Varanasi News Today: वाराणसी में हादसे...तीन लोगों की मौत, बीएचयू अस्पताल के एसएसबी में आग; खबरें
Varanasi News: वाराणसी के कपसेठी और चौबेपुर थाना क्षेत्र में हुए हादसो में तीन लोगों ने अपनी जान गंवा दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, बीएचयू अस्पताल के सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
Varanasi News in Hindi: कपसेठी थाना क्षेत्र के इसरवार गांव के पास भारत गैस प्लांट के पास शनिवार को गैस लदे टैंकर ने बाइक सवार मामा भांजे को टक्कर मार दी। मामा राजकुमार (30) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भांजा अजय कुमार बनवासी गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाथी बाजार भिजवाया। चिकित्सकों राजकुमार को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक की पहचान निवासी मई हरदोपट्टी थाना चौरी भदोही के रूप में हुई है। वह अपने सरैया भदोही निवासी अजय कुमार बनवासी के साथ कपसेठी थाना क्षेत्र के इसरवार गांव में रिश्तेदार के पास जा रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि गैस प्लांट के आसपास टैंकरों की तेज रफ्तार और लापरवाही से अब तक चार लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन ट्रक चालकों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सख्त निगरानी और स्पीड कंट्रोल की मांग की है। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि आसपास लगे सीसी कैमरों की मदद से प्रकरण की जांच की जा रही है। आरोपी टैंकर चालक की तलाश की जा रही है।
सीढ़ी की दीवार गिरी, मलबे में दबकर युवक की मौत
चौबेपुर क्षेत्र के चंद्रावती बाजार में शनिवार रात ढलाई हुई सीढ़ी की दीवार ढह गई। मलबे में दबकर युवक की मौत हो गई। जानकारी अनुसार, शंभू गुप्ता के मकान के सीढ़ी की ढलाई हुई थी। शनिवार रात नौ बजे शंभू गुप्ता का 35 साल का बेटा अरुण गुप्ता उर्फ करिया कुछ काम कर रहा था। इस बीच अचानक सीढ़ी की पूरी दीवार ढह गई और अरुण दबकर घायल हो गया। उसे चंद्रावती बाजार में एक निजी अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी परिजनों ने नहीं दी है।
अवैध मिट्टी खनन में लगे ट्रैक्टर चलाते समय मौत
चौबेपुर के अमौली भगतुआ गांव में अवैध मिट्टी खनन के दौरान हादसे में युवक की मौत के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। परिजनों की तहरीर पर ट्रैक्टर मालिक समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। परिजनों का आरोप है कि रोहित को बहला-फुसलाकर अवैध मिट्टी खनन में लगाया गया था। वह ट्रैक्टर चलाकर अवैध रूप से खोदी गई मिट्टी को उमरहां की ओर ले जा रहा था।
बृहस्पतिवार सुबह छह बजे पियरी नहर के किनारे हादसा हुआ, जिसमें रोहित की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के पिता धनई राम की तहरीर पर पुलिस ने ट्रैक्टर मालिक रामजी यादव, प्रदीप कुमार यादव, चालक रोहित सहित दो अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच के लिए टीमें लगा दी गई हैं। आसपास के सीसी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
बीएचयू अस्पताल के एसएसबी में आग लगने से हड़कंप
बीएचयू अस्पताल के सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक (एसएसबी) में शनिवार की दोपहर आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया। संयोग अच्छा था कि जिस जगह आग लगी, वहां आसपास कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ी घटना हो सकती थी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे सुरक्षाकर्मी और अस्पताल कर्मियों ने मिलकर किसी तरह आग पर काबू पा लिया।
