UP: सुगम दर्शन के नाम पर वसूली में 9 आरोपी अरेस्ट, दर्शनार्थी को बीच लाइन में घुसाते थे; फिर पैसा लेकर फरार
Varanasi News: श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में सुगम दर्शन के नाम पर वसूली करने के मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सीसी कैमरे की सहायता से सभी को पकड़ा है। नवरात्र के अवसर पर इनकी संख्या में काफी इजाफा हुआ है। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की है।
विस्तार
Varanasi Crime: श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में सुगम दर्शन के नाम पर दर्शनार्थियों से दुर्व्यवहार और वसूली के मामले में दशाश्वमेध पुलिस ने बुधवार को गेट नंबर दो से 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया। दर्शनार्थी बनकर पहुंची पुलिस टीम ने आरोपियों को पकड़ा। कुछ आरोपियों को दर्शनार्थियों की शिकायत और सीसी कैमरों की निगरानी के दौरान चिह्नित किया गया।
एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि वाराही देवी मंदिर व श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में सुगम दर्शन के नाम पर बाहर से आने वाले दर्शनार्थियों से दुर्व्यवहार और पैसे लेने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों में आदमपुर कोनिया सट्टी निवासी शुभम साहनी, पांडेयपुर निवासी संजय कसेरा, दशाश्वमेध अगस्तकुंडा निवासी प्रशांत सेठ, लक्सा के जद्दूमंडी निवासी मिथलेश मिश्रा, कज्जाकपुरा धोबीघाट निवासी लकी पांडेय, रामनगर मलहिया टोला निवासी गणेश साहनी, भेलूपुर के बघाड़ा निवासी अमन यादव, आदमपुर पीलीकोठी निवासी राहुल तथा दशाश्वमेध के टेढ़ीनीम निवासी वंश वाजपेयी शामिल हैं।
पुलिस ने की कार्रवाई
दशाश्वमेध चौकी इंचार्ज अनुजमणि तिवारी को सूचना मिली कि सुबह गेट नंबर दो, वाराही देवी मंदिर के पास कुछ दर्शनार्थियों से दर्शन के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। विरोध करने पर उनके साथ दुर्व्यवहार भी किया जा रहा है। इस पर एसआई विजय कुमार सिंह, एसआई अरविंद कुमार यादव, एसआई शुभम सिंह, एसआई रवि सिंह, देवेंद्र प्रताप सिंह, राजन सिंह, रवि प्रकाश और सचिन ने सीसी कैमरों के माध्यम से आरोपियों की पहचान की।
बीच लाइन में घुसाते थे दर्शनार्थी को, अधिकतर से पैसा लेकर हो जाते थे गायब
पुलिस के अनुसार, सुबह के समय वाराही देवी मंदिर के पास काफी भीड़ थी। इस दौरान आरोपी अलग-अलग टोलियों में दर्शनार्थियों को सुगम दर्शन कराने और बीच लाइन में घुसाने के नाम पर अन्य लोगों से दुर्व्यवहार कर रहे थे। साउथ से आने वाले ग्रुप को भी झांसा देते थे कि तुरंत दर्शन करा देंगे। इस बीच पैसा लेकर बीच रास्ते से ही फरार हो जाते थे। ऐसी सूचनाएं पहले भी मिल रही थीं। नवरात्र को देखते हुए सक्रिय हुई टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।