Varanasi News Today: हादसों में तीन की मौत, शराब पीने वाले लैब टेक्नीशियन के निलंबन की संस्तुति; अन्य खबरें
Varanasi News: वाराणसी जिले में दो हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं जिला अस्पताल में शराब पीने वाले लैब टेक्निशियन के निलंबन की संतुति समेत कई खबरें चर्चा में रहीं।
विस्तार
बेटे की सास को देखकर लौट रहे बुजुर्ग दंपती को वाहन ने मार दी टक्कर, मौत
रामनगर थाना क्षेत्र के विश्वसुंदरी पुल पर सोमवार को सड़क हादसे में मोपेड सवार वृद्ध दंपती की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शिवपुरी कॉलोनी मच्छरहट्टा, रामनगर निवासी होरी लाल (70) पत्नी चिरउजी देवी (65) के साथ मोपेड से राजातालाब के अस्पताल में बेटे की सास को देखने जा रहे थे।
विश्वसुंदरी पुल के पास अज्ञात वाहन ने मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और वाहन चालक उन्हें कुचलते हुए डाफी की तरफ भाग निकला। घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मृतक के पास मिले मोबाइल फोन के आधार पर परिजनों को जानकारी दी। पुत्र बृजेश ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दी है।
थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर वाहन की तलाश की जा रही है। परिजनों के अनुसार होरी लाल पराग पशु आहार कंपनी से साल 2016 में सेवानिवृत्त हुए थे। उनके तीन पुत्र संदीप कुमार, मनोज कुमार, बृजेश कुमार तथा एक पुत्री स्नेहलता हैं। उधर, चोलापुर के क्षेत्र के अल्लोपुर बाजार में सोमवार को सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
लोगों की मदद से उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक है। गोसाईपुर चोलापुर निवासी भुंन्नू कुमार अपनी बाइक से अल्लोपुर बाजार से जा रहा था। चार पहिया ने बाइक में टक्कर मार दी। भुंन्नू कुमार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सड़क हादसे में साइकिल सवार मजदूर की मौत
फूलपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह सड़क हादसे में साइकिल से मजदूरी करने जा रहे लहंगपुर अटहनू जौनपुर निवासी प्रदीप गोंड की हाइड्रा वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। पुलिस के अनुसार, प्रदीप गोंड सोमवार सुबह 9 बजे साइकिल से मजदूरी करने जा रहा था। यूपीएसआईडीसी के एक निजी कंपनी के पास गलत दिशा से आ रही हाइड्रा ने टक्कर मार दी। हादसे में प्रदीप गोंड गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने उसे पिंडरा के एक अस्पताल पहुंचाया। जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। रास्ते में ही प्रदीप गोंड ने दम तोड़ दिया। मृतक के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं और वह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। पत्नी शांति देवी का रो रोकर बुरा हाल था। मृतक के चचेरे भाई भइया लाल ने फूलपुर थाने में तहरीर दी। थााना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।
जिला अस्पताल में शराब पीने वाले लैब टेक्नीशियन के निलंबन की संस्तुति
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल की पैथलॉजी में तीन दिन पहले जिन कर्मचारियों के शराब पीने का वीडियो वायरल हुआ था, अब उन पर कार्रवाई की तलवार लटक रही है। सीएमएस डॉ. आरएस राम ने वायरल वीडियो में बैठे दिखने वाले लैब टेक्नीशियन जितेंद्र कुमार के निलंबन की संस्तुति कर इसका पत्र महानिदेशक स्वास्थ्य को भेजा है। वीडियो में लैब टेक्नीशियन के साथ बैठकर शराब पीने वाले आउटसोर्स वाले तीन कर्मचारियों को हटा दिया गया है।
