प्राप्त करेंगे। वीडीए ने सभी संबंधित आवंटियों/बकायेदारों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए ओटीएस के तहत अपना बकाया निस्तारण कराएं।
वाटर हार्वेस्टिंग की जगह मिला कीचड़, सूर्या अमाया, रिवाटास और मदीन होटल को नोटिस
भूगर्भ जल विभाग की ओर से बुधवार को रेन वाटर हार्वेस्टिंग और पानी के उपयोग को लेकर वाणिज्यिक संस्थानों का निरीक्षण किया गया। इसमें छावनी क्षेत्र में स्थित 4 बड़े होटलों (सूर्या, अमाया, रिवाटास और मदीन) को नोटिस जारी किया।
इन होटलों में वाटर हार्वेस्टिंग के मानकों का उल्लंघन पाया गया। कई के हार्वेस्टिंग की जगह कीचड़ मिला। होटलों को जारी नोटिस में 7 दिन के अंदर कमियों को ठीक कराने को कहा गया है। इसके बाद विधिक कार्रवाई होगी। सीनियर हाइड्रोलॉजिस्ट डॉ. नम्रता जायसवाल ने बताया कि जिला भूगर्भ जल प्रबंधन परिषद की टीम ने बुधवार को छावनी क्षेत्र में स्थित 7 बड़े होटलों का निरीक्षण किया।
इनमें रेडिसन, अमाया, सूर्या, रिवातास, मदीन, क्लार्क एवं बनारस होटल्स शामिल हैं। निरीक्षण में टीम ने मुख्य रूप से सबमर्सिबल पर फ्लोमीटर का इंस्टालेशन एवं क्रियाशीलता जांची। जो अधिकतम होटलों में खराब मिली। होटल के परिसर में बनी रूफ टॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली की क्रियाशीलता और गुणवत्ता भी जांची गई।
बेटी से दुष्कर्म के आरोपी पिता के खिलाफ 5 दिन में आरोपपत्र दाखिल
चौबेपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में शराब के नशे में धुत पिता ने अपने ही मासूम बेटी से दरिंदगी की। 18 अप्रैल की रात घर में सोते समय कक्षा 4 में पढ़ने वाली मासूम बेटी के साथ दुष्कर्म किया। गिरफ्तार पिता के खिलाफ पुलिस ने पांच दिन के अंदर चार्जशीट तैयार की और कोर्ट में दाखिल किया। चौबेपुर इंस्पेक्टर वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया की पीड़िता वादी मां छत पर सोई हुई थी। मासूम बेटी ने अपनी मां को पूरी घटना की जानकारी दी। पीडि़त मां ने तुरंत पति के खिलाफ पाॅक्सो व दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी पिता को मुंबई जाते समय सारनाथ स्टेशन से गिरफ्तार किया। जेल में बंद आरोपी के खिलाफ चार्जशीट भी तैयार कर ली गई।
रास्ते पर निर्माण कर कब्जा करने का विरोध
भेलूपुर थाना क्षेत्र के रेवड़ी तालाब क्षेत्र में बुधवार को सार्वजनिक रास्ते पर निर्माण को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। निर्माण करने वाले और निर्माण का विरोध करने वाले दोनों पक्षों के इकट्ठा होने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें शांत कराया। सार्वजनिक रास्ते पर कब्जा होने की शिकायत पर वीडीए के जेई भी पहुंचे। वीडीए ने पुलिस की मौजूदगी में काम बंद कराया है। दो आरोपियों के खिलाफ पीड़ित खालिद अजीम ने सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर को पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। भेलूपुर थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों को शांत कराया गया। राजस्व टीम के समन्वय से आगे की कार्रवाई होगी।
महिला से मारपीट, तीन लोगों पर प्राथमिकी दर्ज
गद्दोपुर गांव में महिला की पिटाई के मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। गांव निवासी विवेक यादव ने पुलिस को बताया कि उनकी मां रामावती देवी के गांव के रहने वाले भीम यादव, अवधेश और जय हिंद ने पिटाई की है। थानाध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जमीन दिलाने के नाम पर 5 लाख हड़पने का आरोप
जमीन दिलाने के नाम पर पांच लाख रुपये हड़पने के मामले में आरोपी दंपती के खिलाफ कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। ताजपुर निवासी पीड़ित हरिवंश मिश्र ने पुलिस को बताया कि 2021 में चोलापुर क्षेत्र के निवासी सिंटू मौर्य ने संपर्क कर अपनी पत्नी संगीता मौर्य के नाम गाजीपुर के खानपुर क्षेत्र में जमीन दिलाने का प्रस्ताव दिया।
आरोप है कि सौदे के तहत आरोपी पक्ष ने पीड़ित से 3 लाख रुपये बैंक खाते में ट्रांसफर कराए, जबकि 2.65 लाख रुपये नकद लिए। बावजूद जमीन का बैनामा नहीं कराया। पीड़ित का कहना है कि 11 फरवरी 2025 को जब रुपये वापस मांगने के लिए सिंटू मौर्य से संपर्क किया तो आरोपी ने फोन पर गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी। दंपती ने साजिश के तहत 5.65 लाख रुपये हड़प लिए। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि सिंटू मौर्य व संगीता मौर्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
लापता बच्चे को 2 घंटे में परिजनों को सौंपा
रोहनिया के गंगापुर में तीन साल का मासूम खेलते समय रास्ता भटककर दाउदपुर पहुंच गया। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने महज दो घंटे में बच्चे को दाउदपुर बाजार से ढूंढ कर परिजनों को सौंपा। रोहनिया इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि भदोही, औराई के कठारी निवासी अमरजीत की पत्नी रोली देवी अपने मायके गंगापुर आई थीं। सुबह बेटा उमंग गंगापुर से भटकर दाउदपुर बाजार पहुंच गया। उसे रोता देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस उसे थाने ले गई। जहां वह बस अपना नाम ही बता पा रहा था। परिजन भी लापता बच्चे की खोज में थाने पहुंच गए। बच्चे को उन्हें सौंप दिया गया।
फाइल लापता कराने का आरोपी बाबू गिरफ्तार
कोर्ट से सरकारी पत्रावली गायब करने के आरोपी तीन साल से वांछित 25 हजार के इनामी लिपिक राजाराम को कैंट पुलिस ने बुधवार को मंडुवाडीह के चांदपुर से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ चार प्राथमिकी दर्ज है। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि आरोपी पर न्यायालय की महत्वपूर्ण पत्रावलियां गायब करने का आरोप है।
वह पूर्व में न्यायिक मजिस्ट्रेट (प्रथम) न्यायालय में लिपिक था। 14 अगस्त 2023 को जिला न्यायालय वाराणसी के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी सुरेंद्र ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि राजाराम ने अभिरक्षा में रखी सरकारी पत्रावलियों को गायब कर दिया। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से वह भागा हुआ था। राजाराम पर डीसीपी वरुणा जोन ने 25 हजार रुपये का इनाम रखा था।
हत्या में एक और आरोपी गिरफ्तार
तेलियाना घाट पर नीरज की पीट-पीटकर हत्या करने के छठवें आरोपी किशन कुमार को आदमपुर पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया। एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी तेलियानाला काजी तकी अली फाटक का निवासी है। मंगलवार को पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस की पूछताछ में आरोपी किशन कुमार ने बताया कि सक्का घाट मोहल्ले में नीरज से मारपीट हुई थी और रविंद्र ने गुस्से में आकर ईंट से नीरज के सिर पर वार कर दिया। इस कारण नीरज की मौत हो गई थी। मारपीट की घटना में कन्हैया लाल केवट, सुमन, सतीश कुमार उर्फ टकालू, भरत गुप्ता, बसंत, रंजीता, कल्लू केवट शामिल थे।
शिक्षक दंपती के घर में चोरी
सिगरा थाना क्षेत्र के परेड कोठी क्षेत्र के शिक्षक दंपती के घर में चोरी हो गई। साढ़े आठ लाख के आभूषण और 50 हजार नकदी समेत दस लाख का माल चोर समेट ले गए। बुधवार को सूचना पर पहुंची सिगरा पुलिस ने छानबीन की है। श्याम नारायण केसरी और उनकी पत्नी राधा रानी कंपोजिट विद्यालय में शिक्षक हैं। दोनों बच्चे शहर से बाहर रहते हैं।
श्याम नारायण ने पुलिस को बताया कि सुबह 7.30 बजे जनगणना के प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज गए थे। जबकि राधा रानी पड़ाव कंपोजिट विद्यालय गई थीं। घर में ताला लगा था। दोपहर में लौटे तो देखा कि दरवाजा खुला हुआ है। अंदर अलमारी और रैक के ताले टूटे हुए हैं। सारा सामान बिखरा हुआ था। सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है।
वैष्णो देवी धाम में दानपेटी से चोरी करते पकड़ा
