मौसम का कहर: सोनभद्र-मिर्जापुर में बिजली गिरने से तीन की मौत, पेड़ और बिजली के खंभे टूटे; बिजली आपूर्ति बाधित
सोनभद्र-मिर्जापुर में बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। उधर, सोनभद्र में आंधी से सड़क पर स्वागत गेट गिरा, जिससे झारखंड मार्ग तीन घंटे बाधित रहा। पेड़ और बिजली के खंभे टूटे, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित रही।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिजली गिरने से बालक समेत तीन की मौत हो गई। सोनभद्र में बिजली गिरने से कचनरवा गांव में आवेश तिग्गा (8), म्योरपुर के बभनडीहा ग्राम पंचायत में सोनकुंवर (52) की मौत हो गई। जबकि मिर्जापुर में पशुपालक शिवकुमार (45) की मौत हो गई। सोनभद्र में आंधी से जगह-जगह पेड़ व खंभे गिरने से इलाके की बिजली आपूर्ति ध्वस्त हो गई। यूपी-झारखंड सीमा पर जिला पंचायत की ओर से लगा लोहे का बड़ा स्वागत गेट टूटकर बीच सड़क पर गिर गया। इससे यूपी-झारखंड मार्ग पर करीब तीन घंटे आवागमन बाधित रहा। राहगीरों को कई किलोमीटर घूमकर आवागमन करना पड़ा।
सोनभद्र में शुक्रवार की शाम करीब 4 बजे मौसम अचानक बदला। गरज-चमक के साथ बिजली गिरी। इसकी चपेट में आने से ग्राम पंचायत कचनरवा के टोला असनाबांध निवासी पप्पू तिग्गा के पुत्र आवेश (8) की मौत हो गई। वहीं रामनाथ उरांव (45) झुलस गए। उसे दुद्धी सीएचसी ले जाया गया। बालक आवेश मौसम खराब होने के कारण घर में सामान रख रहा था। तभी बिजली गिर गई। वह माता-पिता का इकलौता पुत्र था।
इसे भी पढ़ें; जौनपुर में तड़तड़ाईं गोलियां: पुलिस और बदमाशों में भिड़ंत, लूट व अवैध असलहा तस्कर गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार
प्रधान प्रतिनिधि राजनारायण भारती ने घटना की सूचना तहसील प्रशासन को दी। इसके अलावा म्योरपुर थाना क्षेत्र के बभनडीहा ग्राम पंचायत के भलूही टोला में बिजली गिरने से सोनकुंवर की मौत हो गई। उसका पुत्र देवकुमार (35) झुलस गया। मां-बेटा घर के पास आम के पेड़ के नीचे चारपाई पर बैठे थे। थानाध्यक्ष रविकांत मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सीएचसी भेजा गया।
मिर्जापुर जनपद के विशुनपुर गांव निवासी शिवकुमार गाय चराने आम के बगीचे में गए थे। शाम को पांच बजे तेज बारिश शुरू हो गई। पानी से बचने के लिए वह पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान बिजली गिरने से वह अचेत हो गए। सीएचसी में जांच के बाद चिकित्सक डॉ. राधेश्याम वर्मा ने मृत घोषित कर दिया।
सोनभद्र में आंधी के कारण क्षेत्र में कई स्थानों पर बिजली के तारों पर पेड़ गिर गए। इससे खंभे भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। इलाके की बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। बिजली कर्मी मरम्मत में जुट गए हैं। आंधी से घरों के शेड, छप्पर भी उड़ गए। यूपी-झारखंड सीमा पर लगा लोहे का स्वागत गेट उखड़ कर बीच सड़क पर गिर गया। इससे आवागमन बाधित हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने करीब तीन घंटे की मशक्कत से गेट को किनारे कराकर आवागमन चालू कराया।