जिस जगह जांच किट, मशीनें रखी थीं, वहीं बैठकर लैब टेक्नीशियन ने तीन अन्य कर्मचारियों के साथ शराब पी थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तब इसकी जानकारी अस्पताल प्रशासन को हुई। सीएमएस ने बताया कि इस तरह का कृत्य शर्मनाक और निंदनीय हैं। लोगों से जवाब भी मांगा गया है। बताया कि महानिदेशक की स्वीकृति आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बताया कि अस्पताल में भविष्य में इस तरह का कोई और आयोजन न हो, इसके लिए एक चेतावनी पत्र भी जारी किया गया है।
पुलिस चौकी से 300 मीटर दूर मिठाई की दुकान में चौथी बार चोरी
चोलापुर थाना क्षेत्र के दानगंज में अजगरा चौकी से 300 मीटर दूरी पर हथियर देवरिया में एक मिठाई की दुकान में चार महीने में चार बार चोरी हुई। हरदासीपुर निवासी दुकानदार सीताराम रामसेवक के अनुसार, दिसंबर में ही तीन बार चोर दुकान को निशाना बना चुके हैं। इसकी सूचना अजगरा चौकी पर दी गई, लेकिन प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। व्यवसायी ने बताया कि रविवार रात चोर दुकान की छत के रास्ते अंदर घुस गए और दो दुकानों के ताले तोड़कर करीब 50 हजार रुपये और 50 हजार के कोल्ड ड्रिंक व मिठाई चोरी कर ले गए। अब तक चार लाख रुपये का नुकसान हो चुका है। दुकानदार का कहना है कि लगातार चोरी से वह पूरी तरह टूट चुके हैं। चोलापुर थाना प्रभारी दीपक कुमार का कहना है कि चोरी की सूचना थाने को नहीं मिली है। तीन महीने बाद भी कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।
सुद्धिपुर के कार वॉशिंग सेंटर की जांच के लिए सोमवार शाम पहुंचे लेखपाल रितेश सिंह की वॉशिंग संचालक समेत चार आरोपियों ने पिटाई कर दी। अचानक हमले में रितेश सिंह घायल हो गए। लेखपाल पर हमले की सूचना मिलते ही आसपास के 20 से अधिक लेखपाल थाने पहुंचे और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। लेखपाल रितेश की तहरीर पर सरकारी कार्य में बाधा, जानलेवा हमला समेत अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की गई। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। इसमें स्कार्पियो सीज की गई।
थाना क्षेत्र के परमानंदपुर के हल्का लेखपाल रितेश कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि संपूर्ण समाधान दिवस पर आवेदक शैलेश्वर सिंह की शिकायती पत्र पर उप जिलाधिकारी के आदेश के क्रम में जांच के लिए शाम को 6.30 बजे सुद्धिपुर पहुंचे। सुद्धिपुर निवासी सूर्यबली से पूछताछ कर रहा था। गाड़ी धुलाई सर्विस सेंटर से संबंधित वैध कागजात प्रस्तुत करने को कहा, इस बीच सूर्यबली का भाई चंद्रशेखर मौके पर पहुंचा और धमकी भरे लहजे में कहा किस विभाग से हो और मेरे ही सर्विस सेंटर की क्यों जांच कर रहे हो।
इस बीच काले रंग की स्कॉर्पियो से पहुंचे मां भवानीनगर कॉलोनी सुद्धिपुर निवासी रोहित सिंह ने गालीगलौज कर कुचलने का प्रयास किया। सरकारी दस्तावेज फाड़ दिए। आरोपियों ने हमला कर दिया। साथी लेखपाल अभिषेक जायसवाल पर हमला किया। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। रोहित सिंह, सचिन, चंद्रशेखर, सूर्यबली के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उधर, लेखपाल पर हमले की सूचना पर नायब तहसीलदार शैलेश सिंह व नायब तहसीलदार शिवपुर प्रीति पांडेय भी पहुंची। उच्चाधिकारियों को भी घटना से अवगत कराया।
अस्सी घाट पर मनबढ़ों ने अर्चक समेत दो को पीटा
अस्सी घाट पर मछली बंदर मठ के पास चाय की दुकान पर सोमवार रात मनबढ़ों ने अर्चक यश द्विवेदी और सत्यम तिवारी की पिटाई कर दी। वजनी वस्तु से यश के सिर पर हमला कर दिया। लहूलुहान यश का बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में उपचार कराया गया। यश की तहरीर पर भेलूपुर पुलिस आसपास के सीसी कैमरे खंगाल रही है। चित्रकूट निवासी यश द्विवेदी ने पुलिस को बताया कि वह चाय की दुकान के सामने बाइक पर बैठकर चाय पी रहा था। साथ में मित्र सत्यम भी थे। इस बीच जिसकी बाइक थी उसने गलत बर्ताव किया और फिर 8 से 9 युवकों ने हमला कर दिया। बीचबचाव में सत्यम को भी पीटा गया। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि चाय की दुकान के आसपास के सीसी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
छात्रा की खुदकुशी मामले में आरोपी प्रेमी गिरफ्तार
नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म में दोषी को 10 साल का कठोर कारावास
विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट प्रथम विकास श्रीवास्तव की अदालत ने सोमवार को नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म मामले में चौक निवासी फैज आलम को दोषी करार दिया। अदालत ने दोषी को 10 साल की कठोर कारावास की सजा सुनाई है।अदालत ने आरोपी पर 35 हजार का जुर्माना भी लगाया है। अभियोजन के अनुसार, चौबेपुर निवासी वादी ने 15 जुलाई 2017 को थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उसका आरोप था कि नाबालिग बेटी का चौक निवासी फैज आलम ने अपहरण कर लिया फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामले की विवेचना की और आरोप पत्र अदालत में दाखिल कर दिया। अदालत में आठ साल से ज्यादा समय तक सुनवाई चली और अब अदालत ने फैसला सुनाया है।
घर के बाहर खड़ी बाइक चोरी
चोलापुर क्षेत्र के भवानीपुर निवासी अनिल यादव की बाइक घर के सामने टिनशेड में खड़ी थी जो चोरी हो गई। पुलिस को तहरीर में बताया कि 14 मार्च की रात 8 बजे काम खत्म कर घर पहुंचे और बाइक घर के सामने खड़ी कर कमरे में सोने चले गए। 15 मार्च की सुबह 6 बजे जब वह नीचे आए तो बाइक गायब थी। अनिल ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाना चोलापुर में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
अपहरण के एक मामले में पुलिस ने वांछित अभियुक्त को परमपुर रिंग रोड के पास से गिरफ्तार कर अपहृता को बरामद कर लिया है। आरोपी की पहचान मो. आनस निवासी ग्राम किठांवा थाना सलोन रायबरेली के रूप में हुई। वादी ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि उनकी बेटी घर से लापता हो गई है। खोजबीन और रिश्तेदारों के यहां तलाश के बाद प्राथमिकी दर्ज कराई गई। पूछताछ में अभियुक्त ने पुलिस को बताया कि उसका संपर्क अपहृता से फेसबुक से हुआ था। शादी की बात कहकर किशोरी को अपने साथ मुंबई ले गया था।
30 दिन बाद छेड़खानी के मामले में प्राथमिकी
रोहनिया थाना क्षेत्र की एक महिला की शिकायत पर एक महीने बाद पुलिस ने छेड़खानी के मामले में पुलिस आयुक्त के निर्देश पर प्राथमिकी दर्ज की। महिला का कहना है कि उसका पति दुबई में काम करता है। वह बच्चों के साथ गांव में रहती है। आरोप है कि 10 फरवरी की रात पड़ोसी और पीडब्ल्यूडी कर्मचारी लक्ष्मी नारायण घर में घुस आया और छेड़खानी करने लगा। नींद खुलने पर उसने शोर मचाया तो आरोपी ने उसका मुंह दबा दिया। बच्चों की नींद खुल गई और उनके शोर मचाने पर युवक धमकी देते हुए भाग गया। महिला का आरोप है कि घटना के बाद उसने पुलिस को सूचना दी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। 19 फरवरी को फिर थाने गई, तब भी सुनवाई नहीं हुई। पुलिस कमिश्नर से मिली और आपबीती सुनाई। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
शिफ्टिंग की आड़ में नहीं मिल रही रिकॉर्ड की कॉपी
