सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today FIR Registered in Case of House Intrusion and Assault Two Dead

Varanasi News Today: घर में घुसकर मारपीट के मामले में प्राथमिकी, दो लोगों की मौत; पढ़ें वाराणसी की खबरें

अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Aman Vishwakarma Updated Fri, 03 Apr 2026 09:57 AM IST
विज्ञापन
सार

Varanasi News: वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र में हुए हादसों में दो लोगों ने अपनी जान गंवा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, कैंट थाना क्षेत्र में घर में घुसकर मारपीट करने का मामला दर्ज किया गया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

Varanasi News Today FIR Registered in Case of House Intrusion and Assault Two Dead
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

Varanasi News in Hindi: कैंट थाना क्षेत्र के पांडेयपुर में घर में घुसकर महिला से मारपीट, अभद्रता और कागजात लूटने के मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने तीन नामजद समेत कुछ अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की। पीड़ित राकेश तिवारी ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि 7 फरवरी 2026 को वह चोलापुर ब्लॉक गए थे और उनकी पत्नी घर पर अकेली थीं। बर्थरा खुर्द निवासी गिरीश चंद्र तिवारी, अवनीश तिवारी, राहुल तिवारी उर्फ बमबम व दो अज्ञात लोग घर में घुसकर कमरों की तलाशी लेने लगे। विरोध करने पर मारपीट की, जिससे पत्नी का पैर फ्रैक्चर हो गया। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि जांच की जा रही है। 

Trending Videos


पेड़ से लटका मिला युवक का शव, नही हुई पहचान
चौबेपुर थाना क्षेत्र के कैथी में मार्कंडेय महादेव मंदिर के पास जंगल में बृहस्पतिवार दोपहर एक अज्ञात युवक का शव बबूल के पेड़ से लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा और जांच पड़ताल की। शव की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। पुलिस के अनुसार काले रंग के गमछे के सहारे युवक का शव लटका था। मृतक की उम्र 25 साल होगी। वह काले-सफेद रंग की चेकदार शर्ट और जींस पहने था। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि ने बताया कि शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। 
विज्ञापन
विज्ञापन


ब्रेक फेल होने से बाइक पेड़ से टकराई, युवक की मौत
चौबेपुर थाना क्षेत्र के जाल्हुपुर धर्मपुर निवासी नीतीश सिंह (23) की बृहस्पतिवार दोपहर सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, नीतीश साथी आकाश के साथ बाइक से सोनबरसा आजाद चौराहा से घर लौट रहा था। 

भगततुआ बर्थरापुल के पास अचानक बाइक का ब्रेक फेल हो गया। बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। बाइक पर पीछे बैठे नीतीश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। आकाश को एंबुलेंस से नरपतपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां से उसे बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। कार्यवाहक थाना प्रभारी राजेंद्र यादव ने बताया कि कार्रवाई की जा रही है।

पानी के विवाद में मारपीट, पति-पत्नी समेत 3 घायल
मिर्जामुराद क्षेत्र के प्रतापपुर गांव में बृहस्पतिवार को पानी लेने के विवाद में मारपीट हो गई। आरोप है कि नशे में धुत मनबढ़ ने बेटे के साथ मिलकर लाठी-डंडे से हमला कर पति-पत्नी समेत तीन लोगों को घायल कर दिया। प्रतापपुर गांव निवासी जयचंद पटेल की पत्नी बबीता देवी (40) बृहस्पतिवार को सबमर्सिबल से पानी भर रही थी। गांव के शीतल व पुत्र कबीर विवाद करने लगे। विरोध करने पर मारने पीटने लगे। पत्नी के बचाव में आए पति और बेटे को भी आरोपियों ने मारपीट कर घायल कर दिया। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

महिला के बैग से 69 हजार की चोरी
कैंट थाना क्षेत्र में ई रिक्शा से सफर के दौरान एक महिला के बैग से 69 हजार रुपये चोरी हो गई। पीड़िता ने अज्ञात महिला पर शक जताते हुए पुलिस से शिकायत की है। प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मकबूल आलम मार्ग निवासी ममता मौर्या पांडेयपुर इंडियन बैंक से 69 हजार रुपये निकालकर ई-रिक्शा से कचहरी की ओर जा रही थीं। उनके साथ सगी बहन और भतीजी भी थीं। रास्ते में एक बुर्का पहने महिला पांच वर्ष के बच्चे को गोद में लेकर ई-रिक्शा में आकर बैठ गई। बातचीत के दौरान किसी ने मौका पाकर बैग से 69 हजार रुपये पार कर दिए। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि जांच की जा रही है। 

अतिक्रमण करने पर राइन गार्डेन के मालिक पर प्राथमिकी
कोतवाली थाना क्षेत्र के हरतीरथ इलाके में राइन गार्डेन के मालिक और संचालक पर सड़क अतिक्रमण और यातायात बाधित करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। थाना प्रभारी दयाशंकर सिंह ने बताया कि अमिया मंडी चौकी प्रभारी की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। चेतावनी के बाद भी आरोपी ने भोजन के अवशेष के लिए प्लास्टिक ड्रम सड़क पर रखकर रास्ता जाम किया था। 

किशोरी को बहलाकर ले जाने का आरोपी गिरफ्तार
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में वांछित अभिषेक राजभर को पुलिस ने भुल्लनपुर रेलवे स्टेशन के पास पुल के नीचे से गिरफ्तार किया, जबकि किशोरी को परिजनों के हवाले कर दिया गया। थाना प्रभारी अजयराज वर्मा ने बताया कि लखनपुर भुल्लनपुर निवासी अभिषेक के खिलाफ किशोरी के पिता ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। 

किशोरी मिली, आरोपी गिरफ्तार 
सारनाथ क्षेत्र से किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में आरोपी शशांक पाल निवासी नई बाजार दुर्गा भवानी छाही को पुलिस ने गिरफ्तार किया। अपहृता को सकुशल बरामद किया गया। पीड़िता की मां ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोपी किशोरी को शादी का झांसा दिया था। थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि किशोरी को सुरक्षित बरामद कर लिया है। 

शीतला धाम में चेन स्नेचिंग करते पकड़ी गई महिला
मिर्जामुराद क्षेत्र के प्रतापपुर में शीतला माता धाम में बृहस्पतिवार को चैत पूर्णिमा पर लगे वार्षिक शृंगार मेले में भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के गले से चेन और मंगलसूत्र चोरी करने वाली महिला को श्रद्धालुओं ने पकड़ लिया। लोगों ने उसकी पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि पकड़ी गई महिला लालपुर-पांडेयपुर क्षेत्र की निवासी है। पूछताछ की जा रही है। 

मंगलसूत्र खरीदने वाले सुनार समेत दो गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस ने सिद्ध माता मंदिर में दर्शन करने गई महिला से मंगलसूत्र छीनने के मामले में पुलिस ने गले हुए पीले धातु के साथ सोनार सहित मंगलसूत्र नोचने वाले युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पियरी निवासी पूनम देवी ने कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पूनम देवी दर्शन कर रही थी, इस दौरान एक युवक उनके गले से मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गया था। थाना प्रभारी दया शंकर सिंह ने बताया कि सदानंद निषाद ने चेन छीनी थी। सोनार अरविंद सेठ ने चोरी के जेवर को खरीदकर उसे गलाने का काम किया। 

