सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Update of five-year-old boy died after truck hit wall and police action on criminals

Varanasi News Today: मालवाहक की टक्कर से दीवार गिरी, पांच साल के बच्चे की मौत समेत पढ़ें- प्रमुख खबरें

अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: प्रगति चंद Updated Wed, 25 Feb 2026 04:39 PM IST
विज्ञापन
सार

Varanasi News: वाराणसी जिले में कई खबरें चर्चा में रहीं। इनमें मालवाहक की टक्कर से दीवार गिरने से पांच साल के बच्चे की मौत और जुए के आरोप में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी समेत कई खबरें सुर्खियों में रहीं। 

Varanasi News Today Update of five-year-old boy died after truck hit wall and police action on criminals
मृत बच्चे की फाइल फोटो व रोते- बिलखते लोग - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

वाराणसी जिले के राजातालाब थाना क्षेत्र के सरैया गांव में मंगलवार दोपहर मैजिक की टक्कर से दीवार गिर गई। जिसमें दबकर अनुराग (5) की मौत हो गई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरोज देवी और बच्ची सृष्टि घायल हो गईं। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जक्खिनी में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद वाहन को पुलिस ने जब्त कर लिया। 

Trending Videos


सरैया निवासी महादेव का नाती अनुराग ननिहाल में रहकर आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ने जाता था। दोपहर में वह सरोज देवी के साथ घर लौट रहा था, जैसे ही वह घर के दरवाजे के पास पहुंचा, उसी दौरान गांव में बोरिंग के लिए आई एक मालवाहक पीछे की ओर बैक हो रही थी। गति तेज होने के कारण गाड़ी बैक साइड में कच्ची दीवार से टकरा गई। 
विज्ञापन
विज्ञापन


टक्कर लगते ही दीवार भरभराकर गिर पड़ी। उसी समय वहां खड़ा अनुराग और सरोज देवी और बच्ची सृष्टि मलबे की चपेट में आ गईं। लोगों ने तुरंत मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक अनुराग की सांसें उखड़ चुकी थीं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जक्खिनी में चिकित्सकों ने अनुराग को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही ननिहाल में कोहराम मच गया। 

सरोज देवी और बच्ची सृष्टि का उपचार जारी है। अनुराग के मामा अजीत ने पुलिस को बताया कि मालवाहक वाहन गांव में बोरिंग मशीन लेकर जा रहा था और बैक करते समय दीवार में टक्कर मार दी, जिससे यह हादसा हो गया। पुलिस ने अनुराग के शव को संरक्षण में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष दयाराम ने किया मालवाहक वाहन को जब्त किया गया है। परिजनों की तहरीर पर कार्रवाई होगी।
  
जुए के आरोप में तीन आरोपी गिरफ्तार
फूलपुर पुलिस ने सोमवार रात जगदीशपुर एयरपोर्ट बाउंड्री के ट्यूबवेल के पास जुए के फड़ पर छापा मारकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। फड़ से नकद व ताश के पत्ते मिले। आरोपियों में अमरदेव निवासी प्रसादपुर, अरविंद निवासी मंगारी और दिलीप कुमार निवासी रघुनाथपुर हैं। 

कटरे के बाहर खड़ी पिकअप चोरी

बड़ागांव थाना क्षेत्र के भिखारीपुर गांव में मानिक चंद्र के कटरे के बाहर खड़ी पिकअप रविवार रात चोरी हो गई। लखापुर गांव निवासी मोहित कश्यप ने पुलिस को बताया कि बड़े भाई संजय कश्यप के नाम से पिकअप खरीदी थी। वाहन स्वामी के भाई राजीव प्रसाद ने सोमवार रात तहरीर दी। थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। 

24 घंटे बाद वरुणा में उतराया शव मिला
नक्खीघाट वरुणा नदी में कूदे सूरज राजभर (20) का शव 24 घंटे बाद मंगलवार को उतराया मिला। पुलिस ने शव को संरक्षण में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि दनियालपुर निवासी सूरज राजभर ने सोमवार सुबह वरुणा के किनारे साइकिल और चप्पल छोड़कर नदी में छलांग लगा दिया। पिता चंद्रबली राजभर ने बताया कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। 

बाइक की टक्कर से साइकिल सवार छात्र नहर में गिरकर घायल
मिर्जामुराद क्षेत्र के लालपुर चट्टी नहर के पास मंगलवार को बाइक और साइकिल की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद साइकिल सवार छात्र नहर में गिरकर घायल हो गया। भदोही बरवा निवासी श्रीनाथ गुप्ता बाइक से राजातालाब की ओर जा रहा था। लालपुर चट्टी के पास लेड़ूवाई (मिर्जामुराद) निवासी विनीत से टक्कर हो गई। राहगीरों ने विनीत को बाहर निकाला और निजी अस्पताल में भर्ती कराया। 