नगर निगम के नए भवन का निर्माण कार्य शुरू होना है। इसे देख पुराने भवन के कार्यालय को दूसरी बिल्डिंग में शिफ्ट किया जा रहा है। पुराने रिकॉर्ड की कापी नहीं मिल रही है। यहां पर पहले से रखे कबाड़ वाहनों को हटाया जा रहा है। अभिलेखागार के रिकॉर्ड को भी हटवाया जा रहा है। इस दौरान रिकार्ड से जुड़े कोई भी दस्तावेज की मांग करने पर लोगों को टरकाया जा रहा है। कहा जा रहा है कि अभी रिकॉर्ड की शिफ्टिंग हो रही है। दस दिन बाद मिलेगा। जैतपुरा के विकास कुमार ने बताया कि वे 15 दिन से पुराने रिकॉर्ड मांग रहे हैं। अकसर दौड़ाया जा रहा है। भेलूपुर के शिव कुमार ने कहा कि कभी मुख्यालय तो कभी जोनल कार्यालय भेजा जा रहा है। अभिलेखागार के एक अधिकारी ने कहा कि दो दिन में सभी रिकॉर्ड शिफ्ट हो जाएंगे। इसके बाद लोगों को आसानी से कॉपी मिल जाएगी।
फूलपुर थाना क्षेत्र के करखियाव के अमूल डेयरी के सामने लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर सोमवार को डीसीपी गोमती जोन आकाश कुमार पटेल और फूलपुर थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सड़क की स्थिति और दुर्घटनाओं के कारणों की जानकारी ली। साथ ही एनएचआई की टीम को भी मौके पर बुलाकर वार्ता की। डीसीपी आकाश पटेल ने एनएचआई की टीम को सुझाव दिए। ताकि दुर्घटना रोकी जा सके।
आसाराम को वीआईपी दर्शन कराने के मामले में सीएम कार्यालय को भेजा पत्र
ष्कर्म में सजायाफ्ता आसाराम को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में वीआईपी दर्शन कराने के मामले में अधिवक्ता और मानवाधिकार कार्यकर्ता खालिद वकार आबिद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। मुख्यमंत्री को भेजी शिकायत में कहा है कि 15 मार्च को आसाराम को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में वीआईपी व्यवस्था के साथ दर्शन कराया गया। उसका काफिला पुलिस सुरक्षा में मंदिर के गेट नंबर चार तक पहुंचा और विशेष व्यवस्था के तहत मंदिर में प्रवेश कराया गया। यह भी कहा कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 14 के तहत सभी नागरिकों के लिए कानून के समक्ष समानता का सिद्धांत लागू होता है। ऐसे में किसी दोष सिद्ध व्यक्ति को विशेष सुविधा देना न्यायसंगत नहीं माना जा सकता। मुख्यमंत्री कार्यालय ने शिकायत को पंजीकृत कर लिया है। आगे की कार्रवाई के लिए अरविंद मोहन (संयुक्त सचिव) उत्तर प्रदेश को प्रेषित कर दिया है।
बच्ची से छेड़खानी के मामले में पांच पर प्राथमिकी दर्ज
मिर्जामुराद क्षेत्र के एक गांव में 12 साल की लड़की से छेड़खानी के मामले में पांच लोगों के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। पीड़िता की मां का आरोप है कि रविवार शाम पड़ोस का युवक सिंटू बच्ची को पानी मांगने के बहाने घर ले गया और छेड़खानी की। शिकायत करने पर आरोपी पक्ष के टिकोरी, रेशम, सुनीता और गगन ने धमकी दी। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि सिंटू, टिकोरी, रेशम, सुनीता व गगन के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
किशोरी के अपहरण के आरोपी को पुलिस ने सोमवार को खजुरी के पास से गिरफ्तार किया। साथ ही किशोरी को बरामद कर लिया। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि क्षेत्र की छात्रा 11 मार्च को परीक्षा देने घर से कॉलेज के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। इस मामले में छात्रा की मां की तहरीर पर रविवार को बेनीपुर चंगवार निवासी रोहित प्रजापति के खिलाफ अपहरण कर ले जाने का आरोप लगाकर प्राथमिकी दर्ज कर कराई थी। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह छात्रा से प्रेम करता है और छह महीने से दोनों की बातचीत हो रही थी। पैसे खत्म होने पर वह छात्रा को लेकर वापस घर लौट रहा था।
चारपहिया की टक्कर से बाइक सवार घायल