किशोरी को भगाने का आरोपी गिरफ्तार
शादी का झांसा देकर किशोरी को भगाने के आरोपी को पुलिस ने भुल्लनपुर रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, लखनपुर भुल्लनपुर निवासी अभिषेक राजभर किशोरी को एक अप्रैल को शादी का झांसा साथ ले गया था। थाना प्रभारी अजयराज वर्मा ने बताया कि आगे की कार्रवाई की जा रही है। 

जमीन के विवाद में मारपीट, पांच घायल
बड़ागांव थानाक्षेत्र के लुच्चेपुर भटौली गांव में बुधवार शाम जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। घटना में तीन महिलाओं समेत पांच लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने नौ लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। रानी देवी ने आरोप लगाया कि फक्कड़, कन्हैया, दिलीप और रमेश ने मारपीट कर उन्हें और उनकी चाची साधना को घायल कर दिया। दूसरे पक्ष के दिलीप सोनकर ने आरोप लगाया कि लालजी, विमलेश, विनोद, रामचंदर और सोनू ने उन्हें, उनके पिता कन्हैया और शीला देवी को पीटकर घायल कर दिया। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। 

जमीन के बैनामे के नाम पर 9.50 लाख लेकर ठगी
फूलपुर थाना क्षेत्र में जमीन की खरीद-फरोख्त के नाम पर 9.50 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। एसीजेएम चतुर्थ न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पुरा रघुनाथपुर निवासी कृष्ण मोहन मिश्र ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि उनकी मुलाकात सुहई निवासी आशुतोष कुमार दूबे व पिता अरुण कुमार दूबे से पिंडरा तहसील में हुई थी। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

वसूली करने वाले गिरोह के सात गिरफ्तार
गाजीपुर के शादियाबाद कस्बे में बृहस्पतिवार शाम खुद को सेल्स टैक्स, इनकम टैक्स व जीएसटी विभाग का अधिकारी बताकर व्यापारियों से वसूली करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ। पुलिस ने एक महिला सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का सरगना भीड़ का फायदा उठाकर भाग गया।थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी खुद को लखनऊ से आई जांच टीम का सदस्य बताकर व्यापारियों को डराकर रुपये वसूल रहे थे। आरोपियों में अनिल कुमार निवासी चोलापुर वाराणसी, रवि पटेल लहरतारा वाराणसी, देवा पटेल शिवपुर वाराणसी हैं।

पुल से कूदने जा रही किशोरी को राहगीरों ने बचाया
राजघाट पुल से बृहस्पतिवार रात कूदकर जान देने जा रही एक किशोरी को राहगीरों ने बचा लिया। इसके बाद उसे पुलिस को सौंपा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार  किशोरी राजघाट पुल पर पहुंची थी। पुल से गुजर रहे लोगों को आशंका हुई तो उसे पकड़ लिया। थाना प्रभारी आदमपुर विमल मिश्रा ने बताया कि किशोरी चंदौली की है। मां की डांट से नाराज होकर मालवीय पुल से कूदने के इरादे से आई थी। किशोरी के परिजनों को थाने बुलाया गया और समझाकर उन्हें सौंप दिया गया। 

थाने के सामने टूरिस्ट बस पर गिरी पेड़ की डाल
कोतवाली थाने क्षेत्र में कंपनी गार्डन के गेट के सामने बृहस्पतिवार को पेड़ की डाल टूरिस्ट बस पर गिर गई। घटना के समय बस के अंदर कोई सवार नहीं था। मैदागिन निवासी अविनाश यादव ने बताया कि वह कंपनी गार्डन में टहलने आए थे। अचानक तेज आवाज के साथ पेड़ की डाल  नीचे गिर गई और पास खड़ी टूरिस्ट बस चपेट में आ गई। बस को आंशिक क्षति पहुंची है। डाल गिरने के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से डाल को सड़क से हटाकर किनारे किया गया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका। थाना प्रभारी दयाशंकर सिंह ने बताया कि मौके पर पहुंचकर जानकारी ली गई। 

जज से सेंट्रल बार पदाधिकारियों ने की मुलाकात
नवनियुक्त प्रशासनिक जज न्यायमूर्ति सिद्धार्थ से सेंट्रल बार एसोसिएशन वाराणसी के पदाधिकारियों ने प्रयागराज में उनके चेंबर में शिष्टाचार मुलाकात की। नेतृत्व सेंट्रल बार के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह गौतम ने किया। मुलाकात के दौरान सेंट्रल बार के महामंत्री आशीष सिंह, एडवोकेट अंकुर प्रकाश, कुलदीप सिंह मौजूद रहे। जनपद न्यायालय वाराणसी से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। प्रशासनिक जज ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वे शीघ्र ही वाराणसी आकर अधिवक्ताओं से मुलाकात करेंगे और न्यायालय से जुड़े मामलों के समाधान के लिए सार्थक प्रयास किए जाएंगे। 

छह औद्योगिक इकाइयों पर छापा, दो के नमूने भेजे 
डीएम सत्येंद्र कुमार के निर्देश पर जिले में बृहस्पतिवार को उर्वरक निरीक्षक और उद्योग विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने छह औद्योगिक इकाइयों पर छापा मारा। टीम-1 में जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह और उद्योग विभाग के सहायक प्रबंधक श्रीपाल शामिल रहे। तहसील सदर टीम-2 में जिला कृषि रक्षा अधिकारी बृजेश विश्वकर्मा और उद्योग विभाग के सहायक आयुक्त ध्रुव सिंह रहे। तहसील राजातालाब और टीम-3 में उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी-सदर निरूपमा सिंह, वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-1 रोहित कुमार सिंह रहे। उद्योग विभाग के सहायक प्रबंधक संजय सिंह को तहसील पिंडरा आवंटित किया गया। निरीक्षण में 2 टेक्निकल ग्रेड यूरिया का नमूना लिया गया। जिसे जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा गया। 

जमीन के विवाद में बढ़ा तनाव, पुलिस ने कराया शांत
चौबेपुर थाना क्षेत्र के सिरिस्ती गांव में जमीन के विवाद में फिर तनाव की स्थिति बन गई। क्षेत्रीय विधायक के प्रस्तावित सड़क निर्माण को छह महीने से विवाद चल रहा है। मामला गांव निवासी विजय कुमार राय की जमीन पर रास्ता बनाने से जुड़ा है। विरोध में ग्रामीणों ने हंगामा किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। विजय कुमार राय और अनिल राय का कहना है कि विवादित जमीन उनकी पैतृक आबादी की है, जहां वे वर्षों से रह रहे हैं। उनका दावा है कि मामला न्यायालय में है। अदालत ने निर्माण पर रोक लगा रखी है।  चौबेपुर के कार्यवाहक थाना प्रभारी राजेंद्र यादव ने बताया कि मामला राजस्व विभाग से जुड़ा है। 

