Varanasi News Today: दुष्कर्म के आरोपी के माता-पिता अरेस्ट, पेटीएम अपडेट के नाम पर तीन लाख की ठगी; खबरें
Varanasi News: वाराणसी के कोतवाली क्षेत्र में दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन के आरोपी आफताब के माता-पिता को गिरफ्तार किया गया है। लंका थाना के रमना स्थित मारुति नगर कॉलोनी में एक युवक के साथ पेटीएम अपडेट के नाम पर तीन लाख रुपये की साइबर ठगी हो गई। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News in Hindi: दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन के आरोपी आफताब अंसारी उर्फ अमित कुमार की गिरफ्तारी दूसरे दिन भी कोतवाली पुलिस नहीं कर सकी है। वहीं, मामले में नामजद आरोपी आफताब के माता-पिता को कोतवाली पुलिस ने शनिवार को जंसा के दीनदासपुर मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी हरहुआ के रसूलपुर निवासी नबी रसूल और उनकी पत्नी गंगाजली हैं। दोनों मुख्य आरोपी आफताब अंसारी के माता-पिता हैं।
आफताब अंसारी और उसके छोटे भाई मिट्ठू अंसारी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। कोतवाली थाना क्षेत्र के कतुआपुरा निवासी युवती से धर्म छिपाकर शादी और दुष्कर्म करने, घर में एक माह तक बंधक बनाने के मामले में आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज है। शुक्रवार को कोतवाली थाना परिसर से आफताब अंसारी पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भाग निकला।
पेटीएम अपडेट के नाम पर तीन लाख की ठगी
लंका थाना क्षेत्र के रमना स्थित मारुति नगर कॉलोनी में एक दुकानदार के साथ पेटीएम अपडेट के नाम पर तीन लाख रुपये की साइबर ठगी हो गई। पीड़ित ने थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस को दी तहरीर में पीड़ित आशीष सिंह ने बताया कि 14 मार्च को एक युवक उनकी दुकान पर आया और खुद को पेटीएम कंपनी का कर्मचारी बताया।
उसने बारकोड अपडेट करने के बहाने मोबाइल लेकर सिम निकालकर दूसरा सिम लगा दिया और मौके से चला गया। इसके बाद आरोपित ने मोबाइल नंबर से जुड़े दस्तावेजों का इस्तेमाल कर करीब तीन लाख रुपये का लोन लेकर रकम विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर दी। सिम निकलने के बाद कॉल न लगने पर मोबाइल चेक कराने पर ठगी की जानकारी हुई। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
छात्रा को अश्लील फोटो भेजा, प्राथमिकी दर्ज
छात्रा को व्हाट्सऐप पर अश्लील फोटो व वीडियो भेजने के मामले में शुक्रवार की रात आरोपी अविनाश मिश्रा के खिलाफ सिगरा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। सारनाथ के बेनीपुर निवासी पीड़िता ने पुलिस को बताया कि कॉलेज में पढ़ने वाले अविनाश ने अश्लील फोटो भेजकर उसे धमकी दी कि वह इन्हें सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
11 लाख हड़पने के मामले में प्राथमिकी
कूटरचित दस्तावेज के आधार पर मकान की रजिस्ट्री के बहाने 11 लाख रुपये हड़पने के आरोपी बाप-बेटे के खिलाफ शनिवार को लंका थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। लंका के माधव मार्केट निवासी पीड़ित माधव कुमार पांडेय ने पुलिस को बताया कि केदारनगर सुंदरपुर निवासी रजत प्रियदर्शी और उसके पिता अशोक प्रियदर्शी ने अपना मकान बेचने के लिए षड्यंत्र रचकर कूटरचित दस्तावेज के आधार पर 11 लाख 30 हजार रुपये हड़प लिए। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
गांजा बेचने के आरोपी को पुलिस ने पकड़ा
आदमपुर थाना क्षेत्र के गोलगड्डा इलाके में एसओजी-2 और इंस्पेक्टर आदमपुर विमल मिश्रा ने एक मकान के बाहरी कमरे में छापा मारकर 666 ग्राम गांजा और 13,500 रुपये नकदी के साथ कपिलधारा पोखरा निवासी तस्कर रमेश जायसवाल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांजे को अलग-अलग वजन के हिसाब से प्लास्टिक के छोटे रैपर में पैक कर बेचता है। गांजे का रैपर 50 रुपये से 200 रुपये तक होता है। राकेश तिवारी नामक व्यक्ति उसे गांजा लाकर देता है। हालांकि इलाके में चर्चा है कि जिस स्थान पर पुलिस ने छापेमारी कर गांजा बरामद करने का दावा किया है, वहां लंबे समय से गांजा बेचा जा रहा था।
मारपीट में तीन के खिलाफ प्राथमिकी
शिवपुर थाना क्षेत्र के जैपार सरसवा निवासी कपिल देव सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मारपीट के मामले में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित के अनुसार, 22 अप्रैल को करीब डेढ़ बजे वह अपनी पुश्तैनी जमीन पर निर्माण कार्य करा रहे थे। इसी दौरान सुनील सिंह उर्फ मोनू, चंद्रशेखर सिंह और भागवत सिंह मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य रुकवा दिया।
विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
फर्जी इस्तीफा तैयार कर पद हड़पने का आरोप
भेलूपुर थाना क्षेत्र के दुर्गाकुंड स्थित उपेंद्र नगर निवासी गिरीश चंद्र उपाध्याय की तहरीर पर पुलिस ने धोखाधड़ी और जालसाजी के मामले में आरोपी भाई-बहन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। आरोप है कि रिश्ते में भांजा लगने वाले विवेक तिवारी और डॉ. दिव्या मित्तल ने साजिश के तहत गिरीश का फर्जी इस्तीफा तैयार कर उन्हें कंपनी के डायरेक्टर पद से हटा दिया और दिव्या को डायरेक्टर बना दिया।
गिरीश चंद्र उपाध्याय के अनुसार, वर्ष 2004 में साकेत बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का गठन हुआ था। कंपनी में कुल 10,000 शेयर थे, जिनमें उनके पास 4,800, उनकी बड़ी बहन मधुमति के पास 4,900 और विवेक तिवारी के पास 100 शेयर थे। कंपनी के डायरेक्टर पद पर गिरीश ही नियुक्त थे। गिरीश ने बताया कि जनवरी 2017 में उनकी बहन मधुमति का निधन हो गया था, जिसके बाद सिविल कोर्ट ने उन्हें उनका वैधानिक उत्तराधिकारी घोषित किया।
ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत
लोहता थाना क्षेत्र में शनिवार को ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। घटना स्टेशन के पश्चिमी केबिन के पास की है। मृतक की पहचान सौरभ जायसवाल (25) पुत्र अनिल जायसवाल, निवासी पिशाच मोचन, रमाकांत नगर कॉलोनी, थाना सिगरा के रूप में हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले युवक की शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन तत्काल सफलता नहीं मिली। बाद में सोशल मीडिया के माध्यम से कुछ ही घंटों में युवक की पहचान हो सकी। लोहता थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
पैथोलॉजी संचालक से जांच के नाम पर 48 हजार रुपये की साइबर ठगी
रोहनिया थाना क्षेत्र के अमरा स्थित जीवन हॉस्पिटल में केवी पैथोलॉजी सेंटर के संचालक विकास सिंह से 48 हजार रुपये की साइबर ठगी हो गई। दिलदारनगर, गाजीपुर निवासी विकास सिंह ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार की शाम मोबाइल पर सीआरपीएफ कार्यालय के नाम से फोन आया और कहा गया कि 25 लोगों की खून की जांच करानी है, जिसके भुगतान के लिए क्यूआर कोड मांगा गया।
फोन करने वाले ने उस पर 10 रुपये भेजकर भरोसा दिलाया और कहा कि मोबाइल से 50 हजार रुपये नहीं जा पाएंगे। इसके लिए विकास को मोबाइल के पेटीएम की सेटिंग में जाने का विकल्प बताते हुए 48 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद फिर से ट्रांजैक्शन करने को कहा गया तो उन्हें शंका हुई कि साइबर फ्रॉड हुआ है। इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
सेवापुरी में बिना कागज और लाइसेंस के चल रहा क्लीनिक सील
बड़ागांव ब्लॉक के दांदूपुर स्थित धवकलगंज बस स्टॉप के पास अवैध रूप से संचालित सिद्धि विनायक क्लीनिक को शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सीज कर दिया। यह छापेमारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव के चिकित्सा अधिकारी डॉ. शेर मोहम्मद के नेतृत्व में पुलिस बल की मौजूदगी में हुई।
इस संबंध में पूजा रानी नामक महिला ने डीएम को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि धनंजय राय और वीके राय द्वारा बिना किसी वैध डिग्री और अनुमति के सिद्धि विनायक क्लीनिक का संचालन किया जा रहा है। जांच के दौरान जब स्वास्थ्य विभाग की टीम क्लीनिक पर पहुंची, तो वहां की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। चिकित्सा अधिकारी डॉ. शेर मोहम्मद ने पंजीकरण, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की एनओसी संबंधित दस्तावेज मांगे, जिन्हें संचालक प्रस्तुत नहीं कर पाए।
वीडीए उपाध्यक्ष ने प्राधिकरण की छवि में ईमानदारी से काम करने का आह्वान
उत्तर प्रदेश विकास प्राधिकरण कर्मचारी संयुक्त संगठन की प्रांतीय बैठक वीडीए सभागार में शनिवार को हुई। इसकी अध्यक्षता कर रहे प्रांतीय अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह, वीडीए उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा, सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा ने दीप प्रज्ज्वलित कर बैठक की शुरुआत की। वीडीए उपाध्यक्ष ने सभी प्राधिकरणों से आए हुए पदाधिकारियों/ प्रतिनिधियों के स्वागत के साथ-साथ प्राधिकरण की छवि, हित व विकास कार्य में ईमानदारी के साथ कार्य करने का आह्वाहन किया।
बैठक में वाराणसी विकास प्राधिकरण सहित गाजियाबाद, मेरठ, मुरादाबाद, आगरा, मथुरा, लखनऊ, उन्नाव, कानपुर, प्रयागराज, अयोध्या, सहारनपुर व गोरखपुर के प्रतिनिधि सम्मिलित हुए। प्रदेश के अन्य प्राधिकरणों से आए पदाधिकारियों, अतिथियों का माल्यार्पण एवं प्रतीक चिह्न देकर भव्य स्वागत किया।
रेरा ने 36.68 करोड़ की परियोजना को दी मंजूरी
उत्तर प्रदेश विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) ने राज्य के रियल एस्टेट क्षेत्र को गति देते हुए 10 जिलों में फैली 15 नई परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं में 1270.48 करोड़ से अधिक का अनुमानित निवेश होगा और करीब 3102 आवासीय व व्यावसायिक इकाइयों का विकास किया जाएगा। यह निर्णय यूपी रेरा मुख्यालय में आयोजित 201वीं प्राधिकरण बैठक में लिया गया। इसके तहत वाराणसी में 36.68 करोड़ की परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। इन परियोजनाओं से निर्माण सामग्री, परिवहन और इंजीनियरिंग सेवाओं को भी बढ़ावा मिलेगा।
त्वचा संबंधी बीमारियों के प्रति किया जागरूकता
चर्म रोग विशेषज्ञों की संस्था सोसायटी फॉर एक्जिमा स्टडीज की ओर से शनिवार को आयोजित सीएमई में डॉक्टरों ने गर्मी के मौसम में त्वचा संबंधी बीमारियों के कारण और बचाव पर चर्चा की। परेड कोठी स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में आईएमएस बीएचयू, आईएमए वाराणसी से जुड़े चिकित्सकों सहित करीब 200 चिकित्सकों ने हिस्सा लिया।
सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. संदीपन धर, डॉ. सुशील पांडेय ने बताया कि संस्था की ओर से बच्चों, बड़ों में होने वाली त्वचा संबंधी बीमारियों पर शोध कार्य कराया जा रहा है। कहा कि एटोपिक डर्मेटाइटिस एक सूजन वाली त्वचा के विकास, वैश्विक स्तर पर 10 प्रतिशत बड़े लोगों और 20 प्रतिशत तक बच्चों को प्रभावित करती हुई सार्वजनिक स्वास्थ्य समस्या बनी हुई है। इस पर समय-समय पर सीएमई आदि के माध्यम से चर्चाएं चल रही हैं। इस दौरान डॉ. मंजुनाथ शेनॉय, डॉ. राजीव शर्मा, डॉ.रामगुलाटी आदि चिकित्सक मौजूद रहे।
भाजपा का महिला सम्मान और नारी वंदन सिर्फ छलावा : लाल बिहारी यादव
प्रदेश के विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा का नारी सम्मान और नारी वंदन सिर्फ छलावा है। महिला आरक्षण बिल वर्ष 2023 में सर्वसम्मति से पास हो चुका है, लेकिन आज तक महिलाओं को उसका वास्तविक लाभ नहीं मिला। शनिवार को लेढूपुर में सपा के वरिष्ठ नेता रामा यादव की 12वीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में नेता प्रतिपक्ष कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि यदि भाजपा महिलाओं का सच में सम्मान करती, तो देश की सर्वोच्च संस्था के उद्घाटन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भी आमंत्रित कर उन्हें सम्मानित किया जाता। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केवल दिखावटी राजनीति कर रही है। माता सीता भगवान राम के साथ हर परिस्थिति में रहीं, वनवास तक में साथ गईं, लेकिन अयोध्या में श्रीराम की प्रतिमा स्थापना के दौरान माता सीता को अलग कर दिया गया। यह महिलाओं के सम्मान पर प्रश्नचिह्न है।
कचहरी-गोलघर मार्ग पर एक घंटे जाम
तेज धूप और उमस भरे मौसम के बीच शनिवार को शहर के प्रमुख मार्गों पर भीषण जाम ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर के समय कचहरी–गोलघर मार्ग करीब एक घंटे तक पूरी तरह जाम की चपेट में रहा, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दूसरी ओर मैदागिन से विशेश्वरगंज तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही और पूरे मार्ग पर ट्रैफिक रेंगता नजर आया।
भाजपा में महिलाओं के साथ अत्याचार : सीमा
समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर ने कहा कि भाजपा सरकार अलोकतांत्रिक और अमानवीय है। इस सरकार में महिलाओं के साथ सबसे ज्यादा अत्याचार और अपराध हो रहा है। वह काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन कर सीधे समाजवादी पार्टी कार्यालय अर्दली बाजार पहुंचीं। जहां पर जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने स्वागत किया। जिला कार्यालय में संबोधित करते हुए सीमा ने कहा कि गाजीपुर से लेकर हाथरस और हरदोई तक बेटियों की हत्याएं हुईं, उन्हें न्याय नहीं मिला।
सपा सांसद ने जलशक्ति मंत्री से की जांच की मांग
चंदौली के सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल को पत्र भेजकर वाराणसी में सीवर, जलनिकासी, स्मार्ट मीटर परियोजनाओं में अनियमितता की जांच की मांग की। चंदौली सांसद ने कहा कि चाहे सीवर परियोजना का मामला हो या स्मार्ट मीटर का मुद्दा-दोनों ही जनहित से जुड़े अत्यंत महत्वपूर्ण विषय हैं।
टीबी यूनिट में लटका ताला, पीएचसी से लौट गए 30 से ज्यादा मरीज
सेवापुरी पीएचसी में कूड़े में टीबी की दवा फेंके जाने के मामले को लेकर स्वास्थ्य महकमे में हलचल है। अधिकारियों की ओर से कर्मचारियों के बीच विवाद को दबाने की कोशिश की जा रही है। इसी बीच शनिवार को पीएचसी के टीबी यूनिट में ताला लटका हुआ नजर आया। इसके कारण तकरीबन 30 मरीज बिना दवा लिए वापस लौटे। घंटों इंतजार के बाद भी जब कोई जिम्मेदार कर्मचारी नहीं पहुंचा, तो मरीजों का सब्र जवाब दे गया और वे वापस लौट गए।
ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों का कहना है कि वे बड़ी उम्मीद के साथ सरकारी अस्पताल आते हैं, लेकिन यहां की अव्यवस्था उनके लिए परेशानी का सबब बन गई है। टीबी यूनिट बंद होने से दवाओं का कोर्स भी बीच में टूटने का डर बना हुआ है। इस पूरे मामले को संज्ञान में लेते हुए सीएमओ ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने सेवापुरी पीएचसी प्रभारी को तत्काल प्रभाव से कार्यालय तलब कर स्पष्टीकरण मांगा है और टीबी सुपरवाइजर माधव कृष्ण मालवीय को भी तलब किया है। अधिकारियों का कहना है कि दवाओं को फेंकना और ड्यूटी के समय यूनिट का बंद रहना अक्षम्य है।
गाजीपुर कांड पर विश्वकर्मा समाज में आक्रोश
गाजीपुर के करंडा थाना क्षेत्र के कटारिया गांव में विश्वकर्मा समाज की किशोरी की संदिग्ध मौत की निष्पक्ष और सीबीआई जांच की मांग की गई है। शनिवार को श्री विश्वकर्मा सभा वाराणसी की वर्चुअल बैठक में पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग हुई। घटना में लीपापोती करने वालों के खिलाफ आक्रोश जताया गया। सभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सोमनाथ विश्वकर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है। वर्चुअल बैठक में अध्यक्ष अमरनाथ विश्वकर्मा, अनिल शर्मा, राजकुमार विश्वकर्मा, अरविंद विश्वकर्मा, नित्यानंद आदि रहे।
चेयरमैन ने किया एयरपोर्ट का निरीक्षण
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का शनिवार को भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के चेयरमैन विपिन कुमार ने निरीक्षण किया। चेयरमैन ने एयरपोर्ट पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। साथ कहा कि टर्मिनल बिल्डिंग, एप्रन, रनवे विस्तार और मल्टी लेवल कार पार्किंग निर्माण में गुणवत्ता का खास ख्याल रखा जाए। चेयरमैन ने निर्माण कार्यों को भी देखा है।चेयरमैन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी कराई जाएं। इस दौरान कार्यकारी निदेशक (योजना) नंदिता भट्ट और एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता भी मौजूद रहे।
विश्व मलेरिया दिवस छात्रों को किया जागरूक
विश्व मलेरिया दिवस पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिंडरा के तत्वावधान में प्राथमिक विद्यालय पिंडरा प्रथम पर छात्र -छात्राओं और शिक्षकों को मलेरिया और डेंगू के बारे में जागरूक किया गया। इस दौरान मच्छरदानी का प्रयोग करने के बाबत विस्तृत जानकारी प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर संजीव द्विवेदी ने दी। इस दौरान आसपास साफ सफाई रखने, बीमार होने पर चिकित्सक के पास जाने की सलाह दी। बच्चों को जागरूकता के पम्पलेट भी बांटे गए। कार्यक्रम में एआरओ अनिल पांडेय, मलेरिया निरीक्षक ओमप्रकाश और स्वास्थ्य पर्यवेक्षक संजय कुमार मिश्रा समेत कई लोग मौजूद रहे।
जिला सहकारी बैंक ने पेश किया रिपोर्ट कार्ड
कमिश्नरी सभागार में शनिवार को जिला सहकारी बैंक लिमिटेड की वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक में सहकारिता के भविष्य की योजनाओं पर चर्चा हुई। बैंक की अध्यक्षा सुमन अजय राय की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय उपस्थित रहे। पूर्व मंत्री ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज पूरे देश में सहकारिता एक आंदोलन का रूप ले चुकी है। जिला सहकारी बैंक वाराणसी लगातार दूसरे वर्ष भी लाभ में रहा है और विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। विशिष्ट अतिथि एमएलसी धर्मेंद्र सिंह ने बैंक द्वारा उर्वरक आपूर्ति सुनिश्चित करने और समितियों की आय बढ़ाने के प्रयासों की सराहना की। सुमन अजय राय ने सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर के दिशा-निर्देशों का श्रेय दिया।
भटकी बच्ची को उसकी मां से मिलाया
चौरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार की शाम जगदीशपुर में भटक कर पहुंची बालिका तीन घंटे बाद परिजनों को मिली। वाराणसी जिले के शकलपुर निवासी सौम्या (9) पुत्री अभिषेक काफी समय से अपनी मां पिंकी के साथ नट बस्ती में ननिहाल में रहती है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की शाम लगभग सात बजे सौम्या जगदीशपुर गांव में पहुंच गई। भटक रही बच्ची जब भाजपा नेता राकेश दुबे घर पहुंची तो उन्होंने अपने घर पर रोक लिया और 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस पूछताछ कर रही थी कि इस बीच उसकी मां खोजते हुए बरदहा पहुंच गईं।
निर्माण कार्य के लिए 3 घंटे कटेगी बिजली
आजमगढ़ रोड पर पांडेयपुर काली माता मंदिर से रिंग रोड तक सड़क चौड़ीकरण में बाधक पोलों को हटाने और लाइनों को अंडरग्राउंड करने के लिए रविवार को बिजली निगम की ओर से शटडाउन लिया जाएगा। निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता वीरेंद्र सिंह ने बताया कि 33 केवी दौलतपुर उपकेंद्र से निकलने वाले फीडर से दोपहर 12 बजे से शाम तीन बजे तक कुल तीन घंटे शटडाउन लिया जाएगा। उधर, 33 केवी पांडेयपुर उपकेंद्र से निकलने वाले फीडर से भी तीन घंटे कटौती होगी। इस वजह से विश्वनाथपुर, भक्ति नगर, लालपुर राय साहब, पहड़िया, श्रीनगर, आशापुर के आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
सीएचएस : 28548 विद्यार्थियों ने दी परीक्षा
बीएचयू से संबद्ध सेंट्रल हिंदू स्कूल (सीएचएस) में 11वीं में दाखिले के लिए चार दिन तक चली प्रवेश परीक्षा में 28548 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। इसमें शनिवार को विश्वविद्यालय परिसर से बाहर शहर के 29 केंद्रों पर गणित संवर्ग के लिए 13067 परीक्षार्थी शामिल हुए। इसके अलावा जीव विज्ञान संवर्ग में पंजीकृत 10385 अभ्यर्थियों में से 7979 और शनिवार को शहर में बनाए गए 29 केंद्रों पर कुल 16761 में से 13067 ने परीक्षा दी। विश्वविद्यालय से जुड़े एसईटी-2026) को लेकर विद्यार्थी बहुत उत्साहित हैं।
संस्कृत बोर्ड के टॉप 10 में एक छात्रा शामिल
उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की ओर से शुक्रवार को जारी किए गए परिणाम में काशी के विद्यार्थियों ने सफलता अर्जित कर जिले का मान बढ़ाया है। जिला स्तर पर उत्तर मध्यमा परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले टॉप 10 विद्यार्थियों की सूची जो जारी की गई हैं, उसमें एक छात्रा का नाम भी शामिल है। इसमें पहले नंबर पर चौबेपुर के श्रीदास विद्यापीठ संस्कृत उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय के अंशु यादव को 78.50 प्रतिशत अंक मिले हैं।
दूसरे पर हरिहरपुर के बाबू जगन प्रसाद बैजनाथ संस्कृत विद्यालय में सूर्यभान को 78.25 प्रतिशत, तीसरे पर सरस्वती गुरुकुल विद्यापीठ उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय मुनारी से 77.25 प्रतिशत अंक पाकर आशीष विश्वकर्मा सफल हुए हैं। केदारनाथ संस्कृत विद्यालय चोलापुर से मंजू देवी 76.50 प्रतिशत अंक के साथ चौथे नंबर पर हैं। श्री अन्नपूर्णा ऋषिकुल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शिवपुर में कार्तिकेय मिश्रा 75.92 प्रतिशत अंक के साथ टॉप 10 में पांचवें नंबर पर हैं।
नीट 2026 : परीक्षा से 10 दिन पहले बिपिन सिंह ने बताई सफलता की स्मार्ट रणनीति
देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट 2026 के करीब आने के साथ, गोल इंस्टीट्यूट के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक बिपिन सिंह ने विद्यार्थियों के लिए अंतिम दस दिन की रणनीति साझा की है। उन्होंने छात्रों को सफलता के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। बिपिन सिंह ने कहा कि अब मेहनत नहीं, बल्कि स्मार्ट रणनीति का समय है।
विद्यार्थियों को नए टॉपिक पढ़ने के बजाय केवल रिवीजन पर ध्यान देना चाहिए। एनसीईआरटी, क्लास नोट्स और पहले से पढ़े विषयों का बार-बार अभ्यास सफलता की कुंजी है, खासकर जीव विज्ञान और अकार्बनिक रसायन विज्ञान में। उन्होंने रोजाना नीट के निर्धारित समय दोपहर 2 से 5 बजे के बीच फुल-लेंथ टेस्ट देने और उसका विश्लेषण करने की सलाह दी। साथ ही, गलतियों की कॉपी बनाकर नियमित रूप से उसे दोहराने पर जोर दिया।
नेगेटिव मार्किंग से बचने के लिए अनुमान लगाने से बचें। दिनचर्या को तीन भागों—रिवीजन, टेस्ट और एनालिसिस—में बांटना उपयोगी रहेगा। पर्याप्त नींद, संतुलित आहार और सकारात्मक सोच भी सफलता में अहम भूमिका निभाते हैं। बिपिन सिंह ने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि आत्मविश्वास बनाए रखें, शांत मन से परीक्षा दें और सफलता आपके कदम चूमेगी।
एआई सर्टिफिकेट कोर्स की उपयोगिता बताई
दि इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) वाराणसी शाखा की ओर से तीन दिन तक चलने वाले आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सर्टिफिकेट कोर्स में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विशेषज्ञों ने एआई की विभिन्न क्षेत्रों में उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताया। सर्टिफिकेट कोर्स में नई दिल्ली के तरुण मनचंदा, इंदौर से श्रेयश धरकर ने कहा कि एआई का उपयोग वर्तमान समय में विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से बढ़ रहा है। तीन दिवसीय कार्यक्रम में प्रतिभागियों को एआई के बारे में बेसिक जानकारी दी गई। साथ ही एआई के प्रमुख प्रकार जैसे मशीन लर्निंग, डीप लर्निंग, नेचरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग और कंप्यूटर विजन के बारे में सरल तरीके से समझाया गया।
सितार वादन से जुड़ी बारीकियां बताईं
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ मंच कला विभाग में आयोजित विशेष व्याख्यान में विद्यार्थियों को सितार वादन से जुड़ी बारीकियां बताई गई। मुख्य वक्ता बसंत महिला महाविद्यालय राजघाट के प्रो. संजय वर्मा ने तंत्र वाद्य पर गायकी और तंत्रकारी अंग से वादन के बारे में बताया। उन्होंने दोनों अंगों का वादन यमन और भीमपलासी रागों में कर के प्रत्यक्ष रूप से विद्यार्थियों को भी सुनाया। तबले पर विभाग के अध्यापक अनूप तिवारी ने संगत किया। स्वागत विभागाध्यक्ष डॉ. संगीता घोष, संचालन दिव्यांशी दूबे और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. आकांक्षी ने किया।
संविवि में पीएम ऊषा समन्वय समिति गठित
सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा अभियान (पीएम ऊषा) के अंतर्गत संचालित कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समन्वय समिति का पुनर्गठन किया गया है। 11सदस्यीय समिति में कुलपति को पदेन अध्यक्ष बनाया गया है। कुलसचिव राकेश कुमार ने बताया कि समिति में प्रो.हीरक कांतिचक्रवर्ती समन्वयक बनाए गए हैं। समिति में प्रो. विष्णु द्विवेदी, प्रो. शैलेश कुमार मिश्र, प्रो. रमेश प्रसाद, प्रो.राजनाथ, डॉ. विशाखा शुक्ला, डॉ. रविशंकर पांडेय के साथ ही कुलसचिव, वित्तअधिकारी, सहायक अभियंता को सदस्य बनाया गया है।
काशी विद्यापीठ की परीक्षाएं टली
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ परिसर एवं इससे संबद्ध महाविद्यालयों में 28-29 अप्रैल को आयोजित सभी परीक्षाओं को टाल दिया गया है। कुलसचिव/परीक्षा नियंत्रक डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि प्रधानमंत्री के आगमन और भ्रमण कार्यक्रम को देखते हुए अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन की मांग पर दोनों दिन की परीक्षा टाली गई है। नई तिथि जल्द ही जारी कर दी जाएगी।
आईएमएस बीएचयू के डॉ. शिवम ने ट्रॉमा प्रबंधन पर की चर्चा
आईएमएस बीएचयू के आर्थोपेडिक्स विभाग के डॉ. शिवम सिन्हा ने नई दिल्ली में आयोजित 8वीं एशिया ओशिनिया पेल्विक एंड एसीटाबुलर सोसायटी के कांफ्रेंस में बीएचयू का प्रतिनिधित्व किया। सम्मेलन में डॉ. सिन्हा ने फ्रेक्चर डिस्लोकेशन विषय पर खुलकर बात की। उन्होंने पेल्विक एवं एसीटाबुलर ट्रॉमा प्रबंधन पर विस्तार से चर्चा की। सम्मेलन में डॉ. विवेक त्रिखा, डा. समर्थ मित्तल आदि लोग मौजूद रहे।
आर्य महिला पीजी कॉलेज की छात्राएं सम्मानित
आर्य महिला पीजी कॉलेज के शिक्षाशास्त्र विभाग के सेवायोजन प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित समारोह में फरवरी 2026 में सफल छात्राओं को सम्मानित किया गया। समारोह में बीएड चतुर्थ सेमेस्टर की 31 छात्राओं को स्मृति चिह्न दिया गया। कॉलेज की प्राचार्या प्रो. रचना दुबे ने कहा कि शिक्षण एक पवित्र कार्य है यह हमें छात्रों के भविष्य निर्माण में अपनी महती भूमिका निभाने का अवसर प्रदान करता है। शिक्षाशास्त्र विभाग के डाॅ. कौशलेंद्र सिंह ने बताया कि इस वर्ष कुल लगभग 80 प्रतिशत छात्राओं ने अपने प्रथम प्रयास में यह सफलता प्राप्त की है।
शोभायात्रा से शुरू होगी कथा, मां दुर्गा का शृंगार
शक्तिपीठ पीठाधीश्वर धाम नीम करौली बाबा आश्रम का पांचवां स्थापना दिवस 26 अप्रैल से शुरू होगा। 12 दिवसीय महोत्सव में भागवत कथा व अखंड मानस पाठ होगा। पहले दिन कलश शोभायात्रा के साथ होगी। आश्रम परिसर में स्थित प्राचीन दुर्गा माता मंदिर का शृंगार व पूजन होगा। श्रीसनातन जागृति शक्तिपीठ ट्रस्ट की ओर से आश्रम का स्थापना दिवस 26 अप्रैल से सात मई तक चलेगा।
मंदिर के महंत आचार्य विद्या निवास ने शुक्रवार को पत्रकारों को बताया 26 को सारंगनाथ महादेव मंदिर से कलश शोभायात्रा आश्रम तक निकाली जाएगी। 27 अप्रैल की शाम चार बजे से बाल व्यास पं. आलोक कृष्ण भागवत का पाठ करेंगे, जो पांच मई तक चलेगा। छह मई को अखंड रामचरितमानस का पाठ शुरू होकर सात मई को हवन-पूजन के साथ पूर्णाहुति होगी। भंडारे में हजारों भक्त प्रसाद ग्रहण करेंगे।
सीता नवमी पर मंदिरों में आज पूजी जाएंगी जानकी
वैशाख मास में शुक्लपक्ष की नवमी तिथि यानी शनिवार को सीता जी का प्राकट्य महोत्सव मनाया जाएगा। श्रीरामजानकी, हनुमान मंदिरों के अलावा मठों और आश्रमों में माता जानकी का प्राकट्योत्सव मनाया जाएगा। माता जानकी और प्रभु श्रीराम का पूजन अर्चन होगा। मंदिरों में दर्शन-पूजन व घरों में भी माता की पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
ज्योतिषविदों के अनुसार नवमी तिथि शुक्रवार की शाम सात बजे 7:23 बजे लग गई, जो शनिवार की शाम 6:29 बजे तक रहेगी। इस दिन विशिष्ट योग के साथ आश्लेषा नक्षत्र रहेगा। श्रीराम जानकी और हनुमान मंदिर संकटमोचन, दुर्गाकुंड, अस्सी, खोजवां, लहरतारा, तेलियानाला, चौखंभा, गायघाट आदि इलाकों में स्थित मंदिरों में पूजन होगा। माता की विधान से धूप, दीप, पुष्प, नैवेद्य आदि से पूजन अर्चन करेंगे।
निधि लालवानी की टीम ने ली शपथ
सिंधी महिला समाज की प्रमुख संस्था बागबान संस्था के दूसरे दायित्व ग्रहण समारोह का शुभारंभ शुक्रवार को सिगरा स्थित एक होटल में हुआ। अध्यक्ष निधि लालवानी की टीम को संस्था के संरक्षक हर्षा केशवानी ने दिलाई। टीम में सचिव कीर्ति बिजलानी और कोषाध्यक्ष जया आहुजा शामिल हैं।
डॉ. निवेदिता धमेजा व डॉ. ऊषा बालचंदानी ने महिलाओं को जोड़कर समाज सेवा के लिए प्रेरित करने के लिए संस्था के प्रयास की सराहना की। कहा कि महिलाएं स्वस्थ और शिक्षा ग्रहण करते हुए आत्मनिर्भर बनें इसकी भी जरूरत है। संस्था की निवर्तमान अध्यक्ष पूजा लखमानी ने संस्था की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। निवर्तमान सचिव वर्षा बदानी ने वार्षिक रिपोर्ट पेश की। संचालन ज्ञानी प्रद्धवानी ने किया। कोषाध्यक्ष अमीषा रूपानी, पूजा बदलानी, हर्षा केशवानी, वर्षा लालवानी, श्वेता चांगरानी, संजना रूपानी, मधु मोटवानी, पूनम किशनानी माैजूद रहीं।
जिल्लत की जिंदगी से इज्जत की मौत है बेहतर : जुसुफ
अंजुमन हैदरी के जेरे इंतजाम में दालमंडी स्थित मस्जिद मीर नादे अली में बृहस्पतिवार की रात में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह खामनेई की याद में मजलिस हुई। मौलाना सैयद जुसुफ अहमद मशहदी ने कहा कि कल का यहूदी भी अली से खौफ खाता था और आज का यहूदी भी अली से खौफ खाता है। इसलिए ऊपर से बम बरसा कर एक 82 साल के मर्दे मुजाहिद को तब मारा जब वो कुरान की तिलावत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि ये यहूदी कौम पूरी दुनिया में जुल्म और ज्यादती करके हुकूमत करना चाहती है। मगर, हम इमाम हुसैन के मानने और उनके बताए राह पर चलने वाले हैं। हमारे इमाम ने कर्बला से दुनिया को ये पैगाम दिया कि जिल्लत की जिंदगी से इज्जत की मौत बेहतर है। आज भी इमाम हुसैन के चाहने वाले उनके इस फरमान पर अमल करते हुए अपना सिर तो कटा सकते हैं लेकिन किसी जालिम के आगे सिर नहीं झुका सकते।
आगाज लियाकत अली खां और उनके साथियों ने सोजख्वानी से किया। मौलाना हाफिज हसन रजा बनारसी और अतश बनारसी ने कलाम पेश किए। अंजुमन गुल्जारिया अब्बासिया और अंजुमन हैदरी ने नौहाख्वानी की। सचिव जुल्फेकार जैदी और महासचिव नायब रजा की देखरेख में मजलिस हुई। संचालन मौलाना बाकर बलियावी और शुक्रिया सैयद अब्बास मुर्तुजा शमसी ने किया।
जगद्गुरु बने स्वामी चक्रपाणि के आगमन पर संतों ने किया अभिनंदन
श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के स्वामी चक्रपाणि नंदगिरि के जगद्गुुरु बनने के बाद शुक्रवार को उनके काशी प्रथम आगमन पर साधु-संतों ने वैदिक विधि से अगवानी की। अखाड़े के साधु-संतों और बटुकों ने पूजन किया और सिंहासन पर बैठाकर माल्यार्पण कर अभिनंदन किया। स्वामी चक्रपाणि नंदगिरि दिन में हनुमान घाट स्थित श्रीपंच दशनाम जूना अखाड़ा पहुंचे।
अखाड़े के कोठारी योगानंद सरस्वती, संत सौरभ आनंद गिरि महाराज, पुजारी सुखदेवानंद गिरि, सूर्यानंद सरस्वती, जगदीश पुरी, रुद्र भारती, पशुपति पुरी ने उनका अभिनंदन किया। उन्होंने अखाड़े की व्यवस्थाओं को देखा। मां गंगा के दर्शन किए। इसके बाद वे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे और दर्शन-पूजन किया। उन्होंने कहा कि अखाड़े ही सनातन संस्कृति के जीवंत प्रतीक हैं और इनके सशक्तीकरण से ही धर्म की रक्षा संभव है।
क्लब ने स्कूल को दी शिक्षण सामग्री
रोटरी क्लब वाराणसी गंगा की ओर से जरूरतमंदों की सेवा की गई। राघव राम वर्मा बालिका इंटर कॉलेज शिवपुर में दो सिलाई मशीन, एक वाटर कूलर, प्रोजेक्टर, चार कंप्यूटर, आउटडोर और इनडोर गेम के लिए खेल सामग्री के साथ ही सेनेटरी नैपकिन मशीन दी गई। क्लब के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. आशुतोष अग्रवाल ने इंटरैक्ट क्लब का उद्घाटन किया। स्वागत अध्यक्ष विनोद अग्रवाल और डॉ. अश्विनी टंडन ने किया। संचालन दीपक अग्रवाल ने किया। इस मौके पर प्रबंधक विनोद कुमार बागी, धर्मेंद्र गोयल आदि रहे।
शंकराचार्य ने भक्तों को दिए दर्शन, पूजन कर पंजाब हुए रवाना
पूर्वाम्नाय श्रीगोबर्धनपुरी के जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती महाराज के 10 दिनों के काशी प्रवास शुक्रवार को समाप्त हो गया। पूर्वाम्नाय श्रीदक्षिणामूर्ति मठ अस्सी में आयोजित सात दिवसीय श्रीदक्षिणामूर्ति मंदिर के पुनर्द्धार के बाद भगवान श्रीदक्षिणामूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल हुए।
वानप्रस्थी संत हेमचंदद्र झा ने बताया कि शंकराचार्य शुक्रवार को सुबह भगवान श्रीदक्षिणामूर्ति मंदिर में दर्शन पूजन किए। अनुयायियों को दर्शन दिए। इसके बाद वह पंजाब के होशियापुर के लिए प्रस्थान किया। बताया कि श्रीदक्षिणामूर्ति मंदिर के पुनर्द्धार के बाद अब पूजन-अर्चन शुरू हो गया। शुक्रवार को दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। शंकराचार्य के आशीर्वाद से यहां आने वाले श्रद्धालुओं कीहशंकाओं का और जिज्ञासाओं का सामाधान हुआ। कई श्रद्धालुओं ने उनसे समाधान लिया।
सनबीम स्कूल में फ्यूजन ऑफ एरा थीम पर ग्रैंड फिनाले
सनबीम स्कूल वरुणा में श्यामक डावर के ‘श्यामक डावर इंस्टीट्यूट ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स’ की सात दिवसीय नृत्य कार्यशाला का भव्य समापन ‘फ्यूजन ऑफ एरा’ का ग्रैंड फिनाले के साथ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। निदेशिका अमृता बर्मन ने अतिथियों का स्वागत किया। समारोह में लहरतारा, वरुणा, सारनाथ व अन्नपूर्णा के विद्यार्थियों ने प्ले हाउस, बप्पी लहरी, के-पॉप, बॉलीवुड व देसी-ग्लोबल फ्यूजन पर डांस प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।
सीनियर छात्रों ने शाहरुख खान मेडले, विलेन एक्ट व देशभक्ति नृत्य से जोश भरा। अभिभावकों ने भी दीवाज मेडले में भागीदारी निभाई। इस अवसर पर मानद निदेशक हर्ष मधोक, सहायक निदेशिका प्रतिमा गुप्ता, चेयरपर्सन डॉ. दीपक मधोक व वाइस चेयरपर्सन भारती मधोक ने प्रतिभागियों की सराहना कर उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रशिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल ने मेधावियों का किया सम्मान
संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल कोइराजपुर में अतुलानंद टेस्ट ऑफ मेरिट स्कॉलरशिप (एटम्स) परीक्षा के छात्र-छात्राओं के लिए सम्मान समारोह हुआ। इसमें कक्षा 6 और कक्षा 9 के होनहार विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। गिलट बाजार शाखा के कक्षा 6 के विद्यार्थियों ने भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए इस सूची में जगह बनाई।
विद्यालय के सचिव राहुल सिंह ने बताया कि एटम्स के माध्यम से चयनित कक्षा 6 के छात्रों को आगामी तीन वर्षों (कक्षा 6 से 8) तक और कक्षा 9 के छात्रों को दो वर्षों तक उनकी योग्यता के अनुसार 100%, 75% और 50% तक की छात्रवृत्ति दी जाती है। निदेशिका डॉ. वंदना सिंह, उपनिदेशक आयुष्मान सिंह और प्रधानाचार्या डॉ. नीलम सिंह ने मेधावियों को पुरस्कृत किया।
ज्वेलरी पैलेस ने ‘लगन ऑफर’ की घोषणा की, आभूषणों की मेकिंग पर छूट
ज्वेलरी पैलेस ने शादी और विशेष अवसरों के लिए ‘लगन ऑफर’ की घोषणा की है। यह ऑफर लहुराबीर सड़क, लाजपत नगर स्थित ज्वेलरी पैलेस शोरूम में उपलब्ध है। इसके तहत सोने के आभूषणों पर मेकिंग चार्ज पर 50 फीसदी तक की छूट दी जा रही है। गोल्ड ज्वेलरी की खरीद पर ग्राहकों को विशेष लाभ मिलेगा। एक लाख रुपये की खरीद पर 0.025 मिलीग्राम का गोल्ड कॉइन मुफ्त दिया जाएगा। वहीं, दो लाख रुपये की खरीद पर 0.050 मिलीग्राम का गोल्ड कॉइन उपहार में मिलेगा। सिल्वर और डायमंड ज्वेलरी पर भी विशेष ऑफर लागू है।
डायमंड ज्वेलरी पर मेकिंग चार्ज पूरी तरह मुफ्त रखा गया है। इसके अतिरिक्त, दो लाख रुपये की डायमंड ज्वेलरी की खरीद पर भी एक गोल्ड कॉइन उपहार में दिया जाएगा। यह ऑफर विशेष रूप से शादियों और पारिवारिक समारोहों के लिए आदर्श है। ज्वेलरी पैलेस के अधिष्ठाता नर्सिंग अग्रवाल ने बताया कि यह ऑफर उन सभी ग्राहकों के लिए है जो अपनी शादी या जीवन के खास मौके पर खरीदारी करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि यह अवसर ग्राहकों को विशिष्ट और यादगार आभूषण खरीदने का मौका देगा।
महिलाओं के कैंसर व एंडोमेट्रियोसिस पर जागरूकता के लिए सीएमई आयोजित
महिलाओं में कैंसर और एंडोमेट्रियोसिस जैसी बीमारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सतत चिकित्सा शिक्षा (सीएमई) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वाराणसी ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजिकल सोसाइटी (वीओजीएस) और हेल्थ स्कैन प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में रेडिसन होटल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य विषय महिलाओं में कैंसर एवं एंडोमेट्रियोसिस रहा। मुख्य वक्ताओं में एम्स नई दिल्ली से स्वर्ण पदक प्राप्त डॉ रश्मि सिंह और डॉ स्मिता चंद्रा शामिल थीं।
उन्होंने महिलाओं में कैंसर के प्रारंभिक लक्षण, बचाव के उपाय और आधुनिक उपचार पद्धतियों पर जानकारी दी। साथ ही एंडोमेट्रियोसिस के प्रभाव, पहचान और उपचार पर भी चर्चा की गई। वीओजीएस की अध्यक्ष डॉ शालिनी टंडन ने महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने और समय पर उपचार लेने की आवश्यकता पर बल दिया। विशेषज्ञों ने बताया कि इन बीमारियों की समय पर पहचान और उचित उपचार से गंभीर जटिलताओं से बचा जा सकता है।
अजंता शूज ने रविदास घाट पर प्लॉगेथॉन 3.0 का आयोजन किया
अजंता शूज ने कूडा बाजार के सहयोग से 22 अप्रैल को रविदास घाट पर प्लॉगेथॉन 3.0 का आयोजन किया। इस पहल का उद्देश्य फिटनेस के साथ-साथ स्वच्छता का संदेश देना था। स्थानीय लोगों ने इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने मिलकर कचरा इकट्ठा किया और अपने इलाके को साफ रखने में योगदान दिया।
यह कार्यक्रम अजंता शूज की ‘कदम-कदम सफाई की ओर’ पहल से प्रेरित था। आयोजकों ने बताया कि छोटे-छोटे प्रयास बड़े बदलाव ला सकते हैं। विजेताओं को इम्पेक्टो बेयरफुट शूज प्रदानकर सम्मानित किया गया। ये जूते पुनर्चक्रित सामग्री से बने हैं। यह आयोजन पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी को दर्शाता है।

कमेंट
कमेंट X