एसएसबी में बाथरूम की पाइपलाइन वाली जगह के पास सफाई के दौरान निकलने वाले सामान रखे जाते हैं। बताया गया कि शनिवार की दोपहर वहां किसी ने जलती सिगरेट फेंक दी, जिससे आग लग गई। इसी दौरान एसएसबी में भर्ती मरीजों के तीमारदारों और वहां मौजूद चिकित्सकों तथा पैरामेडिकल स्टाफ में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर प्रॉक्टोरियल बोर्ड के कर्मियों और अस्पताल स्टाफ ने अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग बुझा दी। साथ ही फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई, लेकिन आग पर काबू पाने के बाद उन्हें वापस भेज दिया गया।
इस मामले में आईएमएस बीएचयू के डिप्टी चीफ प्रॉक्टर प्रो. संतोष सिंह ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही तुरंत सुरक्षा कर्मियों को भेजा गया और अग्निशमन यंत्र का प्रयोग कर आग पर नियंत्रण पाया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
अतिक्रमण पर एक दिन में 19 प्राथमिकी, 209 स्थानों पर मिला अतिक्रमण
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शनिवार को शहर की सुगम यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने अंधरापुल से मरी माई तिराहा, सिगरा चौराहा, रथयात्रा, गुरुबाग, लंका और रविदास गेट, मालवीय चौराहा व बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर तिराहे तक पैदल गश्त की। इस बीच 209 स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया और 19 लोगों पर थानों में प्राथमिकी दर्ज की गई।
गलत दिशा में वाहन चलाने, बिना नंबर प्लेट वाहनों और गलत बारकोड व रूट पर संचालित ई-रिक्शा/ऑटो के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस आयुक्त ने बताया कि अभियान के तहत 974 वाहनों का चालान, 15 वाहन सीज, 58 बिना नंबर प्लेट वाहनों पर कार्रवाई, 45 ई-रिक्शा व ऑटो सीज व 404 के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई।
सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था, कलर्ड पार्किंग अनुशासन, अतिक्रमण हटाने, नियमित मॉनिटरिंग, विशेष चेकिंग अभियान और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त व संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। एक जनवरी से अब तक गुमशुदा 30 व्यक्तियों को बरामद किया गया।
पति पर दहेज मांगने और ससुर पर छेड़छाड़ का आरोप, प्राथमिकी दर्ज
जैतपुरा थाना क्षेत्र निवासी महिला ने अपने पति समेत ससुराल पक्ष के 12 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। महिला का आरोप है कि पति समेत अन्य घर लोग उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करते हैं। पीड़िता ने आरोप लगाया कि पति की गैरमौजूदगी में ससुर ने उसके साथ अश्लील हरकत करने का प्रयास किया।
तबसुम का निकाह 31 मई 2022 को मीना बाजार लोहता निवासी तौफिक अहमद से हुआ था। पर्याप्त दहेज देने के बाद भी ससुराल पक्ष लगातार बाइक और वॉशिंग मशीन की मांग कर रहा है। पहले से ही दहेज उत्पीड़न समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज है। मामला न्यायालय में विचाराधीन है। जैतपुरा थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
2 दिन में नौ लोगों पर अतिक्रमण के आरोप में प्राथमिकी दर्ज
अतिक्रमण के खिलाफ दशाश्वमेध थाना पुलिस ने अभियान के दौरान दो दिनों में नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। राजेंद्र घाट आवागमन मार्ग पर दुकान लगाकर रास्ता बाधित करने के आरोप में दुकानदार अंजनी पांडेय, राजेंद्र घाट पर पानी का काउंटर लगाकर बेच रहे रोशनलाल निवासी लक्ष्मणपुरा गोदौलिया, दशाश्मेध मार्ग पर लकड़ी का खिलौना सड़क पर बेचने और आवागमन बाधित करने के आरोप में राजेश कुमार गुप्ता निवासी नवाबगंज दुर्गाकुंड के खिलाफ दशाश्वमेध पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। वहीं, शुक्रवार को छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई थी। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों को कई बार समझाया गया था।
होटल से पैसे से भरा बैग चोरी, उचक्कों ने पर्स फेंका शिव कुंड में
सारनाथ के सारंगनाथ महादेव मंदिर के पीछे होटल सेठ विला से महाराष्ट्र से आए ग्रुप मैनेजर का पैसे से भरा बैग चोरी हो गया। शिकायत के आधार पर पुलिस दो लोगों को हिरासत लेकर पूछताछ कर रही है। दूसरी तरफ एक दरोगा के प्रयास से एक लाख 57 हजार रुपया बरामद कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, सतारा महाराष्ट्र के ग्रुप लीडर श्रीकांत साई ट्रैवल्स से महाराष्ट्र से 24 पर्यटकों के साथ शुक्रवार शाम को सेठ विला में रुके। श्रीकांत ने बताया कि ग्रुप के किचन मैनेजर रुपाली के पास पर्यटकों के एक लाख 85 हजार रुपये बैग में रखे थे। इतने में मलिन बस्ती के दो युवक पानी भरने की नीयत से घुसे और मौका देख रुपये से भरा बैग लेकर भाग गए।
दरोगा राम अजोर ने सीसी फुटेज के आधार पर मलिन बस्ती में दबिश देकर समीर के घर से तकिये के नीचे से एक लाख 57 हजार रुपया बरामद किए। बैग रोपी ने शिव कुंड में फेंक दिया था। पुलिस ने शिव कुंड से पर्स निकाला जिसमें चार हजार रुपये मिले। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि इस मामले में तहरीर नहीं मिली है, लेकिन दोनों से पूछताछ की गई। पर्यटकों का दल अयोध्या निकल गया है।
म्यूजिक सिस्टम की डिलीवरी के नाम पर 4.68 लाख की साइबर ठगी
लंका थाना क्षेत्र के अशोकपुरम कॉलोनी निवासी दरोगा पांडेय के साथ ऑनलाइन खरीदारी के नाम पर साइबर ठगी हो गई। ठगों ने म्यूजिक सिस्टम की डिलीवरी का झांसा देकर खाते से 4 लाख 68 हजार 808 रुपये निकाल लिए। पीड़ित दरोगा पांडेय ने 22 जनवरी को एक म्यूजिक सिस्टम ऑनलाइन ऑर्डर किया था। 29 जनवरी को उनके मोबाइल पर एक कॉल आया।
कॉल करने वाले ने खुद को कूरिअर पार्टनर बताते हुए कहा कि ऑर्डर के पते में कुछ त्रुटि है और उसे अपडेट करने के लिए एक लिंक भेजा जाएगा। कहा गया कि लिंक पर जानकारी भरने से डिलीवरी जल्दी हो जाएगी। जैसे ही लिंक पर क्लिक कर जानकारी अपडेट किया तो खाते से 4,68,808 रुपये कट गए। लंका थाने में अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि ठगी में प्रयुक्त मोबाइल नंबर व आईपी एड्रेस की जांच हो रही है।
नगर निगम ने चौकाघाट अवैध मछली मंडी के 8 दुकानदारों पर प्राथमिकी के लिए दी तहरीर
नगर निगम ने मंदिरों के पास चौकाघाट अवैध मछली मंडी के आठ दुकानदारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए चेतगंज थाने में तहरीर दी। शनिवार को नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी डाॅ. संतोष पाल की तहरीर पर मछली के दुकानदारों का नाम भी दिया। तहरीर में धार्मिक भावनाओं और जन-स्वास्थ्य का हवाला दिया गया।
बताया गया है कि इससे भारी गंदगी और दुर्गंध फैल रही है। जबकि मछली मंडी के 500 मीटर के दायरे में प्रसिद्ध मूंछ वाले हनुमान जी का मंदिर है। अवैध दुकानों के संचालन से दर्शनार्थियों की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं और जन-स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ रहा है। दुकानदारों को पहले कई बार नोटिस के साथ ही चालान किया जा चुका है। 22 जनवरी को निगम, खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर दुकानों को बंद भी कराया था। बावजूद, आरोपियों ने नियमों को ताक पर रखकर दोबारा मछली की दुकानें खोल लीं।
गाय मरी, जंगली जानवर के हमले की आशंका
सारनाथ के बलुआ रोड के तिलमापुर श्री कृष्णा नगर कॉलोनी में शुक्रवार रात एक जानवर के काटने से गाय मर गई। ग्राम नादी चंदौली के फौज से सेवानिवृत्त संतोष कुमार यादव बलुआ रोड कॉलोनी में रहते हैं। सड़क पर टिन शेड लगा कर गाय को बांधा था। रात में किसी जंगली जानवर ने गाय को दो जगहों पर बुरी तरह काट कर जख्मी कर दिया, जिससे सुबह वह मर गई। लोगों ने गांव में तेंदुआ या भेड़िया होने की आशंका जताई। नगर निगमकर्मी गाय को ले गए। प्रभागीय वन अधिकारी बी. शिवशंकर ने बताया कि वन विभाग की टीम ने जांच की है। जंगली जानवर के होने की आशंका नहीं है।
कैंट विधानसभा क्षेत्र में सीवर में उतरकर विरोध
कैंट विधानसभा क्षेत्र में गंदे पानी में उतरकर विरोध प्रदर्शन किया गया। शनिवार को समाजवादी नेता और बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी के महानगर अध्यक्ष अमन यादव ने जनता के साथ मिलकर नगर निगम, विधायक, मेयर, सांसद के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। कहा कि वार्ड की गलियों में दो वर्षों से सीवर जाम है। पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे स्थानीय नागरिकों, बुज़ुर्गों, महिलाओं और बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थायी समाधान नहीं किया गया तो जनता के साथ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
आपराधिक मामले की फाइल गायब होने पर हाईकोर्ट के आदेश पर कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज
2002 के एक आपराधिक मामले की न्यायालय से फाइल गायब होने के मामले में हाईकोर्ट के आदेश पर शनिवार को कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। बाबतपुर के रघुनाथपुर श्रीचंद्र दूबे की तहरीर के आधार पर दर्ज प्राथमिकी में कैंट पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है। कैंट थाने से एक पुराने केस की फाइल लंबे समय से न्यायालय से गायब थी, जिससे कार्यवाही प्रभावित हो रही थी।
हाईकोर्ट ने जिला न्यायालय प्रशासन को जांच कर जिम्मेदारी तय करने और एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए थे। हाईकोर्ट ने अपने आदेश में कहा था कि न्यायालयीन रिकॉर्ड का गायब होना बेहद गंभीर लापरवाही है। कोर्ट ने स्पष्ट किया था कि फाइल जिन अधिकारियों की अभिरक्षा में थी, उनकी भूमिका की जांच कर दोष तय किया जाए।
जांच में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हाईकोर्ट के आदेश के बाद जनपद न्यायाधीश वाराणसी ने कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए थे, जिसके क्रम में कैंट पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
शाइन सिटी के निदेशक समेत दो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
जमीन में निवेश के नाम पर हजारों लोगों से अरबों रुपये की धोखाधड़ी करने वाली शाइन सिटी के सीएमडी राशिद नसीम और राम प्रसाद कुशवाहा के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर शनिवार को कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। लंका थाना क्षेत्र के नरिया गोपालकुंज की रहने वाली डॉ. मनीषा शुक्ला ने कोर्ट में आवेदन किया कि शाइन सिटी के मुख्य प्रबंधक राशिद नसीम और राम प्रसाद कुशवाहा से 1 मई 2016 को कैथोली पिंडरा में 13,78,250 रुपये का प्लॉट बुक कराया था।
पांच साल में ईएमआई की ओर भुगतान करना था। 4,67,941 रुपये शाइन सिटी में जमा किए। एक और प्लॉट समृद्धि गुल्लक मंडा प्रयागराज में बुक कराया। न तो रजिस्ट्री हुई और न आरोपियों ने पैसे लौटाए। 500000 रुपये का चेक बाउंस हो गया। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि शाइन सिटी के सीएमडी समेत दो के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज की गई है।
चैनल गेट तोड़ कर हजारों की चोरी
चौबेपुर क्षेत्र के संदहा में भीमराव अंबेडकर कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने एक नवनिर्मित मकान से हजारों के सामान चोरी कर लिए। पीड़ित राजेश कुमार विश्वकर्मा ने चौबेपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस को तहरीर में बताया कि तीन फरवरी देर रात नवनिर्मित मकान में चोरी हुई। यहां से सबमर्सिबल पंप, स्टार्टर, बिजली के सामान चोर उठा ले गए। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आसपास लगे सीसी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है।
3.17 लाख रुपये की साइबर ठगी, प्राथमिकी दर्ज
बिना किसी लिंक पर क्लिक किए बैंक खाते से 3.17 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में पीड़ित ने कैंट थाने में शनिवार को प्राथमिकी दर्ज कराई। कैंट थाना क्षेत्र के फुलवरिया पहलू का पुरा निवासी गौतम सोनकर ने पुलिस को बताया कि भाई रवि सोनकर के बैंक खाते से इंटरनेट बैंकिंग से 3,17,500 रुपये की साइबर ठगी हो गई। न किसी लिंक पर क्लिक किया और न ही कोई फाइल डाउनलोड की। इसके बाद भी बैंक खाते से रकम की निकासी हो गई। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सेंट्रल बार की लाइब्रेरी होगी आधुनिक, पांडेय हाल का सुंदरीकरण
सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कक्ष में शनिवार को शिक्षा के चाणक्या फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष अशोक गगन का अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न देकर भव्य अभिनंदन किया गया। अशोक गगन ने कहा कि भारतीय न्याय संहिता की नई धाराओं के बाद हाईटेक लाइब्रेरी का महत्व बढ़ गया है। उन्होंने सेंट्रल बार की लाइब्रेरी को विश्वस्तरीय बनाने, पांडेय हॉल के सुंदरीकरण और डिजिटल सुरक्षा व्यवस्था विकसित करने की घोषणा की। साथ ही असहायों की कानूनी मदद के लिए कोष देने की बात कही। अध्यक्षता बार के अध्यक्ष प्रेमप्रकाश सिंह गौतम व संचालन महामंत्री आशीष सिंह ने किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
हिंदू सेवा सदन में जल्द शुरू होगी आयुष्मान सुविधा
बांसफाटक स्थित हिंदू सेवा सदन चिकित्सालय में शीघ्र ही आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत निशुल्क उपचार की सुविधा प्रारंभ होने जा रही है। इस संबंध में चिकित्सालय के एक प्रतिनिधिमंडल ने आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ से मुलाकात की। आयुष मंत्री के जनसंपर्क अधिकारी गौरव राठी ने बताया कि मंत्री का इस अस्पताल से भावनात्मक जुड़ाव है और मरीजों के हित को ध्यान में रखते हुए उन्होंने इसे आयुष्मान योजना से जोड़ने की पहल की है। प्रतिनिधिमंडल ने आवागमन की समस्या भी उठाई, जिस पर मंत्री ने पुलिस आयुक्त से वार्ता की। प्रतिनिधिमंडल में राजेंद्र मोहन शाह, विनोद खटोड, नरेंद्र भूराडिया, गौरव राठी और सतीश सेठ सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
दो दिन से बिजली कटौती से सीएचसी में ऑपरेशन, जांच प्रभावित
शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में दो दिन से 6 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने का असर ऑपरेशन और जांच पर देखने को मिला। दो दिन में 200 मरीजों को जांच, ऑपरेशन प्रभावित होने की वजह से परेशानी का सामना करना पड़ा। शिवपुर कोईलहवा उपकेंद्र से कादीपुर शिवपुर क्षेत्र में बेहतर बिजली आपूर्ति के उद्देश्य से निगम की ओर से तार बदला जा रहा है। दो दिन से सुबह 11 से शाम 5 बजे तक बिजली निगम की ओर से शटडाउन लिया जा रहा है।
सीएचसी पर जांच और ऑपरेशन के लिए जो उपकरण हैं, उसे सही तरीके से चलने के लिए निर्बाध बिजली की जरूरत होती है, लेकिन आपूर्ति बाधित रहने की वजह से जांच, ऑपरेशन पर असर पड़ रहा है। सीएचसी अधीक्षक एसके यादव का कहना है कि इनवर्टर बैकअप है उसी से किसी तरह काम चलाया गया, लेकिन ऑपरेशन और जांच की मशीनों के लिए बेहतर आपूर्ति की जरूरत होती है। जेनरेटर की व्यवस्था नहीं है। शुक्रवार को केवल चार लोगों का ऑपरेशन हुआ है। कुछ लोगों का ऑपरेशन टालना पड़ा।
दिन और रात के तापमान में 15 डिग्री का फर्क
फरवरी का पहला सप्ताह बीत जाने के बाद दिन तो सामान्य हो गया लेकिन रात में ठिठुरन महसूस हो रही है। जिले में दिन और रात के तापमान में 15 डिग्री का फर्क है। शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 9 फरवरी से तेज हवाओं के थमने के बाद तापमान बढ़ने के आसार हैं। तेज पछुआ हवाओं के कारण प्रदेश में जारी घने कोहरे का दौर सिमट सकता है।
काशी द्वार योजना में किसानों पर कोई दबाव नहीं : डॉ. अवधेश सिंह
शनिवार दोपहर पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने काशी द्वार योजना को लेकर चल रहे विवाद पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि विरोधी हताश हैं और क्षेत्र के किसानों को गुमराह कर योजना के खिलाफ भड़का रहे हैं। कहा कि यदि कोई किसान काशी द्वार योजना में अपनी जमीन नहीं देना चाहता है, तो वह न दे। बावजूद किसी पर जमीन बेचने का दबाव बनाया जाता है तो इसकी सूचना उन्हें दें। बताया कि काशी द्वार योजना के विकास के लिए लगभग 400 लोगों ने अपनी जमीन रकबा नंबर सहित खुशी-खुशी देने का पत्र सौंपा है।
बिहार सांसद सुधाकर सिंह ने बीएचयू में किसानों की आर्थिक स्थिति पर किया संवाद
बीएचयू के कृषि अर्थशास्त्र और प्रसार शिक्षा विभाग की ओर से ‘सहकारी व्यवसाय मॉडल: सहकार से समृद्धि’ विषय पर एक दिन की कार्यशाला आयोजित की गई। संगोष्ठी कक्ष में मुख्य अतिथि, सांसद सुधाकर सिंह (सांसद एवं कृषि संबंधी संसदीय स्थायी समिति के सदस्य) ने सरकार की मूल्य निर्धारण नीति और भारतीय उपमहाद्वीप में प्रचलित सहकारी प्रथाओं की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सहकारी समितियां किसानों की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। विशिष्ट वक्ता प्रो. गुरु प्रसाद सिंह ने भारत में सहकारी आंदोलन के ऐतिहासिक साक्ष्यों को प्रस्तुत किया। उन्होंने ‘बीज बैंक’ और ‘श्रम सहकारी समितियां’ जैसी अवधारणाओं को विस्तार से समझाया। साथ ही, छात्रों को कृषि व्यवसाय उद्यमों को एक करियर के रूप में अपनाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रो. कल्याण गधेई ने अपना अध्यक्षीय भाषण दिया। कार्यशाला के अंत में प्रो. वीरेंद्र कमलवंशी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
आपदा से निपटने को वार्निंग सिस्टम में पारंगत हुए स्वयंसेवक
जिलाधिकारी/नियंत्रक नागरिक सुरक्षा सत्येंद्र कुमार के निर्देशन तथा अपर जिलाधिकारी (नगर) आलोक कुमार वर्मा की देखरेख में नागरिक सुरक्षा प्रधान कार्यालय चेतगंज में चल रहे स्वयंसेवक क्षमता निर्माण प्रशिक्षण में शनिवार को आपदा वार्निंग सिस्टम के बारे में जानकारी दी गई। बरेका नागरिक सुरक्षा के संपूर्णानंद मिश्रा, सुनील कुमार और विद्यासागर पांडेय ने स्वयंसेवकों को आपदा प्रबंधन के व्यावहारिक सूत्र बताए।
उन्होंने बाह्य और आंतरिक वार्निंग संकेतों, सूचना के त्वरित प्रसार तथा आपदा के समय उनके प्रभावी उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। संयोजन उप नियंत्रक जितेन्द्र देव सिंह और संचालन एडीसी इरफानुल होदा व विवेक कुमार राय ने किया। इस मौके पर चीफ वार्डेन विनोद गुप्ता, डिप्टी चीफ वार्डेन अविनाश अग्रवाल, डिप्टी डिवीजनल वार्डेन अरविंद विश्वकर्मा आदि रहे।