चोलापुर क्षेत्र के अल्लोपुर बाजार में सोमवार को सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों की मदद से उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक है। गोसाईपुर चोलापुर निवासी भुंन्नू कुमार अपनी बाइक से अल्लोपुर बाजार से जा रहा था। चार पहिया ने बाइक में टक्कर मार दी। भुंन्नू कुमार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तुलसी घाट पर डूबे आयुष का नहीं चला पता
तुलसी घाट पर डूबे आयुुष गुप्ता (12) का पता नहीं चल सका। सोमवार को भी एनडीआरएफ और जल पुलिस की टीम ने खोजबीन की। परिजन अभी भी बेटे की आस में घाट किनारे बैठे हैं। वहीं, निखिल (18) का देर रात हरिश्चंद घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। गोरखपुर से काशी भ्रमण पर आए परिवार के ऊपर टूटे दुखों के पहाड़ के बीच रिश्तेदारों ने ढांढ़स बंधाया। भेलूपुर पुलिस, एनडीआरएफ, जल पुलिस ने शाम को भी गंगा में तलाश की है। गोरखपुर के झगहां थाना क्षेत्र के डुमरैला निवासी टेंट व्यवसायी अनिल गुप्ता रिश्तेदारों के साथ काशी दर्शन करने आए थे। रविवार सुबह तुलसी घाट पर स्नान के दौरान बेटा आयुष और आयुष की मां के भतीजे निखिल डूब गए। निखिल का शव आधे घंटे में बरामद किया गया। पोस्टमार्टम के बाद हरिश्चंद्र घाट पर ही अंतिम संस्कार किया गया। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि आयुष की खोजबीन कराई जा रही है।
भीड़भाड़ वाले रास्तों पर महिलाओं को निशाना बनाकर आभूषण चोरी करने वाली तीन महिलाओं को लालपुर पांडेयपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के मंगलसूत्र और पायल समेत अन्य जेवर भी बरामद किए। पुलिस के अनुसार कुछ दिन पहले एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह पांडेयपुर चौराहे से काली माता मंदिर की ओर ऑटो से जा रही थी। साथ बैठी महिलाओं ने भीड़ का फायदा उठाकर पर्स से मंगलसूत्र और पायल निकाल लिया। पहड़िया मंडी क्षेत्र में पानी टंकी के पास से तीन महिलाओं को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके पास से एक मंगलसूत्र, चेन और पायल मिली। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि तीनों भीड़भाड़ वाले बाजारों और ऑटो में महिलाओं के पास बैठकर मौका पाते ही आभूषण चोरी कर लेती थीं।
पेशकार पर दुर्व्यवहार का आरोप, जज से मिले वकील
तहसील बार एसोसिएशन की बैठक लाइब्रेरी भवन में हुई। बैठक में ग्राम न्यायालय पिंडरा में तैनात पेशकार पर अधिवक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार करने और वादकारियों से वसूली का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई गई। अधिवक्ताओं ने सोमवार को सांकेतिक हड़ताल की। पूर्व अध्यक्ष श्रीनाथ गोंड़ के प्रस्ताव पर बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष प्रीतराज माथुर के नेतृत्व में ग्राम न्यायालय के जज सत्यम सिंघल से मिला और ज्ञापन सौंपा। अधिवक्ताओं ने कहा कि पेशकार को नहीं हटाया गया तो कार्य बहिष्कार किया जाएगा। अधिवक्ताओं का कहना है कि पहले भी ग्राम न्यायालय के जज से शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। वकीलों ने उच्च न्यायालय और जनपद न्यायाधीश को भी पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
आलमारी में रखे गहने चोरी
लंका थाना क्षेत्र के नरिया इलाके में बीएचयू अस्पताल की नर्सिंग इंचार्ज के घर से आलमारी में रखे गहने चोरी हो गए। पीड़िता सरोज प्रताप के अनुसार, सोने की चेन और एक नेकलेस चोरी हो गया। पीड़िता ने आशंका जताई है कि उनकी गैरमौजूदगी में निचले तल पर रहने वाली नौकरानी ने चोरी की है। चोरी तीनों गहनों की कीमत 10 लाख से अधिक है। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।