सही जानकारी देकर रिटायर्ड कर्मी से ठगी
साइबर ठगों ने एक रिटायर्ड आरपीएफ कर्मी को रेलवे से जुड़ी सही जानकारी देकर पहले भरोसा जीता और फिर खाते से 97,900 रुपये उड़ा दिए। भुक्तभोगी की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज जांच शुरू कर दी है। राना नगर कॉलोनी फुलवरिया निवासी सूबेदार सिंह यादव ने तहरीर में बताया कि 30 मार्च 2026 को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया।

कॉल करने वाले ने खुद को रेलवे से संबंधित बताते हुए उनकी सेवा और पेंशन से जुड़ी जानकारी सही-सही बताई, जिससे वह उसके बातों में आ गए। आरोपी ने डराया कि आरपीएफ पेंशन बंद हो सकती है। बातचीत में उलझाकर यूपीआई से खाते से जुड़ी जरूरी जानकारी हासिल कर ली। ठगों ने बैंक खाते से कुल 97,900 रुपये की अवैध निकासी कर ली। थाना प्रभारी कैंट शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि जांच की जा रही है। 

अंगुली तोड़ने वाले पर प्राथमिकी दर्ज
लंका थाना क्षेत्र के रमना बनपुरवा इलाके में रहने वाले रोहित वर्मा की शिकायत पर नरोत्तमपुर के सुनील यादव के खिलाफ मारपीट सहित अन्य मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि वो बजबजा प्लॉट के पास खेल रहे थे। इस दौरान आरोपी अकारण गालीगलौज करने लगा। विरोध करने पर बैट से मारने लगा। मारपीट के दौरान उनकी हाथ की अंगुली टूट गई। पुलिस जांच में जुटी है। 

नमो घाट के पास नाव खड़ी करने के विवाद में महिला पर किया हमला
आदमपुर थाना क्षेत्र के राजघाट पर नाव की देखरेख करने गई महिला के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। भाजपा महिला मोर्चा सराय मोहाना मंडल अध्यक्ष मंजू साहनी ने गोविंद, अभिषेक, अजय और अन्नु के खिलाफ प्राथमिक दर्ज कराई है। पुलिस को तहरीर में आरोप लगाया है कि घाट पर कुछ लोगों ने अचानक हमला कर दिया। मंजू साहनी के अनुसार वह अपनी नाव देखने नमो घाट के पास गई थीं। आरोपियों ने उन्हें धमकाया भी।  

मंजू साहनी का आरोप है कि जिन युवकों ने विवाद किया है उन्होंने कुछ दिनों पहले नमो घाट पर आरती स्थल के सामने अपना बजड़ा लगाने को लेकर घाट के मैनेजर मनीष सिंह की पिटाई कर दी थी। अभिषेक सहित अन्य के खिलाफ आदमपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। 

नाविकों का कहना है कि अभिषेक और उसके भाई गोविंद सहित अन्य आरोपी नमो घाट से नाव और बजड़े का संचालन अभी भी कर रहे हैं। पर्यटकों को बिना जेटी के नाव पर चढ़ाया जाता है। थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

दिन में चोरी, मकान मालिक पहुंचा तो भागे
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के चांदपुर-महेशपुर औद्योगिक क्षेत्र के रघुवंश नगर कॉलोनी में चोरी के दौरान मकान मालिक के पहुंचने पर चोर धक्का देकर भाग निकले। पुलिस ने जांच पड़ताल की। सीसी कैमरे में तीन नाबालिग दिखे। पुलिस ने तीनों को चिह्नित कर खोज शुरू कर दी है। कॉलोनी में तीन भाइयों अशोक सिंह, राजकुमार सिंह और राजेश कुमार सिंह का मकान है। दिवंगत अशोक सिंह की पत्नी रेनू सिंह किडनी ट्रांसप्लांट के लिए इन दिनों बेटे प्रभात के साथ बंगलूरू में हैं। 

राजकुमार सिंह और राजेश कुमार सिंह ने भी अन्य स्थानों पर नया मकान बनवा लिया है और परिवार के साथ रहते हैं। तीनों भाइयों का अधिकतर सामान रघुवंश नगर मकान के कमरों में बंद है। बृहस्पतिवार सुबह राजेश कुमार सिंह जब मकान पर पहुंचे और मुख्य दरवाजे का ताला  खोलकर अंदर गए तो घर का सामान बिखरा था। 

देखा कि तीन नाबालिग चोर प्लास्टिक के बोरों में सामान भर रहे थे। राजेश कुमार सिंह ने चोरों को ललकारा तो तीनों ने धक्का देकर उन्हें गिरा दिया और भाग निकले। उनका कहना था कि पहले  भी कई बार चोरी का प्रयास किया गया। थाना प्रभारी अजय राज वर्मा ने बताया कि तीनों सीसी कैमरे में दिख रहे हैं, खोजबीन की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। 

भजनों से किया माता कालरात्रि का बखान
वाराणसी। चैत्र पूर्णिमा पर विश्वनाथ मंदिर के कालिका गली स्थित माता कालरात्रि के दरबार में भजन संध्या का आयोजन हुआ। महंत रवीन्द्र नारायण तिवारी के आचार्यत्व में भगवती का शृंगार व आरती की गई। भजन संध्या में कलाकार अनिता चौबे ने भजनों से माता का गुणगान किया। देवी पचरा, प्यारा सजा है तेरा द्वार भवानी, अम्बे तू है जगदंबे काली देवी गीतों से माता की आराधना की। भजन संध्या में शिवम दीक्षित, प्रद्युम्न शुक्ला, प्रकाश सिंह, नीलिमा राय, हिमांशु राय, आयुष्मान सिंह आदि रहे। संवाद

मां विंध्यवासिनी का हुआ शृंगार, चढ़ा बधावा
काशीपुरा स्थित मां जगत् जननी जगदम्बा मां विंध्यवासिनी के अलौकिक शृंगार के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी। मां को भव्य बधावा अर्पित किया गया। गंगू का शिवाला अखाड़ा से मां विंध्यवासिनी चालीसा और स्तोत्र पाठ किया गया। कसेरा समाज ने माला, चुनरी, नारियल और फलों से सजाकर अखंड दीप एवं धातु निर्मित ध्वजा के साथ भव्य जुलूस निकाला। जुलूस बुलानाला, चौक और गोविंदपुरा होते हुए माता के दरबार में पहुंचा, जहां बधावा की थाल माता के चरणों में अर्पित की गई। स्तोत्र पाठ के बाद मातारानी की आरती का आयोजन किया गया। 

ओड़िशा की परंपराएं और खानपान एक-दूसरे के पूरक
बीएचयू में ओड़िशा की परंपराओं और खानपान को एक तराजू पर ताैला गया। दोनों एक दूसरे के पूरक हैं। वहां के भोजन कलिंग युद्ध, शिशुपालगढ़ और खारवेल से जुड़े हैं। जगन्नाथ मंदिर का विशाल रसोईघर भी विशेष है। बृहस्पतिवार को ओड़िया को जानें, ओडिशा को जानें: ओड़िया सांस्कृतिक विरासत की एक झलक कॉन्क्लेव के दूसरे दिन हुए कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जीवन को महिला सशक्तीकरण के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया गया। 

कर्नाटका गेस्ट हाउस का शिलान्यास
हनुमान घाट पर कर्नाटक गेस्ट हाउस के निर्माण के लिए बृहस्पतिवार को शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर पीडब्ल्यूडी के अधिकारी एके सिंह सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे। बताया गया कि लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से गेस्ट हाउस का निर्माण किया जाएगा। पहले चरण में पाइलिंग और रिटेनिंग वॉल के निर्माण के लिए कार्यदायी एजेंसी बीआईपीएल को 12 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। 

गुड फ्राइडे आज: 12 मसीहियों के पांव धोए, प्रभु को भोग अर्पित किए
जिले में शुक्रवार को गुड फ्राइडे मनाया जाएगा। इस दिन प्रभु यीशु के क्रूस पर चढ़ाने की झांकी सजाई जाएगी और मसीही उपवास तथा प्रार्थना के माध्यम से प्रभु की उपासना की जाएगी। बृहस्पतिवार को शहर के चर्चों में शाम से देर रात तक प्रभु भोज और पुरोहितों द्वारा पांव पखारे जाने की परंपरा निभाई गई। छावनी स्थित महागिरजा में विशेष पूजा का आयोजन किया गया।

काशी धर्मप्रांत के बिशप फादर यूजीन जोसेफ के नेतृत्व में पुरोहितों ने प्रभु भोग की परंपरा का पालन किया। यीशु के जनसेवा के संदेश का प्रतीक मानते हुए 12 मसीहियों के पांव पखारे गए और उन्हें उपहार दिए गए। प्रार्थना सभा और रातभर जागरण प्रभु यीशु के पकड़े जाने और क्रूस पर चढ़ाए जाने की स्मृति में आयोजित किया गया। 

आराधना के बाद चर्च की मुख्य वेदी से वस्त्र और आवरण हटा दिए गए, जबकि क्रूस को ढक दिया गया। फादर फिलिप ने बताया कि राख बुधवार की शुरुआत 18 फरवरी से हुई थी। गुड फ्राइडे के बाद, 5 अप्रैल को ईस्टर मनाया जाएगा। वाराणसी के लाल चर्च, सिगरा, तेलियाबाग, गिरजाघर, मुढैला, शिवपुर और लंका सहित अन्य चर्चों में भी रातभर पूजा का आयोजन हुआ।

कल चार राज्यों से पांच हजार सिंधी करेंगे गुरु बंदगी
काशी में चार राज्यों से पांच हजार से अधिक सिंधी भक्त साईं वसणशाह की याद में आयोजित महामेला में गुरु बंदगी करने 4 अप्रैल को एकत्र होंगे। यह आयोजन संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मैदान में रात 8 बजे से शुरू होगा। साईं महाराष्ट्र के उल्लासनगर से आए कालीराम साहिब के सत्संग में शिरकत करेंगे। पिछले साल यह आयोजन अयोध्या में हुआ था। आयोजन के प्रवक्ता ओमप्रकाश ओमी ने बताया कि साईं वसणशाह दरबार उल्लासनगर, महाराष्ट्र के पीठाधीश्वर बाबा साईं कालीराम साहिब के सानिध्य में आयोजित होगा। इसमें उत्तर प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और दिल्ली से पांच हजार से अधिक अनुयायी शामिल होंगे। कार्यक्रम में बाबा साईं कालीराम साहिब का सत्संग, भजन और अन्य धार्मिक आयोजन होंगे। 

वरुणापार की सड़कों पर गूंजा... आधी रोटी खाएंगे, स्कूल पढ़ने जाएंगे...
प्राथमिक विद्यालय खरावन में बृहस्पतिवार को वार्षिकोत्सव मनाया गया। मुख्य अतिथि बीएसए अनुराग श्रीवास्तव और खंड शिक्षा अधिकारी विजय प्रकाश यादव ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय में नए सत्र के तहत बृहस्पतिवार को 55 नामांकन किए गए। शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मां काली का भव्य रूप धारण कर रक्तबीज वध का मंचन किया गया। इसके अलावा योग प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही। 

कल से 4 नाटकों का मंचन और 8 विशिष्टजनों का होगा सम्मान
ऑल इंडिया कल्चरल कॉउंसिल का दो दिवसीय अधिवेशन, नाट्य और सम्मान समारोह चार-पांच अप्रैल को नागरी नाटक मंडली प्रेक्षागृह में अपराह्न तीन बजे से होगा। इसमें चार नाटकों का मंचन, चार निर्देशकों का सम्मान और विविध क्षेत्रों के 8 विशिष्ट लोगों का सम्मान होगा। समारोह वरिष्ठ नाट्यकर्मी स्व. राजेंद्र उपाध्याय और मोती लाल गुप्ता को समर्पित होगा। 

बुलानाला के एक गेस्ट हाउस में बृहस्पतिवार को काउंसिल के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरिष्ठ रंगकर्मी सलीम राजा और काउंसिल के राष्ट्रीय महासचिव कुमार बलवंत ने बताया कि पहले दिन अधिवेशन का उद्घाटन प्रतिष्ठित साहित्यकार डॉ. नीरजा माधव, डॉ. शशिकला पांडेय, डॉ. रामसुधार सिंह और लखनऊ के वरिष्ठ नाट्यकर्मी ललित सिंह पोखरिया करेंगे। माध्यम संस्थान प्रयागराज की नाट्य प्रस्तुति एक्ट्रेस और कामायनी वाराणसी के कलाकार अंडे के छिलके नाटक की प्रस्तुति करेंगे। अंतिम दिन पृथ्वी रंगमंच कानपुर के कलाकार नाटक डेढ़ इंच ऊपर और आचार्य रामचंद्र शुक्ल साहित्य शोध संस्थान के नाटक सत्य हरिचंद्र की प्रस्तुति होगी।

बेटियां धन, विद्या और शक्ति तीनों की देवी, उन्हें गर्भ में ना मारें: गीताम्बा तीर्थ
डाफी की कमला आशीर्वाद वाटिका में चल रही नौ दिवसीय संगीतमय श्रीमद् देवी भागवत कथा के पांचवें दिन बृहस्पतिवार को कथा देवी उपासिका साध्वी गीतांबा तीर्थ ने लोगों से कन्या भ्रूण हत्या न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह बड़े ही आश्चर्य की बात है कि धन, विद्या और शक्ति तीनों की देवी मां सरस्वती, मां दुर्गा व मां लक्ष्मी हैं और तीनों का स्वरूप महिला के हैं। इसके बावजूद लोग गर्भ में ही कन्या का पता लगाते ही उसकी हत्या करने से नहीं चूक रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि कन्या जन्म लेना अभिशाप नहीं है बल्कि कन्या तो घर की लक्ष्मी है। जिस घर में कन्या है उस घर में धन, शक्ति और विद्या तीनों विद्यमान रहता है। आज नवरात्र में नौ कन्याएं नहीं मिल रही है कि लोग उसे अपने घर बुलाकर भोजन करा पाएं। 

नियमों की अनदेखी पर नगर निगम ने 29 फर्मों को किया ब्लैकलिस्ट
टेंडर प्रक्रिया के दौरान लापरवाही व नियमों के उल्लंघन को नगर निगम ने गंभीरता से लिया है। नगर निगम ने 29 फर्मों और संस्थाओं को तत्काल प्रभाव से ब्लैकलिस्ट (काली सूची) कर दिया है, जिन्होंने धरोहर राशि (ईएमडी) और टेंडर फीस जमा किए बिना ही निविदा में प्रतिभाग किया था।

दरअसल, निगम की ओर से आमंत्रित निविदाओं में संबंधित फर्मों के लिए ईएमडी की धनराशि और टेंडर फीस जमा करना अनिवार्य था। आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि इन फर्मों को काली सूची में डाल दिया है। भविष्य में भी पारदर्शिता से समझौता करने वाली फर्मों पर इसी तरह की कठोर कार्रवाई की जाएगी।

प्रमुख ब्लैक लिस्टेड फर्म
मेसर्स बीएलडी कंस्ट्रक्शन एंड सप्लाय, मेसर्स मां गंगा कंस्ट्रक्शन, मेसर्स शांति इ. प्रा., मे. देव इ. प्रा., मे. श्रीराम डेवलपर्स, मे. कुशाग्र इ. प्रा., मे. सिद्धार्थ कंस्ट्रक्शन, मे. बाबा विश्वनाथ ट्रेडर्स, मे. विराज इ. प्रा., मे. आरके कंस्ट्रक्शन, मे. रवि नारायण सिंह, मे. श्री बद्री विशाल विभु इ. प्रा., मे. बनारस एसोसिएट, मे. राज एसोसिएट, मे. श्रीजी इन्फ्रा, मे. श्रीविकास इ. प्रा., मे. इंद्रपमा कंस्ट्रक्शन, मे. कुश इ. प्रा., मे. वैष्णो इ. प्रा., मे. बालाजी इ. प्रा., मे. त्रिदेव इ. प्रा., मे. सुषमा कंस्ट्रक्शन, मे. अयांश इ. प्रा., मे. सिद्धि इ. प्रा., मे. धाम इ. प्रा., मे. आरपी इ. प्रा., मे. श्री विष्णु इ. प्रा.।

अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज मामले में कुलपति को नया आदेश जारी करने का निर्देश
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज की प्रबंध समिति की ओर से दायर विशेष अपील पर सुनवाई करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति को पूर्व में जारी अपने एक आदेश को वापस लेने की अनुमति दे दी है। साथ ही कुलपति को नए सिरे से निर्णय लेने का निर्देश भी दिया है। यह आदेश न्यायमूर्ति सौमित्र दयाल सिंह और न्यायमूर्ति स्वरूपमा चतुर्वेदी की खंडपीठ ने दिया है। ब्यूरो

वाराणसी से दिल्ली के लिए चलेगी समर स्पेशल
गर्मियों में यात्रियों का सफर सुगम बनाने के लिए उत्तर रेलवे प्रशासन वाराणसी से दिल्ली के लिए समर स्पेशल ट्रेन चलाएगा। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने यह जानकारी दी। ट्रेन 04209 वाराणसी-दिल्ली स्पेशल 15 से 20 अप्रैल और 27 अप्रैल से 15 जुलाई तक हर सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को चलेगी। वाराणसी से रात सवा दस बजे चलकर ट्रेन मां बेल्हादेवी धाम, रायबरेली होते हुए सुबह 3:30 बजे लखनऊ पहुंचेगी। इसके बाद हरदोई, रामपुर, मुरादाबाद, हापुड़, गाजियाबाद के रास्ते दोपहर डेढ़ बजे दिल्ली पहुंचेगी।

18 अप्रैल से शुरू होगी वीडीए की ओटीएस
वीडीए की ओर से एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) 2026 लागू की गई है। वीडीए उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा के अनुसार बकाया जमा करने पर दंड ब्याज पूरा माफ किया गया है। 30 दिन में एकमुश्त भुगतान पर 3 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट दी जाएगी। यह योजना केवल 03 माह की अवधि के लिए लागू रहेगी। योजना 18 अप्रैल से शुरू होगी। आवेदन करने एवं योजना का लाभ प्राप्त करने की अंतिम तिथि योजना शुरू होने से तीन माह के भीतर निर्धारित की गई है। अधिक जानकारी के लिए www.vdavns.com वेबसाइट पर जा सकते हैं। हेल्पलाइन नंबर 9616536355 / 9580956031 पर भी फोन कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। 

20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं हवाएं, 5 अप्रैल को बारिश का यलो अलर्ट
अप्रैल की शुरुआत में ही काशी का पारा 39.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। वहीं रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बृहस्पतिवार को इस सीजन की सबसे तीखी धूप रही। इससे 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली गर्म हवा हल्की लू जैसी महसूस हुई।

मौसम विज्ञान विभाग ने 5 अप्रैल को बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। बिजली चमकने और गरजने के साथ पूरे दिन एक या दो बार बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही हवा 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने का अनुमान है। यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 4 अप्रैल से पूर्वी यूपी में बारिश के आसार हैं, जो 8 अप्रैल तक जारी रह सकते हैं। इससे तापमान 3-4 डिग्री सेल्सियस तक कम होने की संभावना है। 

निजी पार्किंग संचालकों से जानकारी लेकर तैयार किया जाएगा डेटाबैंक
शहर में पार्किंग की समस्या को दूर करने के लिए निजी पार्किंग संचालकों से डेटा मांगा जा रहा है। इसके आधार पर तैयार डेटाबैंक से शहर में पार्किंग की जरूरतों के बारे में पता चलेगा। इस काम में नगर निगम के अलावा स्मार्ट सिटी, यातायात, पुलिस आदि विभागों की भी मदद ली जाएगी। शहर में पार्किंग चलाने वाले संचालकों से रिपोर्ट मांगी जा रही है। उनके यहां पार्क होने वाले वाहनों की औसत संख्या क्या है, उनके पास उपलब्ध क्षेत्रफल क्या है, संचालन पर कितना खर्च होता है।

इसके आधार पर पार्किंग की उपलब्धता की जानकारी मिलेगी। नगर निगम की ओर से ऑटो और ई-रिक्शा के लिए ऐसे स्थल चिह्नित करने के सुझाव मांगे गए हैं, जहां चालक सिर्फ सवारी उतारेंगे और तुरंत वहां से निकल जाएंगे। इन स्थलों पर वाहनों को खड़ा करने की सख्त मनाही होगी। शहर के पार्किंग शुल्क को लेकर आए दिन दिक्कत आ रही है। शहर के प्रमुख चौराहों पर लगने वाले जाम को ध्यान में रखकर पिक एंड ड्राप की व्यवस्था पर बल दिया जा रहा है।

सहायक नगर आयुक्त अनिल कुमार यादव की ओर से सभी निजी पार्किंग संचालकों से जानकारी मांगी जा रही है। इसके आधार पर आने वाले दिनों में बैठक होगी। इसी आधार पर एक रूपरेखा तय की जाएगी, ताकि पार्किंग को लेकर आने वाली समस्याओं का समाधान किया जा सके।

स्कूली वाहनों का विवरण यूपीआईएसवीएमपी पोर्टल पर अपलोड करना जरूरी
स्कूली वाहनों की सुरक्षा और निर्धारित मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए 1 से 15 अप्रैल तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सभी विद्यालयों को यूपीआईएसवीएमपी पोर्टल पर ऑनबोर्ड करते हुए अपने सभी स्कूली वाहनों का विवरण अपलोड करना अनिवार्य किया गया है। एआरटीओ (प्रशासन) मनोज प्रसाद वर्मा और एआरटीओ (प्रवर्तन) सुधांशु रंजन ने सभी विद्यालयों से समयबद्ध तरीके से पोर्टल पर ऑनबोर्डिंग प्रक्रिया पूरी करने को कहा है। 

उन्होंने बताया कि भविष्य में प्रत्येक स्कूली वाहन के लिए क्यूआर कोड भी जारी किया जाएगा, जिसे स्कैन कर वाहन और चालक की जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। विद्यालय अपने यूडीआईएसई कोड के माध्यम से पोर्टल पर लॉगिन कर वाहनों से संबंधित जानकारी जैसे स्पीड गवर्नर, फर्स्ट एड किट, जीपीएस ट्रैकर और अग्निशमन यंत्र आदि का विवरण दर्ज करेंगे। 

बीएचयू के छात्र और कर्मचारी स्वास्थ्य केंद्र के नए प्रमुख
बीएचयू के छात्र स्वास्थ्य केंद्र और कर्मचारी स्वास्थ्य केंद्र के प्रमुख बदलने की सूचना जारी की गई है। डॉ. पीआर सेन को छात्र स्वास्थ्य केंद्र का सीएमओ इंचार्ज बनाया जाएगा। वर्तमान में प्रमुख डॉ. आरके गुप्ता 31 मई तक रिटायर हो जाएंगे। इसके बाद डॉ. पीआर सेन 2027 तक होंगे। वहीं, डॉ. नीति सिंह को कर्मचारी स्वास्थ्य केंद्र का चीफ मेडिकल ऑफिसर इंचार्ज नियुक्त किया गया है। वह 31 मई के बाद से अगले तीन साल के लिए काम करेंगे। कुलसचिव कार्यालय की ओर से ये जानकारी दी गई।

कुलपति ने किया राजकीय बालिका गृह का दौरा
काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी और प्रोफेसर्स की टीम ने रामनगर के राजकीय बालिका गृह का दौरा किया। उसमें रहने वाली बालिकाओं के साथ संवाद किया। कुलपति प्रो. त्यागी ने बालिकाओं से ही उनकी समस्याएं सुनीं। अध्ययन और परीक्षा संबंधी समस्या के समाधान में विश्वविद्यालय से सहयोग के लिए टीम को निर्देश दिया। राजकीय बालिका गृह के कर्मचारियों ने डॉक्टर और पैरा मेडिकल स्टाफ की विशेष जरूरत बताई। कुलपति प्रो. त्यागी ने बालिकाओं की काउंसिलिंग के लिए विवि से मनोविज्ञान विभाग से वरिष्ठ शोधार्थियों को भेजने की व्यवस्था की।

कई देशों के 54 रचनाकारों ने दिखाई अपनी चित्रकारी 
बीएचयू के महिला महाविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय कला शिविर और प्रदर्शनी का बृहस्पतिवार को उद्घाटन हुआ। इसमें विदेशी कलाकारों में नेपाल से किशोर नाकर्मि और मंगल प्रजापति, मॉरीशस के हिमेश बाबूलाल (बीएचयू के छात्र) और श्रीलंका से उद्यंगिनी, साउथ कोरिया से सियोन्जा शिन, बांग्लादेश से सुदीप्ता स्वर्णकार ने अपने रचनात्मक कार्यों की प्रस्तुति दी। कई राज्यों से के चित्रकारों सहित 54 कलाकारों की प्रदर्शनी भी देखने को मिली। अब चार अप्रैल तक कार्यशाला चलेगी। इसमें निर्मित चित्रों की प्रदर्शनी आजाद कला दीर्घा, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में लगाई जाएगी। मुख्य अतिथि रिटायर्ड प्रो. मंगला कपूर और संस्कार भारती के प्रांतीय संगठन मंत्री दीपक शर्मा रहे। 

डीएवी-डीयू के मिरांडा हाउस में शोध-अध्ययन के लिए एमओयू
बीएचयू के संबंद्ध कॉलेज डीएवी और डीयू के मिरांडा हाउस कॉलेज के बीच फैकल्टी एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत एक एमओयू पर हस्ताक्षर हुए। बृहस्पतिवार को मिरांडा हाउस की प्राचार्य प्रो. बिजयलक्ष्मी नंदा और डीएवी के प्राचार्य प्रो. मिश्रीलाल ने हस्ताक्षर किए। एमओयू के तहत दोनों कॉलेज रिसर्च और प्रकाशन के लिए एक दूसरे के सहयोग से काम करेंगे। सिंपोजियम, कार्यशाला, कॉन्फ्रेंस, प्रशिक्षण कार्यक्रम, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियां होंगी। महाविद्यालय के प्रबंधक अजीत कुमार सिंह यादव, उप प्राचार्य द्वय प्रो. संगीता जैन, प्रो. राहुल आदि मौजूद रहे। 

जैपुरिया स्कूल बाबतपुर में नया सत्र शुरू, तिलक लगाकर किया विद्यार्थियों का स्वागत
सेठ एमआर जैपुरिया स्कूल, बाबतपुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ बड़े उत्साह और उमंग के साथ हुआ। नए सत्र के पहले दिन विद्यालय परिवार ने बच्चों का पारंपरिक ढंग से तिलक लगाकर स्वागत किया गया। विद्यालय के चेयरमैन दीपक कुमार बजाज ने कहा कि प्रत्येक नया सत्र विद्यार्थियों के जीवन में नई ऊर्जा और संभावनाएं लेकर आता है।

विद्यालय की प्रधानाचार्या सुधा सिंह के नेतृत्व में शिक्षकों की ओर से विद्यार्थियों के लिए विभिन्न मनोरंजक और शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन हुआ। कार्यक्रमों में खेल, संगीत और नृत्य प्रमुख आकर्षण रहे। विद्यालय परिसर को गुब्बारों से सजाया गया। विद्यालय में सेल्फी कॉर्नर भी बनाया गया। यहां बच्चों ने अपने साथियों और शिक्षकों के साथ यादगार तस्वीरें खिंचाईं। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों को नए सत्र के लिए शुभकामनाएं दीं।

सेवानृवित्त शिक्षकों का हुआ सम्मान
बेसिक शिक्षा परिषद के चिरईगांव ब्लाॅक मुख्यालय पर शिक्षक सम्मान समारोह और विदाई कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी प्रीति सिंह ने की। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के भविष्य निर्माता होते हैं। वह देश के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सेवानिवृत्त हो रहे वरिष्ठ शिक्षकों का सम्मान किया। सेवानृवित्त अध्यापकों में छाया, ओमप्रकाश, चंद्रनाथ, पुष्पा, राजेश्वर सिंह, पुनीता, महेश, कमलचंद, योगेश्वर नाथ का प्रतिभा का सम्मान हुआ। संचालन मनीष कुशवाहा एवं आलोक वर्मा ने किया। शिक्षक संघ के नेता ज्योति भूषण त्रिपाठी, अमरेंद्र दुबे, रवींद्र यादव, गणेश दत्त, राजीव सिंह, कल्पना मौजूद रहीं।

करंट से झुलसे बिजली कर्मी से मिले पदाधिकारी
करंट से झुलसे बिजलीकर्मी से बृहस्पतिवार को विद्युत मजदूर पंचायत के प्रतिनिधिमंडल ने बृहस्पतिवार दोपहर मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में शामिल अंकुर पांडेय ने बताया कि 10 साल से अधिक समय का अनुभव रखने वाला संविदाकर्मी बृजमोहन मिश्रा करंट की चपेट में आने से ट्रॉमा सेंटर में भर्ती हैं, लेकिन बिजली निगम की ओर से मदद नहीं की जा रही है। विद्युत मजदूर पंचायत के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य अभियंता और अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपकर न्याय दिलाने की मांग की है।  ओपी सिंह, जिउतलाल, रमाकांत, राजकुमार, बंशीलाल आदि शामिल रहे। 

बच्चों को जागरूक कर रहा निगम
शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर करने के लिए स्कूली बच्चों की मदद ली जा रही है। नगर निगम की ओर से कई स्कूलों में अभियान चलाकर बच्चों को जागरूक किया जा रहा है। स्कूली बच्चों को आरआरआर (रिड्यूस, रीयूज, रिसाइकिल) के बारे में बताया जा रहा है। अपर नगर आयुक्त सविता यादव ने बताया कि बच्चों को सेग्रेगेशन आधारित लूडो गेम से रोचक तरीके से कचरा अलग करना सिखाया जा रहा है। घर के पुराने कपड़े दान कर उन्हें सामाजिक जिम्मेदारी का भी पाठ पढ़ाया जा रहा है। पुराने कपड़ों का संग्रह कर उन्हें आरआरआर सेंटर भेजा जा रहा है। यहां से पहनने योग्य कपड़े जरूरतमंदों को दिए जाएंगे। 

पेंशन प्रकोष्ठ के महाधिवेशन को संबोधित करेंगे डिस्काॅम निदेशक
राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन यूपी के पेंशन प्रकोष्ठ का 12वां वार्षिक महाधिवेशन पांच अप्रैल सुबह 11 बजे से महमूरगंज के शगुन लॉन में होगा। प्रकोष्ठ महासचिव अवधेश मिश्र ने बताया कि महाधिवेशन के सत्र का उद्घाटन डिस्कॉम निदेशक शंभु कुमार करेंगे। जबकि बतौर विशिष्ट अतिथि डिस्काॅम के निदेशक तकनीकी जितेंद्र नलवाया और मुख्य कोषाधिकारी गोविंद सिंह रहेंगे। दो सत्र में सम्मेलन में पूर्वाचल के अलग-अलग जिलों से संगठन के सदस्य शामिल होंगे।

निलंबन के बाद नहीं लेने दिया पदभार, जताई नाराजगी
माध्यमिक शिक्षक संघ के पूर्व मंडल अध्यक्ष संत सेवक सिंह के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ का प्रतिनिधिमंडल डीआईओएस भोलेंद्र प्रताप सिंह से मिला। संघ ने शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की। संत सेवक सिंह ने बताया कि गांधी राष्ट्रीय इंटर कॉलेज गौराकला के तदर्थ प्रधानाचार्य चंद्रशेखर मौर्य के निलंबन के 60 दिन बीत गए हैं।

इसके बाद निलंबन खुद समाप्त हो जाता है। यह जानने के बाद भी विद्यालय के प्रबंधक चंद्रशेखर मौर्य को तदर्थ प्रधानाचार्य का पदभार ग्रहण करने नहीं दे रहे हैं। इस पर डीआईओएस ने नाराजगी जताई। तत्काल प्रबंधक से टेलीफोन से वार्ता की और प्रधानाचार्य को पदभार दिलाने को निर्देशित किया। 

संत सेवक सिंह ने दूसरे प्रकरण में बताया कि नेशनल इंटर कॉलेज पीलीकोठी के वरिष्ठता सूची में तीसरे नंबर के अध्यापक को प्रधानाचार्य के पद पर नियुक्त किया गया है। संगठन के विरोध के बाद डीआईओएस ने मामले को शीघ्रता से निस्तारित करने का आश्वासन दिया। वार्ता करने वालों में डॉ. सत्येंद्र सिंह, दिनेश सिंह, चंद्रशेखर मौर्य, जयप्रकाश चौहान, कमलेश सिंह आदि मौजूद रहे।

खत्म करें एलपीजी की समस्या ईंधन कंपनियों ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
खाड़ी देशों में तनावपूर्ण स्थिति से एलपीजी आपूर्ति में हो रही समस्या को लेकर मंडलायुक्त एस राजलिंगम ने नाराजगी जताई है। उन्होंने तीनों ऑयल कंपनियों के अधिकारियों के साथ बृहस्पतिवार को बैठक कर एलपीजी की उपलब्धता और मांग के मुकाबले हो रही आपूर्ति की समीक्षा की। मंडलायुक्त ने सभी कंपनियों से आमजन की समस्या को देख हेल्पलाइन नंबर जारी कराए। 

मंडलायुक्त ने तीनों ऑयल कंपनियों के मंडलीय प्रबंधक, एरिया मैनेजर, विक्रय प्रबंधक, गेल इंडिया के मुख्य प्रबंधक और वाराणसी के जिला पूर्ति अधिकारी के साथ बैठक कर समीक्षा की। पूछे जाने पर इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम के सेल्स अधिकारियों ने बताया कि उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलिंडर नियमित मिल रहे हैं। बुकिंग का बैकलॉग अधिक होने से थोड़ी समस्या है। इससे डिलीवरी टाइम बढ़ गया है। जल्द समस्या खत्म हो जाएगी। कमर्शियल गैस सिलिंडर के बारे मं बताया कि एलपीजी की कमी के बाद कई चरणों में आवश्यक क्षेत्रों में आपूर्ति की ही अनुमति है। इस क्रम में आवेदन और मांग के आधार पर कमर्शियल गैस सिलिंडर की आपूर्ति की जा रही है। 

मंडलायुक्त ने गेल इंडिया के मुख्य प्रबंधक को निर्देश दिया कि पीएनजी आवेदन करने वाले व्यक्तियों को रसीद मिले, इसके लिए पोर्टल अपडेट कराएं। कहा कि वाराणसी में अत्यधिक संख्या में श्रद्धालुओं व पर्यटकों को देख शैक्षणिक, चिकित्सकीय संस्थानों, होटल, रेस्टोरेंट का आकलन कर तत्काल गैस उपलब्ध कराएं। 

इंडियन ऑयल ने 7004147913, 9140213317, भारत गैस ने 8960895554 और हिंदुस्तान गैस ने 8655436745 नंबर जारी किया है। मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि अधिकारी नियमित रूप से गोदामों का निरीक्षण करते रहें।

बीएचयू के प्रमोशन प्रकरण में फिर से प्रदर्शन की तैयारी
बीएचयू में शिक्षकों को प्रमोशन न मिलने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। करीब 10 घंटे तक शिक्षकों के विरोध प्रदर्शन और विवि प्रशासन के आधिकारिक पक्ष के बाद भी मामला शांत नहीं हुआ। अब प्रोफेसर बड़े स्तर के प्रदर्शन की ताक में हैं। बुधवार दोपहर तीन बजे से बृहस्पतिवार की आधी रात एक बजे तक हुए विरोध के बाद कई शोध छात्र भी प्रोफेसरों के समर्थन में केंद्रीय विद्यालय पहुंच गए थे।

अगले दिन बीएचयू विधि के छात्र संतोष कुमार त्रिपाठी ने कुलपति को पत्र भेजकर विवि में कुछ शिक्षकों के धरना-प्रदर्शन पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा है कि जब छात्र धरना करते हैं तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाती है तो क्या प्रशासन इन शिक्षकों के विरुद्ध भी वही कार्रवाई करेगा या फिर दोहरा मापदंड अपनाया जाएगा। इस संबंध में निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की गई है। 

अटल आवसीय विद्यालय के प्रवेश परिणाम जारी, काउंसिलिंग 6 से 8 अप्रैल तक
उप्र भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत संचालित अटल आवासीय विद्यालय करसड़ा के प्रवेश परीक्षा परिणाम जारी कर दिए गए हैं। प्रवेश के लिए काउंसिलिंग 6 से 8 अप्रैल तक होगी। सहायक श्रमायुक्त अविनाश तिवारी ने बताया कि विद्यालय में कक्षा 6 में कुल 160 सीट जिसमे 80 छात्र व 80 छात्राओं का प्रवेश लिया जाएगा। कक्षा 9 में 64 सीटों (33 बालक एवं 31 बालिका) पर प्रवेश लिए जाएंगे।

परीक्षा के प्रवेश परीक्षा 8 मार्च को कराई गई थी। मेरिट के अनुसार कक्षा 6 में 160 (80 बालक एवं 80 बालिकाओं) तथा कक्षा 9 के लिए 64 (33 बालक एवं 31 बालिका) का चयन करते हुए परीक्षा फल घोषित किया गया। चयनित अभ्यर्थियों की सूची जनपद वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर एवं चन्दौली के श्रम कार्यालयों, अटल आवासीय विद्यालय करसड़ा, बीएसए, डीआईओएस, जिला प्रोबेशन अधिकारी के यहां उयलब्ध है। 

एक साल में 45.3 किलोमीटर दोहरी की गई रेल लाइन, बंद हुई 12 क्रॉसिंग, 1296.82 करोड़ कमाई
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल ने बीते एक साल में 45.3 किलोमीटर रेललाइन का दोहरीकरण किया। 12 क्रॉसिंग बंद किए गए। लार रोड से बेल्थरा रोड तक 13.85 किलोमीटर खंड का दोहरीकरण तेजी से किया जा रहा है। एक वर्ष में पूर्वोत्तर रेलवे की कमाई 1296.82 करोड़ रुपये की हुई है जो पिछली बार से 5.45 फीसदी ज्यादा है।

यह जानकारी बृहस्पतिवार को लहरतारा के वाराणसी मंडल के पूर्वोत्तर रेलवे कार्यालय में डीआरएम आशीष जैन ने दी। बताया कि बीते वर्ष सिर्फ माल ढुलाई से 57.65 करोड़ की आय हुई। उन्होंने कहा कि स्टेशनों पर हाईलेवल प्लेटफार्म, दिव्यांगजन टॉयलेट, 13.67 किमी की ऑटोमेटिक ब्लॉक सिग्नलिंग के साथ ही वाराणसी मंडल पर अब तक 49.88 रूट किलोमीटर ऑटोमेटिक ब्लॉक सिग्नल लगाने का काम पूरा हो गया है, जो इस मंडल के लिए बड़ी उपलब्धि है। इस साल सकल राजस्व 1444.03 करोड़ रुपये मिले। यह भी पिछली बार की तुलना में 4.75 फीसदी अधिक है।

 उन्होंने बताया कि इसी वित्तीय वर्ष में वाराणसी मंडल को पहली वंदेभारत मिली, जो बनारस-खजुराहो जाती है। मार्च से बनारस स्टेशन से महानगरी एक्सप्रेस, बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस और बनारस-गांधीधाम एक्सप्रेस का परिचालन शुरू हुआ। माघ मेले के दौरान 244 विशेष ट्रेनें चलाई गईं। इस दौरान जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार मौजूद रहे। 

गुड़-गोबर से तैयार जीवामृत का हो रहा छिड़काव
डोमरी सूजाबाद में तैयार हो रहे 2.51 लाख पौधों पर रोज 1166 लीटर जीवामृत का छिड़काव कराया जा रहा है। इसे गुड़-गोबर के मिश्रण से तैयार किया जा रहा है। विशेषज्ञ विशाल ने बताया कि गुड़ गोबर के किण्वन से तैयार होने वाला जीवामृत पौधों के लिए संजीवनी है। इसे तैयार करने में समय लगता है। 
 

200 लीटर पानी में 10 किलो गाय का गोबर, 10 लीटर गोमूत्र, 2 किलो गुड़, 2 किलो बेसन, एक मुट्ठी खेत के मेड़ की मिट्टी से 48 से 72 घंटे में बेहतर जीवामृत तैयार होता है। मानक के आधार पर जीवामृत तैयार कर छिड़काव होता है। पूर्व मध्य प्रदेश के कई शहरों में दस लाख पौधे लगाकर छिड़काव किया जा चुका है। इसके बेहतर परिणाम मिले हैं। आने वाले दिनों में इस हिस्से को ऑक्सीजन हब बनाया जाएगा। स्थानीय जलवायु के अनुकूल जामुन, आंवला, नीम और अर्जुन जैसी 35 प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं। पानी की एक-एक बूंद का हिसाब रखने के लिए ड्रिप (टपक सिंचाई) और स्प्रिंकलर सिस्टम दोनों को एक साथ अपनाया गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed