बीएचयू के वीटी में बवाल: साइकिल खड़ी करने पर विवाद, गार्ड-एलआईयू से नोकझोंक; रात में लगाया जाम
Varanasi News: काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के वीटी और बिड़ला सी चौराहे पर जाम लगाकर छात्रों ने हंगामा मचाया, धरना भी दिया। उन्होंने कहा कि यहां वीआईपी गाड़ियां 5-10 मिनट तक खड़ी रहती हैं, मगर छात्र साइकिल नहीं खड़ी कर सकते है...आखिर क्यों?
विस्तार
Varanasi News: बीएचयू के छात्र की साइकिल खड़ी करने को लेकर हुआ विवाद 12 घंटे तक चला। परिसर स्थित नए विश्वनाथ मंदिर पर शुरू हुआ बवाल बिड़ला सी हॉस्टल तक चलता रहा। दोपहर में नए विश्वनाथ मंदिर और रात में बिड़ला सी चौराहे को जाम कर छात्र विरोध पर बैठ गए।
नारेबाजी करते हुए एलआईयू के एक कर्मचारी पर बदसलूकी का आरोप लगाया। पहले प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों ने समझाकर छात्रों को शांत कराया, लेकिन शाम आठ बजे तक छात्र फिर बिड़ला सी के बाहर विरोध पर उतर आए। वहां से गुजर रहे लोगों को रोक दिया गया और आगे नहीं बढ़ने दिया गया।
छात्रों के बढ़ते विरोध के बीच भारी पुलिस बल भी पहुंच गया। हिंदी विभाग के द्वितीय वर्ष के छात्र शैलेश विश्वकर्मा ने बताया कि शाम 4:30 बजे वह विश्वनाथ मंदिर की तरफ फोटोकॉपी कराने गया था। वहीं साइकिल खड़ी की तो गार्ड ने हटाने को कहा। इस पर उसने भोजपुरी में कहा कि “हटा लेत हई।” गार्ड ने गुस्से में कहा, “हटाओगे या नहीं?” तभी दूसरा व्यक्ति आया और साइकिल को जबरन हटाने लगा। छात्र ने आरोप लगाया कि साइकिल उठाकर पटक दी गई और उसे धमकी दी गई कि यहीं मारूंगा।
गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का आरोप
छात्र ने चीफ प्रॉक्टर पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए अपनी शिकायत दर्ज कराई है। उसने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई की जाए। जब तक कार्रवाई नहीं होती, तब तक लिखित आश्वासन दिया जाए, तभी धरना समाप्त करेंगे। छात्र ने यह भी मांग की कि एडमिन वार्डन को शामिल कर एक कमेटी बनाकर निष्पक्ष जांच कराई जाए। आगे कहा कि यहां वीआईपी गाड़ियां 5-5 मिनट तक खड़ी रहती हैं, जबकि छात्रों की साइकिल एक मिनट भी नहीं खड़ी होने दी जाती। कैमरे की जांच कराई जाए और यदि गलती हो तो सजा दी जाए।