सारनाथ के तिलमापुर के वैष्णो देवी धाम में भैरव नाथ प्रतिमा के सामने रखी दानपेटी चोरी करने के आरोपी को सुरक्षा गार्ड ने बुधवार को पकड़ा। नाबालिग को सुरक्षा गार्ड ने पुलिस के हवाले किया। प्रबंध कमेटी के नागेश्वर मिश्रा, दुर्गा प्रसाद मिश्र, यश नाथ मिश्रा ने किशोर से पूछताछ की। बाद में चेतावनी देने के बाद छोड़ दिया गया।
युवती से कोर्ट मैरिज करने पहुंचे युवक की पिटाई, पुलिस को सौंपा
अंबेडकरनगर। वाराणसी से एक युवती को लेकर कोर्ट मैरिज करने पहुंचे युवक को अकबरपुर स्थित जनपद न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं के आक्रोश का सामना करना पड़ा। दूसरे समुदाय का होने की जानकारी पर भड़के कुछ अधिवक्ताओं ने युवक की पिटाई कर दी और बाद में उसे युवती समेत पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, वाराणसी की एक 18 वर्षीय युवती बीते सोमवार को घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने थाना कैंट क्षेत्र निवासी रुस्तम के खिलाफ बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी, जिस पर पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी। इसी बीच बुधवार को युवक युवती और अपने कुछ साथियों के साथ अकबरपुर स्थित जनपद न्यायालय पहुंचा और कोर्ट मैरिज करने का प्रयास करने लगा।
इस दौरान मौजूद लोगों को शक हुआ तो पूछताछ की गई। अलग-अलग समुदाय का होने की जानकारी पर वहां मौजूद कुछ अधिवक्ता भड़क गए। बताया गया कि युवक ने खुद को बालिग बताते हुए शादी में हस्तक्षेप न करने की बात कही, जिस पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान अधिवक्ताओं ने युवक की पिटाई कर दी। उसके साथ आए दो साथी मौके से भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक और युवती को अपने कब्जे में ले लिया।
बिजली कटौती से 12 गांवों के लोग परेशान
सेवापुरी ब्लॉक के ठटरा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े रूपापुर फीडर की बिजली सुबह 8.15 बजे से लेकर 12 बजे तक दिन में आठ बार कटी। इसके अलावा पूरे फीडर की बिजली शाम 5 बजे दक्षिण मार्ग के खंभे में लगे कनेक्शन बॉक्स में आग लगने से काटनी पड़ी। बिजली निगम के कर्मचारी मरम्मत में जुटे रहे। जिसकी वजह से ग्रामीण और व्यापारी परेशान रहे। दोनों फीडर से 12 गांवों की बिजली कटी।
लापता युवती को पुलिस ने ढूंढा
पांच दिन से लापता युवती को रोहनिया पुलिस ने ढूंढकर बुधवार को परिजनों को सौंपा। गंगापुर के कनेरी निवासी पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी 17 अप्रैल को घर से गंगापुर मार्केट में सामान लेने निकली थी और लापता हो गई थी। रोहनिया इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि सर्विलांस और सीसी कैमरे की मदद से युवती को ढूंढकर कर परिजनों को सौंपा गया।
वीडीए ने पांच अवैध निर्माण सील किए
वीडीए उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा के निर्देश पर सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा ने दशाश्वमेध वार्ड का निरीक्षण किया। बगैर नक्शा पास कराए 5 भवनों के अवैध निर्माण को सील कर पुलिस अभिरक्षा में दिया गया। धर्मेंद्र कुमार सिंह की ओर से केराकतपुर में तीन तल अवैध निर्माण किया जा रहा था। मंडुवाडीह में हीरालाल यादव नक्शे के विपरीत सेटबैक कवर कर निर्माण करवा रहे थे। लोहता के दीपक गुप्ता ने भूतल पर सटरिंग का कार्य कराया था। केराकतपुर के धीरज सिंह की ओर से दो तलों का छत ढालकर तृतीय तल पर सटरिंग का कार्य कराया जा रहा था, जिसे बंद कराया। अज्ञात की ओर से केराकतपुर में तीन तल का अवैध निर्माण किया जा रहा था। जिसे वीडीए ने सील किया।
170 यात्रियों से वसूले 58540 रुपये
बनारस-हरदतपुर रेल खंड पर बुधवार बस रेड टिकट चेकिंग अभियान चला। इसमें विभूति एक्सप्रेस, नई दिल्ली-बनारस सुपरफास्ट एक्सप्रेस, चौरी-चौरा एक्सप्रेस, ज्ञानगंगा एक्सप्रेस, स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस, प्रयागराज रामबाग-मऊ मेमू सहित विभिन्न सवारी गाड़ियों में सघन टिकट चेकिंग की गई। 170 यात्रियों से 58540 रुपये का जुर्माना वसूला गया। जांच टीम में एसीएम पीएन मिश्रा, सीटीआई विवेक वाजपेयी, माहरुफ खान, उमेश यादव, नरेंद्र पाठक, अमित समेत 17 कर्मचारी रहे।
176 वाहनों के काटे गए चालान
अवैध पार्किंग और यातायात नियम उल्लंघन पर बुधवार को 176 वाहनों का चालान किया गया। एडीसीपी गोमती जोन नृपेंद्र कुमार के नेतृत्व में चले अभियान में 59 दोपहिया वाहन, 29 तीन पहिया, 61 चार पहिया, 27 भारी वाहन शामिल हैं।
एयरपोर्ट पर बनेगी हेल्प डेस्क, मेट्रो से जोड़ने पर हुई चर्चा
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बुधवार को हवाई अड्डा सलाहकार समिति की बैठक हुई। इसमें यात्री सुविधाओं को बढ़ाने पर विशेष चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता मछलीशहर की सपा सांसद और समिति की अध्यक्ष प्रिया सरोज ने की।
उन्होंने यात्रियों की सुगम आवाजाही के लिए एयरपोर्ट को मेट्रो सेवा से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। समिति के सदस्य सिकंदर मिश्रा ने ग्रामीण क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क बनाने का सुझाव दिया। सांसद ने बैठक में कहा कि वाराणसी और आसपास के जिलों से आने वाले यात्रियों के लिए एयरपोर्ट तक की राह और आसान होनी चाहिए। बैठक में मोहम्मद जुबैर, पुनीत गुप्ता, सुचिता सिंह आदि मौजूद रहीं।
बीएचयू के प्रो. आरएस दूबे बने नीपा के चांसलर
बीएचयू के पूर्व प्रोफेसर रमाशंकर दूबे को नई दिल्ली स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशनल प्लानिंग एंड एडमिनिस्ट्रेशन (नीपा) का चांसलर नियुक्त किया गया है। प्रो. दुबे बीएचयू के विज्ञान संस्थान स्थित बायो केमेस्ट्री विभाग में फैकल्टी रह चुके हैं। बुधवार को भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की ओर से जारी प्रपत्र के अनुसार यह नियुक्ति शिक्षा मंत्री ने पांच वर्ष के लिए की है। प्रो. दूबे इससे पहले तीन विश्वविद्यालयों गुजरात केंद्रीय विवि बड़ोदरा, तिलकामांझी भागलपुर विवि बिहार और गुरु घासीदास विवि विलासपुर, छत्तीसगढ़ के कुलपति रह चुके हैं।
बीएचयू में विद्यार्थियों का प्री-प्लेसमेंट टॉक
बीएचयू के दक्षिणी परिसर में प्लेसमेंट और इंटर्नशिप सत्र में छात्र और छात्राओं का प्री-प्लेसमेंट टॉक, व्यक्तिगत साक्षात्कार (पीआई) लिया गया। उम्मीदवारों की योग्यता, संचार कौशल और कंपनी में उनकी भूमिका पर सवाल-जवाब किए गए। सेंटर फॉर सस्टेनेबल ग्रीन इकॉनमी की ओर से कराए गए टॉक में सीईओ अरविंद माधव सिंह (रिटायर्ड आईएफएस) ने छात्रों के साथ उनके कॅरिअर ग्रोथ पर बात की। उन्होंने कहा कि कठिन प्रक्रिया के तहत छात्रों का चुनाव किया जा रहा है। रिजल्ट जल्द आएगा। अध्यक्ष डॉ. त्रियुगी नाथ सहित विवि के कई अधिकारी और प्लेसमेंट सेल के सदस्य भी मौजूद रहे।
इनोवेशन डिजाइन पर 200 युवाओं से हुई बात
बीएचयू में इनोवेशन डिजाइन और एंटरप्रेन्योरशिप बूटकैंप के दूसरे दिन वक्ता वाणी गांधी ने 200 युवाओं से बात की। पैनल में प्रो. मनीष अरोड़ा, अतुल पांडेय भी रहे। इस पैनल चर्चा में व्यवसायिक विचारों की रणनीति, चुनौतियों और उनके सफल क्रियान्वयन पर चर्चा हुई। सत्र के दौरान कस्टमर डिस्कवरी लैब के ग्राहक वर्ग की पहचान करने का गुर सिखाया गया। उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने की रणनीति, चुनौतियों और सफल स्टार्टअप बनाने की बात हुई। युवा उद्यमियों को बिजनेस मॉडल सिखाने के लिए लीन कैनवास टर्म को समझना और उसका व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।
आरंभ 3.0 में विशेषज्ञों ने सिखाए सिविल सेवा परीक्षा पास करने के गुर
बीएचयू में छात्रों के लिए नेशनल सिविल सर्विसेज डे पर आरंभ 3.0 कार्यक्रम आयोजित किया गया। विश्वविद्यालय की सिविल सेवा सोसाइटी अभ्युदय और दृष्टि आईएएस के साझा प्रयास से यह कार्यक्रम छात्रों को सिविल सेवा परीक्षा की व्यावहारिक चुनौतियों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से हुआ। दृष्टि आईएएस के फैकल्टी अख्तर मलिक ने छात्रों को यूपीएससी परीक्षा का डर दूर करने के टिप्स दिए। उन्होंने बताया कि यूपीएससी केवल याददाश्त नहीं, बल्कि सोचने और उसे कागज पर उतारने के तरीके को परखता है।
मलिक ने उत्तर-लेखन में शब्दों के सही चुनाव और अवधारणाओं को समझने पर जोर दिया। यूपीएससी के पूर्व पैनलिस्ट डॉ. आरपी पाठक ने इंटरव्यू बोर्ड की उम्मीदों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि इंटरव्यू में दबाव में निर्णय लेने की क्षमता और संतुलित सोच देखी जाती है। आईपीएस चिराग जैन (2020 बैच) ने प्रशासनिक सेवा में धैर्य और मानसिक मजबूती के महत्व को साझा किया। सूरज तिवारी (एआईआर 917) ने अपनी सफलता की कहानी से छात्रों को प्रेरित किया।
पुस्तक मेले में बिक गईं कक्षा नौ की सभी किताबें दिन भर लाइन में लगे रहे छात्र और अभिभावक
पीएम श्री राजकीय क्वींस कॉलेज वाराणसी में बुधवार को पहली बार जिला स्तरीय पुस्तक जागरूकता एवं सुलभता मेला लगा। इसका उद्घाटन मुख्य अतिथि एमएलसी धर्मेंद्र राय ने किया। मेले में करीब 1500 से ज्यादा छात्रों ने हिस्सा लिया। कक्षा नौ की एनसीईआरटी की किताबों का स्टॉक खत्म हो गया। प्रधानाचार्य सुमीत कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि विभाग के निर्देश में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए मेले का आयोजन किया गया है।
मुख्य अतिथि एमएलसी धर्मेंद्र राय ने कहा कि सरकार और विभाग के प्रयासों से आज सस्ती दरों पर काशी के बच्चों को पुस्तकें उपलब्ध कराई जा रही हैं। संयुक्त शिक्षा निदेशक दिनेश सिंह ने कहा कि यह पहल निर्धारित मूल्यों पर एनसीईआरटी पाठ्यक्रम पर आधारित सस्ती दर पर उपलब्ध कराए जाने की पहल है। जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रशासन और विभाग सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहा है कि हमारे विद्यार्थियों को उचित मूल्य पर किताबें उपलब्ध हों।
सीएचएस की प्रवेश परीक्षा में पहुंचे 77 अभ्यर्थी, 26 तक चलेगा एंट्रेंस
बीएचयू के सीएचएस की प्रवेश परीक्षा बुधवार को शुरू हुई। पहले दिन 23 फीसदी ने छोड़ा तो 77 फीसदी उपस्थिति रही। कक्षा 11 (कला वर्ग) के अभ्यर्थियों के लिए विवि परिसर के तीन केंद्रों पर परीक्षाएं हुईं। परीक्षा के लिए 2940 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इसमें 2269 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। सुबह 8 बजे से 10 बजे तक परीक्षा चल रही है। बृहस्पतिवार को कॉमर्स विषय में 11वीं कक्षा के लिए प्रवेश परीक्षा होगी। वहीं, 24 अप्रैल को बायोलॉजी, 25 को गणित और 26 को 11वीं कक्षाओं में प्रवेश के लिए केवल लड़कों की परीक्षा होगी।
लंबित फाइलों के निस्तारण के लिए 7 दिन का अल्टीमेटम
मेयर अशोक कुमार तिवारी ने प्रशासनिक कार्यों में सुस्ती को दूर करते हुए जोनल अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि दाखिल-खारिज और जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित सभी लंबित आवेदनों को अगले सात दिनों के भीतर विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत निस्तारित किया जाए। किसी भी स्थिति में कोई भी आवेदन लंबित नहीं रहना चाहिए। इसके अतिरिक्त, शहर भर के वॉटर एटीएम को सुचारू रूप से संचालित करने और सभी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
सीवर ओवरफ्लो पर नजर : सीवर और पेयजल के लिए महाप्रबंधक जलकल को सड़कों पर कहीं भी सीवर ओवरफ्लो न होने देने और सभी वॉटर एटीएम को पूरी क्षमता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए गए। प्रकाश व्यवस्था प्रभारी अधिकारी को निर्देशित किया गया कि सभी मार्गों पर स्ट्रीट लाइटें दुरुस्त रहें। यदि कहीं कोई कमी हो तो तत्काल मरम्मत कराई जाए।
विधायक के निरीक्षण में बंद मिला गेहूं क्रय केंद्र
पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह और एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा ने मरुई स्थित गेहूं क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्र पर व्याप्त भारी अव्यवस्था और लापरवाही देख विधायक ने कड़ी नाराजगी जताई। मरुई केंद्र का गोदाम बंद था। वहां कोई अधिकारी मौजूद नहीं था। मौके पर कई किसानों ने विधायक को घेर लिया और अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि यह केंद्र कभी समय पर नहीं खुलता। विधायक ने तत्काल जिलाधिकारी से फोन पर बात की। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों और केंद्र प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। डीएम के निर्देश पर डिप्टी आरएमओ अरुण त्रिपाठी के नेतृत्व में एक विशेष टीम ने जांच शुरू कर दी है।
बदलेगी शिक्षकों की दशा : ऋतिका
माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा ने बुधवार को शिक्षकों की दशा और दिशा बदलने का शंखनाद किया। संगठन की नई जिला टीम की घोषणा हुई, वहीं सभी ब्लॉक और तहसील में शिक्षकों को नई जिम्मेदारी दी गई। शिक्षक संवाद कार्यक्रम में सभी को शिक्षक मतदाता बनाने का लक्ष्य दिया गया। प्रदेश उपाध्यक्ष और वाराणसी शिक्षक निर्वाचन खंड की प्रभारी ऋतिका दुबे ने नई कार्यकारिणी को शपथ दिलाई और मनोनयन पत्र वितरित किए। संगठन में पहली बार महिला इकाई को नया स्वरूप दिया गया।
आदि शंकराचार्य जयंती पर सुमेरु पीठ में सहस्त्रार्चन और महाअभिषेक
आदि शंकराचार्य महासंस्थानम् श्री काशी सुमेरु पीठ मठ अस्सी में बुधवार को जगद्गुरु शंकराचार्य नरेंद्रानंद सरस्वती के सानिध्य में आदि शंकराचार्य की 2533वीं जयंती श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाई गई। इस दाैरान घोषणा की गई कि अगले वर्ष शंकराचार्य की जयंती पर 511 किलो के स्फटिक शिवलिंग और 111 किलो के श्री यंत्र की स्थापना की जाएगी। शुभारंभ ब्रह्म मुहूर्त में सुबह चार बजे ललिता त्रिपुर सुंदरी सहस्त्रार्चन के साथ हुआ।
पांच विद्वान ब्राह्मणों ने मंत्रोच्चारण के बीच पुष्प, अक्षत और कुमकुम के माध्यम से यह अनुष्ठान संपन्न कराया। इसके पश्चात, पंचामृत और ललिता त्रिपुर सुंदरी के विशेष मंत्रों के साथ आदि शंकराचार्य की प्रतिमा का भव्य महाअभिषेक किया गया। जगद्गुरु शंकराचार्य नरेंद्रानंद सरस्वती जी महाराज ने कहा कि आदि शंकराचार्य भगवान शिव के साक्षात अवतार थे, जिन्होंने अद्वैत वेदांत के माध्यम से सनातन धर्म की पुनर्स्थापना की। मात्र आठ वर्ष की आयु में संन्यास ग्रहण कर शंकराचार्य ने पूरे भारत का भ्रमण किया और अहं ब्रह्मास्मि जैसे महावाक्यों के जरिए जीव और ब्रह्म की एकता का मार्ग प्रशस्त किया।
कैंसर मरीजों के लिए किया रक्तदान
बीएचयू के कृषि विज्ञान संस्थान के छात्रों ने टाटा मेमोरियल कैंसर अस्पताल में बुधवार को स्वेच्छा से रक्तदान और प्लाज्मा दान किया। इस कार्य में बीएससी एग्रीकल्चर (यूजी) के छात्र वीर कुमार, आयुष हीरा, महेंद्र, प्रिंस कुमार, भूपेंद्र और श्वेताभ ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। दरअसल, कैंसर के इलाज की प्रक्रिया के दौरान मरीजों को अक्सर रक्त और प्लाज्मा की कमी का सामना करना पड़ता है।
चिकित्सकों के अनुसार, एक व्यक्ति द्वारा दान किए गए प्लाज्मा से दो मासूम बच्चों की जान बचाई जा सकती है। यह पहल संस्थान के निदेशक डॉ. यूपी सिंह के मार्गदर्शन में वाराणसी हेल्प ग्रुप की ओर से की गई थी। डेयरी टेक्नोलॉजी विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. तरुण वर्मा, वाराणसी हेल्प ग्रुप के हिमांशु गुप्ता और टाटा कैंसर अस्पताल की खुशबू कुमारी ने छात्रों का उत्साहवर्धन किया।
विश्वनाथ धाम के गेट नंबर 4 पर लगा प्याऊ
भीषण गर्मी को देखते हुए भारत विकास परिषद की ओर से बुधवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर चार के पास दर्शनार्थियों, पर्यटकों एवं आम नागरिकों के लिए प्याऊ की व्यवस्था की गई। प्याऊ पर आने वाले लोगों को गुड़ खिलाकर ठंडा जल पिलाया गया। परिषद की अध्यक्ष निशा त्रिपाठी ने कहा कि सेवा कार्यक्रम केवल यहीं तक सीमित नहीं रहेगा, पूरी गर्मी में शहर के अन्य विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर भी प्याऊ लगवाए जाएंगे। कार्यक्रम में ब्रह्मानंद पेशवानी, प्रमोद राम त्रिपाठी, अनीता दुबे, अनिल जायसवाल, पूनम जायसवाल, रीता जायसवाल आदि शामिल रहीं।
धूमधाम से मनाया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
श्रीगीता ज्ञान योग संस्था वाराणसी की ओर से नया विश्वनाथ मंदिर मीरघाट के सत्संग हॉल में पं. आचार्य संजय पांडेय ने भागवत कथा में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की लीला का वर्णन किया। इस दाैरान भगवान कृष्ण के स्वरूप में झांकी सजी। पं. नीर मोहन पांडेय ने सोहर गाया। भगवान के जन्म की खुशी में झूमते और नृत्य करते नजर आए। इस अवसर पर नलिनी पांडेय, हरि खन्ना, मनोज यादव, दीपक जेतली, अर्चना मेहरोत्रा, प्रीति मेहरोत्रा, शांति देवी माैजूद रहीं।
भोजपुरी फिल्म अभिनेता गुंजन सिंह का अभिनंदन
भोजपुरी फिल्म अभिनेता गुंजन सिंह का बुधवार को परेड कोठी स्थित प्रताप पैलेस में अभिनंदन हुआ। वह अपनी फिल्म मगध पुत्र का प्रमोशन करने के सिलसिले में वाराणसी पहुंचे थे। यह फिल्म 24 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। भाजपा नेता अजय सिंह बॉबी ने गुंजन सिंह को अपनी शुभकामनाएं दीं। साथ ही श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर का स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
प्राण प्रतिष्ठा के अंतिम दिन होगा भंडारा
ग्राम धरसोना (खालिसपुर) में मेहंदीपुर बालाजी महाराज की मूर्ति स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा समारोह 24 अप्रैल तक चलेगा। शुक्रवार की शाम भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों का अनुमान है कि इस महाप्रसाद ग्रहण करने के लिए क्षेत्र के हजारों श्रद्धालु उमड़ेंगे, जिसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। चार दिवसीय इस आयोजन के दौरान विधि-विधान से पूजन और वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई जाएगी। उत्सव के संयोजक और भाजपा के वरिष्ठ नेता मनीष कुमार चौबे ने बताया कि इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर गांव में हर्ष है।
पुरस्कार के लिए 20 जुलाई तक करें आवेदन
विश्व दिव्यांग दिवस पर दिव्यांगों को पुरस्कृत किया जाएगा। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने बताया कि यह पुरस्कार दिव्यांगता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को 12 श्रेणियों में 30 पुरस्कार बांटे जाएंगे। इच्छुक व्यक्ति विभाग की वेबसाइट https://uphwd.gov.in पर आवेदन 20 जुलाई कर सकते हैं या जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी के कार्यालय विकास भवन में जमा करा सकते हैं।
जांच रिपोर्ट के आधार पर करें उर्वरकों का प्रयोग
भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान में निदेशक डॉ. राजेश कुमार के निर्देशन में संतुलित उर्वरक, उचित प्रबंधन-स्वस्थ मिट्टी, समृद्ध किसान विषय पर बुधवार को किसान जागरूकता अभियान चलाया गया। डॉ. नीरज सिंह ने किसानों से कहा कि मिट्टी की जांच रिपोर्ट के आधार पर ही उर्वरकों का प्रयोग करना चाहिए। आधुनिक तकनीक को खेती के लिए अनिवार्य बताया। डॉ. सुदर्शन मौर्य, डॉ. एएन त्रिपाठी ने ट्राइकोडर्मा के लाभ गिनाए। अभियान में क्षेत्र के 100 से ज्यादा किसान शामिल हुए।
महिला छात्रावासों में भी खुले साइबर लाइब्रेरी
बीएचयू के महिला छात्रावासों में साइबर लाइब्रेरी खोलने की मांग शुरू हो गई है। बुधवार को कई छात्र-छात्राओं ने सामूहिक तौर पर इसकी मांग सरकार के समक्ष रखी। उन्होंने बताया कि महिला छात्रावासों में रहने वाली छात्राएं रात के समय साइबर लाइब्रेरी की सुविधा से वंचित रह जाती हैं। हॉस्टल के निर्धारित समय पर बंद हो जाने के कारण देर रात में साइबर लाइब्रेरी का एक्सेस नहीं कर पातीं। एनएसयूआई बीएचयू यूनिट के महासचिव अमन कुमार ने स्पष्ट किया है कि यह किसी के खिलाफ नहीं बल्कि समान शैक्षणिक अवसर सुनिश्चित करने के पक्ष में एक सकारात्मक पहल है।
लोगों के दिमाग में चलता है तभी धरातल पर उतरता है
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के सामाजिक विज्ञान विभाग एवं इंडियन एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट (आईएजे) के संयुक्त तत्वावधान में योग साधना केंद्र में बुधवार को संगोष्ठी हुई। 'विश्व की बदलती व्यवस्था-भारत की भूमिका' विषय पर मुख्य अतिथि अंतर विश्वविद्यालय अध्यापक शिक्षा केंद्र के निदेशक प्रो. प्रेम नारायण सिंह ने कहा कि युद्ध लोगों के दिमाग में चलता है, तभी धरातल पर उतरता है।
उन्होंने कविता के माध्यम से अपने विचार रखते हुए कहा कि तकनीकी विकास हुआ है और भौतिक विकास हुआ है। तनाव ज्यादा है। जो 2030 तक रहेगा। विशिष्ट अतिथि डॉ. शरद कुमार श्रीवास्तव, अशोक कुमार पांडेय, राजेश गौतम एवं प्रो. जितेंद्र कुमार, रामनरेश नरेश, राधा सिंह, अमन सिंह संयुक्त रूप से अपने विचारों को रखा।
अध्यक्षता प्रो. रमेश प्रसाद ने की। संचालन प्रो. राजनाथ व धन्यवाद ज्ञापन डॉ. कैलाश सिंह ने दिया। इस अवसर पर डॉ. जिनेश कुमार, चंद्रभान, डा. अमित कुमार दुबे, मोतीलाल गुप्ता, मो. दाऊद, आशीर्वाद सिंह आदि मौजूद रहे।
बीएचयू में गंगा-ब्रह्मपुत्र संस्कृति का हुआ संगम, नीलोत्पल ने बांधा समा
बीएचयू के सरदार पटेल हॉस्टल में रोंगाली बिहू महोत्सव से गंगा और ब्रह्मपुत्र की संस्कृतियों का मिलन हुआ। गायक नीलोत्पल बोरा ने असमिया स्टाइल में हिंदी गीत गाए। धागा टूटे न..., जादूगरी आदि बैक टू बैक कई गाने सुनाए। असम की पारंपरिक वेशभूषा में आए कलाकारों ने बिहू नृत्य के साथ ही लोकगीतों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों पर भी प्रस्तुतियां दीं।
बीएचयू के स्टूडेंट्स सोसाइटी ऑफ असम और सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम आपसी बंधुत्व की भावना को मजबूती देते हैं। वीडीए के उप चेयरमैन पुर्ण बोरा ने छात्रों को शुभकामनाएं दीं। मुख्य अतिथि वसंता कॉलेज की प्राचार्या प्रो. अलका सिंह रहीं। छात्र अधिष्ठाता प्रो. रंजन कुमार सिंह, प्रशासनिक संरक्षक डॉ. धीरेंद्र राय माैजूद रहे।
असम स्टूडेंट्स सोसाइटी के अध्यक्ष कल्पज्योति दिहींगिया ने कहा कि हमें ऐसा बड़ा मंच देकर असम की लोक परंपराओं को काशी में संजोया गया है। उच्चतर शिक्षा आयोग के सदस्य हरेंद्र राय, डॉ. पृथ्वीश नाग आदि मौजूद रहे।
गार्नियर की कलर कार आज सारनाथ में
शहर के लोगों को नया और स्टाइलिश लुक देने के लिए अमर उजाला और गार्नियर ने मिलकर एक खास पहल की है। गार्नियर कलर कार शहर की अलग-अलग कॉलोनियों में पहुंचकर लोगों को निशुल्क हेयर कलर कराने और एक्सपर्ट की सलाह लेने का शानदार मौका दे रही है।
अब तक वाराणसी में बड़ी संख्या में लोग हिस्सा ले चुके हैं। यहां लगाए गए वर्चुअल ट्राय-ऑन सेटअप के जरिये लोगों ने पहले यह देखा कि कौन-सा हेयर कलर उन पर सबसे ज्यादा सूट करेगा। गार्नियर के प्रशिक्षित हेयर एक्सपर्ट्स सही शेड की सलाह दे रहे हैं और मौके पर ही हेयर कलर कर रहे हैं। गार्नियर ब्लैक नेचुरल्स सिर्फ 15 मिनट में 100 प्रतिशत कवरेज देने के साथ बालों को नेचुरल लुक देता है।
इसमें मौजूद बादाम तेल बालों को पोषण देता है और यह पूरी तरह अमोनिया फ्री है। इसमें पांच आकर्षक शेड्स उपलब्ध हैं। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को स्टाइलिश लुक देने के साथ-साथ बालों की सही देखभाल के प्रति जागरूक करना है।
आप भी इस खास मौके का फायदा उठाना चाहते हैं तो आज तिब्बती संस्थान रोड मवइया, सारनाथ (बल्लभ बिहार कॉलोनी के सामने) में पहुंचकर सुबह 11 से शाम 7 बजे तक बालों को निशुल्क कलर करा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए 9839933379 पर संपर्क करें।

कमेंट
कमेंट X