महिला ने फंदे से लटक दी जान, दुर्गंध उठने पर चला मालूम

लंका थाना क्षेत्र के नगवा में रीना सिंह (45) ने फंदे से लटक कर जान दे दी। मानसिक रूप से अस्वस्थ रीना के कमरे से दुर्गंध के बीच पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची लंका पुलिस ने शव को संरक्षण में लिया। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि पति मनोज सिंह, बेटे उदित विक्रम सिंह को बुलाकर दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला गया। परिजनों ने बताया कि रीना मानसिक रूप से अस्वस्थ थी, जिसके कारण पति, बेटा और दो बेटियां कैमूर, बिहार में रहते हैं। प्रयागराज में पढ़ने वाली एक बेटी रीना के साथ रहती थी, लेकिन एक महीने पहले गांव चली गई थी। घर में रहने वाली किरायेदार को उसने कुछ दिन पहले कमरे में बंद कर दिया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया। जिसकी वजह से किरायेदार ने भी उसी दिन कमरा खाली कर दिया था। 

ड्राइवरों की मिलीभगत से तेल चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
तेल चोरी कर कम दाम पर बेचने वाले आरोपी प्रकाश मिश्रा उर्फ गोकुल को रामनगर पुलिस ने मंगलवार को मंडुवाडीह से गिरफ्तार किया। रामनगर थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि आरोपी सेंट जांस कॉलोनी, मड़ौली, मंडुवाडीह का निवासी है। ट्रक ड्राइवरों की मिलीभगत से तेल चोरी कर बाजार मूल्य से कम कीमत पर बेचता था। 

गंगा में डूबकर बुजुर्ग की मौत
लंका थाना क्षेत्र के सामनेघाट पर मंगलवार सुबह शिवशंकर (74) की गंगा में स्नान के दौरान डूबने से मौत हो गई। लंका पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि शिवशंकर के पास से मिले वोटर आईडी से पहचान हुई। जहलुपुर सुदामापुर भेलूपुर निवासी शिवशंकर के बेटे दीपांशु राय ने शव की शिनाख्त की है। 

पेयजल नलकूप से बैटरी चोरी
फूलपुर थाना क्षेत्र के सुरही पेयजल नलकूप से सोलर बैटरी सोमवार रात चोरी हो गई। ऑपरेटर विशाल कुमार शर्मा ने पुलिस को बताया कि मंगलवार सुबह पंप हाउस पर पहुंचा तो कुंडी टूटी थी। अंदर रखी 24 सोलर बैटरी चोरी मिली। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

चोरी का आरोपी गिरफ्तार, आभूषण नगदी बरामद

सोयेपुर में मकान से आभूषण चोरी के आरोपी कुलदीप उपाध्याय को लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने सोमवार रात गोइठहां रिंग रोड के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी के आभूषण, नकदी मिली। गिरफ्तार आरोपी मिर्जापुर के कोतवाली देहात क्षेत्र के देवली गंगाउत का निवासी है। इंस्पेक्टर राजीव सिंह ने बताया कि 10 फरवरी को चोरी हुई थी। आरोपी कुलदीप ने कुछ सोने के आभूषण 80 हजार रुपये में बेचकर रकम अपने बैंक खाते में जमा कर दी थी, जबकि मोबाइल फोन पकड़े जाने के डर से रास्ते में फेंक दिया था। 

रंगदारी के मामले में पांच पर प्राथमिकी दर्ज
रंगदारी और हत्या की धमकी के मामले में पुलिस आयुक्त के आदेश पर मंगलवार को पांच आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बहेड़वा गांव निवासी पीड़िता ने पुलिस को बताया कि एक सप्ताह पहले गांव के ही शिव प्रकाश मिश्रा उर्फ डब्बू, सुजीत कुमार मिश्रा उर्फ लुट्टर, बजरंगी भड़भूजा व आकाश भड़भूजा सहित अन्य ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। छेड़खानी की और 5 लाख की रंगदारी मांगी। धमकी दी कि रुपये नहीं दिए तो उनके पति को एक महिला के नाम से दुष्कर्म के केस में फंसा कर जेल भिजवा देंगे और हत्या करवा देंगे। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

मोटरबोट में ईंधन डालते समय लगी आग
पांडेय घाट के सामने मंगलवार शाम गंगा में मोटरबोट में ईंधन डालते समय डिब्बे में अचानक आग लग गई। नाविक ने तुरंत डिब्बे को गंगा में फेंक दिया। किसी तरह की कोई हानि नहीं हुई है। जल पुलिस ने नाविक से भी पूछताछ की है। जल पुलिस प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि ईंधन समाप्त होने पर विशाल ने टंकी में तेल डाला। अचानक डब्बे में आग लग गई, चालक ने सावधानी पूर्वक गंगा में डब्बे को फेंक दिया। 

ट्रांसफॉर्मर में लगी आग
चेतगंज थाना क्षेत्र के रामकटोरा में विराट कांपलेक्स में बिजली के ट्रांसफॉमर में मंगलवार अपराह्न आग लग गई। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि शॉर्ट सर्किट या ओवरलोड के कारण आग लगने की आशंका है। किसी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई है।  

क्रेडिट कार्ड से 1.63 लाख की साइबर ठगी

फर्जी तरीके से क्रेडिट कार्ड से 1.63 लाख की ठगी के मामले में मंगलवार को जैतपुरा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। काजिसदुल्लापुरा निवासी शाहिद जमाल ने पुलिस को बताया कि 17 अक्तूबर 2025 को क्रेडिट कार्ड आया, जिसका पिन भी जनेरेट नहीं किया था। 19 अक्तूबर को मोबाइल पर अज्ञात नंबर से फोन आया। खुद को बैंक कर्मचारी बताते हुए शख्स ने कहा कि क्रेडिट कार्ड पिन जनेरेट के लिए एक मेसेज जाएगा। 19 से 22 अक्तूबर तक मोबाइल पर मेसेज आता रहा। क्रेडिट कार्ड से पैसे कटते रहे। लगभग एक लाख 63 हजार की राशि निकाली गई। बैंक से संपर्क किया तो पता चला की साइबर ठगी हुई है। जैतपुरा थानाध्यक्ष उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि साइबर सेल से मामले की जांच कराई जा रही है।   

आभूषण व्यवसायी से 250 ग्राम सोना चोरी मामले में चार नामजद व अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज
चौक थाना क्षेत्र के नारियल बाजार निवासी निशांत वर्मा के कारखाने से 250 ग्राम सोना चोरी के मामले में अपर पुलिस आयुक्त अपराध के आदेश के बाद मंगलवार को आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। आभूषण व्यवसायियों ने पुलिस आयुक्त कार्यालय को प्रार्थना पत्र देकर चौक पुलिस पर जांच में लापरवाही बरतने और प्राथमिकी दर्ज नहीं करने का आरोप आरोप लगाया था। पीड़ित निशांत वर्मा ने पुलिस को बताया कि मकान में ही कारखाना है। 25 साल से राजू राजपूत (पंजाबी) सोने की बाली बनाता था। एक साल से बेटे साहिल पंजाबी उर्फ रसप्रीत को भी काम में शामिल किया। ऑर्डर के अनुसार बाली बनाने का कार्य करता रहा। 2 फरवरी को कार्य पूरा न करने पर जब साहिल से बात की तो डाई और तार खींचने के नाम पर दुकान से 250 ग्राम सोना लेकर गायब है। परिजनों ने भी गुमराह किया है। चाैक इंस्पेक्टर दिलीप कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपियों में राजू राजपूत पंजाबी, साहिल पंजाबी उर्फ रसप्रीत, गुलशन, श्रुति और अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।  

93% अंकों के साथ चौकाघाट सीएचसी अव्वल, मिला एनक्वास प्रमाण पत्र
शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चौकाघाट ने राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्वास) में 93 फीसदी अंक हासिल कर प्रदेश की पहली शहरी सीएचसी के रूप में यह प्रतिष्ठित प्रमाणपत्र प्राप्त किया है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. फाल्गुनी गुप्ता ने बताया कि यह उपलब्धि टीम के सामूहिक प्रयास और निरंतर सुधार की प्रतिबद्धता का परिणाम है। पिछले कई महीनों से अस्पताल स्टाफ गुणवत्ता मानकों को लेकर गंभीरता से कार्य कर रहा था। नियमित प्रशिक्षण, आंतरिक ऑडिट और मॉनिटरिंग के माध्यम से हर विभाग को एनक्वास के मानकों के अनुरूप तैयार किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश प्रसाद ने कहा कि एनक्वास प्रमाणन केवल एक प्रमाण पत्र नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की गारंटी है।   
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed