सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Youth Beaten for Honking While Filming Reel Father and Daughter Injured in Bike Collision

Varanasi News Today: विश्वनाथ धाम में दो महिलाओं की चेन चोरी, रील बनाते समय हॉर्न बजाने पर युवक को पीटा; खबरें

अमर उजाला नेटवर्क, बलिया। Published by: Pragati Chand Updated Sun, 03 May 2026 12:53 AM IST
विज्ञापन
सार

Varanasi Top News: वाराणसी जिले में क्राइम की कई खबरें चर्चा में रहीं। चितईपुर थाना क्षेत्र के सुंदरपुर चौराहे पर रील बनाते समय हॉर्न बजाने पर युवक को पीट दिया। वहीं भेलूपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से पिता और तीन साल की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। इस मामले में 15 दिन बाद प्राथमिकी दर्ज हुई। पढ़ें- अन्य प्रमुख खबरें

Varanasi News Today Youth Beaten for Honking While Filming Reel Father and Daughter Injured in Bike Collision
Varanasi Top News - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

सड़क पर बना रहे थे रील, हॉर्न बजाने पर युवक को पीटा

Trending Videos

चितईपुर थाना क्षेत्र के सुंदरपुर चौराहे पर मारपीट के मामले में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। चंदौली के नौबतपुर सैयदराजा निवासी अनुराग सैनी ने बताया कि 24 अप्रैल को बुआ के घर मलियान बस्ती चितईपुर आया था। रात में बुआ के बेटे को स्टेशन छोड़ने गया था। लौटते समय सुंदरपुर चौराहे के पास कुछ युवक रील बना रहे थे। आरोप है कि रास्ता साफ कराने के लिए हॉर्न बजाने पर आरोपियों ने गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर अनिकेत, बक्काली निवासी हरिजन बस्ती सुंदरपुर और अन्य अज्ञात लोगों ने ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में अनुराग और उसके भाई शिवा गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से पिता-बेटी घायल, 15 दिन बाद प्राथमिकी दर्ज
भेलूपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से पिता और तीन साल की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। 5 दिन बाद पुलिस ने अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पांडेय हवेली निवासी कौशिक लाहा की तहरीर के अनुसार, 15 अप्रैल की सुबह 7.20 से 7.40 बजे के बीच उनके भाई सौभिक लाहा तीन साल की बेटी देवंतिका को स्कूल छोड़ने जा रहे थे। तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में सौभिक का पैर टूट गया, जबकि मासूम देवंतिका के जबड़े में गंभीर चोट आई है। दोनों का इलाज दुर्गाकुंड के निजी अस्पताल में चल रहा है। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


नकली सोने की गणेश मूर्ति और चांदी के सिंहासन देने पर सराफ पर प्राथमिकी दर्ज
सोने की गणेश की मूर्ति और चांदी के सिंहासन तैयार करने में धोखाधड़ी और सोना चोरी करने के मामले में चौक के सराफ राजेश वर्मा के खिलाफ शनिवार को चौक थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। भेलूपुर थाना क्षेत्र में अस्सी के दक्षिण मूर्ति मठ निवासी पीड़ित समीर कुमार तिवारी ने पुलिस को बताया कि उनके गुरु स्वामी निर्विकल्पानंद सरस्वती हैं। 9 मई 2022 को चौक के सुड़िया ठठेरी गली स्थित श्री जगन्नाथ ऑर्नामेंट के सराफ राजेश वर्मा को गुरु ने 224 ग्राम सोना दिया और ऑर्डर दिया कि अपने पास से सोना लगाकर 561.410 ग्राम की सोने की गणेशजी की मूर्ति और अतिरिक्त पैसा लेकर 766 ग्राम चांदी का सिंहासन व छत्र तैयार करें। नकली सोने की मूर्ति देकर गुरु के साथ धोखाधड़ी की गई। पूरा पैसा लिया। 

स्वर्णकार से गणेश की मूर्ति सटीक व सही आकार न पाने के विषय में कहा गया तो स्वर्णकार ने गुरु से कहा कि मूर्ति सही व आकार की बनी है। अगर इस मूर्ति को दूसरा आकार देना है तो बाद में कभी कर दिया जाएगा। आप जैसा मूर्ति का आकार कहेंगे तो बना दूंगा। गुरु ने मूर्ति को बिना स्थापित किए अपने पास रख लिया। दूसरे स्वर्णकार से संपर्क किया गया तो हैरानी जताते हुए कहा कि मूर्ति में शुद्ध सोना ही नहीं है बल्कि लगभग 2 प्रतिशत सोना ही है। आरोपी स्वर्णकार राजेश वर्मा की दुकान पर गया तो गालीगलौज और जान से मारने की धमकी दी। चौक इंस्पेक्टर दिलीप मिश्रा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

काशी विश्वनाथ के गर्भ गृह में दो महिलाओं की चेन चोरी
तेलंगाना और कर्नाटक की रहने वाली दो महिला दर्शनार्थियों की शनिवार शाम श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गर्भ गृह में दर्शन के दौरान सोने की चेन और मंगलसूत्र चोरी हो गए। स्पर्श दर्शन के समय घटना घटी। तेलंगाना के गोंती जयसिम्हा ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी डी. मैत्रेयी और बच्चों के साथ शाम 4 से 5 बजे के बीच गर्भ गृह में दर्शन करने गए। स्पर्श दर्शन के तुरंत बाद पत्नी बाहर निकली तो मंगलसूत्र और सोने की चेन चोरी पाया। उसी दौरान कर्नाटक की बी. लता की भी सोने की चेन चोरी हुई है। पति बालानगर बोधमेश्वर ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। चौक इंस्पेक्टर दिलीप कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना के दौरान के सीसी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।  
 
ऑटो में बैठी महिला की चेन चोरी, 10 दिन बाद प्राथमिकी
भेलूपुर थाना क्षेत्र के सरायनंदन खोजवा निवासी सावित्री उपाध्याय की चेन चोरी होने के मामले में पुलिस ने 10 दिन बाद प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़िता का आरोप है कि 20 तारीख को वह सुंदरपुर सब्जी मंडी से घर लौटने के लिए ऑटो में बैठी थीं। ऑटो में पहले से एक महिला थी। घर पहुंचने के बाद जब उन्होंने देखा तो उनके गले में चेन नहीं थी। आशंका है कि ऑटो में बैठी महिला ने ही मौका पाकर चेन पार कर दी। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

महिला को अर्द्धनग्न कर पीटा, पति-ससुर समेत कई पर केस
भेलूपुर थाना क्षेत्र के राम जानकी मंदिर, लखराव निवासी सुनीता यादव ने पति, ससुर, जेठानी समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट के मामले प्राथमिकी दर्ज कराई। पीड़िता ने पूर्व में भरण-पोषण से संबंधित मुकदमा दर्ज कराया था, जिसे वापस लेने के लिए आरोपित लगातार दबाव बना रहे थे। विरोध करने पर आरोपी उसे बाल पकड़कर घसीटते हुए घर से बाहर ले गए। कपड़े खींचकर उसे अर्द्धनग्न कर मारा पीटा। बच्चे को नुकसान पहुंचाने की भी धमकी दी गई। पूरी घटना पास में लगे सीसी कैमरे में कैद है। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पीड़िता के पति संजय यादव, ससुर महेश यादव, जेठानी सुमन यादव सहित अन्य अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

गंगा में कूदे युवक का सामने घाट पर मिला शव
विश्वसुंदरी पुल से गंगा में छलांग लगाने वाले नागेपुर गांव निवासी देवा राजभर ( 23) का शव तीन दिन बाद शनिवार को सामने घाट गंगा किनारे लंका पुलिस ने बरामद किया। देवा ने घर फोन कर बताया था कि वह गंगा में कूदने जा रहा है और अपनी बाइक व मोबाइल उठा लेने को कहा था। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे थे। पुलिस व एनडीआरएफ की टीम ने गंगा में काफी खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चल सका था। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।  

थाना परिसर से ट्रैक्टर लेकर फरार हुआ चालक
मिर्जामुराद थाना परिसर से पुलिस अभिरक्षा में मिट्टी लदा ट्रैक्टर लेकर चालक पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। करधना गांव में अवैध खनन की सूचना पर पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली कब्जे में लिया था। चालक को वाहन सहित थाने ले आई थी। पुलिस टीम ट्रैक्टर को सीज करने की प्रक्रिया में जुटी थी। इसी दौरान चालक ने चालाकी दिखाते हुए ट्रॉली में लदी मिट्टी थाना परिसर में ही गिरा दी। इसके बाद ट्रैक्टर स्टार्ट किया और मुख्य गेट से तेज रफ्तार में बाहर निकल गया। पुलिसकर्मी कुछ समझ पाते तब तक वह थाने से निकल गया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में घेराबंदी कर चालक और ट्रैक्टर की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच के आदेश दिए हैं। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।  

एपीके फाइल डाउनलोड करते ही खाते से उड़े 1.31 लाख रुपये की निकासी
भेलूपुर थाना क्षेत्र के महमूरगंज में जीआरटी काशी क्षेत्रम में रहने वाले आरएन रमेश साइबर ठगी का शिकार हो गए। जालसाजों ने व्हाट्सएप पर एपीके फाइल भेजकर मोबाइल हैक कर लिया और बैंक खाते से 1,31,762 रुपये की निकासी कर ली। पीड़ित के अनुसार, 25 अप्रैल को व्हाट्सएप पर एपीके फाइल आई थी। अनजाने में उसे डाउनलोड करते ही मोबाइल हैक हो गया। कुछ ही देर बाद खाते से रुपये डेबिट होने के मेसेज आने लगे, तब उन्हें ठगी की जानकारी हुई। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। 

विधवा के घर हमले में कोर्ट के आदेश पर 10 पर प्राथमिकी
चौबेपुर क्षेत्र के डुढुवा गांव में विधवा महिला के घर में घुसकर मारपीट के मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने 10 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पीड़िता माधुरी देवी के अनुसार 7 दिसंबर 2025 की रात 10.30 बजे गांव के 10 लोग जबरन घर में घुस आए और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमलावर नशे में थे और घर में तोड़फोड़ कर महिलाओं से अभद्रता की। साथ ही जान से मारने की धमकी दी। हमले में माधुरी देवी, पुत्र बादल सहित अन्य परिजन घायल हो गए। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

मोबाइल क्लोन कर खाते से 54,900 रुपये उड़ाए
चौबेपुर क्षेत्र के जाल्हूपुर गांव निवासी एक व्यक्ति गैस बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी का शिकार हो गया। ठगों ने पहले खुद को गैस एजेंसी का कर्मचारी बताकर भरोसा जीता, फिर मोबाइल क्लोन कर खाते से 54,900 रुपये निकाल लिए। हरिश्चंद्र सिंह ने बताया कि 29 अप्रैल को गैस बुकिंग के लिए आईवीआर नंबर पर कॉल किया था।अगले दिन 30 अप्रैल को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को भारत गैस एजेंसी का कर्मचारी बताते हुए कहा कि उनकी गैस बुकिंग नहीं हुई है। एक लिंक भेजकर गैस डिलीवरी नाम का ऐप डाउनलोड करने को कहा। आरोप है कि ठग ने वेरिफिकेशन के नाम पर 2 रुपये ट्रांसफर करने को कहा। जैसे ही पीड़ित ने निर्देशों का पालन किया, साइबर अपराधियों ने मोबाइल क्लोन कर उनके बैंक खाते से कुल 54,900 रुपये निकाल लिए। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। 

दहेज उत्पीड़न व मारपीट के दो मामलों में प्राथमिकी दर्ज
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में विवाहित महिलाओं के उत्पीड़न के दो मामले सामने आए हैं। पुलिस ने दोनों पीड़िताओं की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहले मामले में आकांक्षा सेठ ने आरोप लगाया कि पति विकास सेठ को ऑनलाइन गेमिंग की लत है और विरोध करने पर पति व ससुराल पक्ष ने उनके साथ मारपीट की। 1 मार्च 2026 को उन्हें बच्चों समेत घर से निकाल दिया गया, जिसके बाद वह मायके चली गईं। दूसरे मामले में बबीता गोंड ने पति दीपक कुमार गोंड व ससुराल पक्ष पर एक लाख रुपये व बाइक की मांग को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। विरोध करने पर मारपीट, भोजन से वंचित करने और कमरे में बंद रखने का आरोप लगाया है। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। 

ट्रैक्टर और एक जेसीबी से बैटरी चोरी
लालपुर-पांडेयपुर मढ़वा में गीता बिल्डिंग मटेरियल के पास खड़े चार ट्रैक्टर और एक जेसीबी से चोरों ने बैटरियां चोरी कर लीं। चोरी की वारदात सीसी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें कुछ लोग बैटरियां खोलकर टेंपो पर लादते नजर आ रहे हैं। व्यवसायी ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। 

नाबालिग को परेशान, आईडी हैक करने में प्राथमिकी दर्ज
कैंट थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर नाबालिग को परेशान करने और उसकी आईडी हैक कर दुरुपयोग करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मानसिक चिकित्सालय मार्ग निवासी पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसके आधिकारिक इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर लगातार अश्लील व आपत्तिजनक संदेश भेज रहा था। इंस्टाग्राम आईडी हैक कर उसका गलत इस्तेमाल किया और फोटो वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। 

खिड़की तोड़कर सामान ले उड़े चोर
फूलपुर थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय पिंडरा प्रथम में शुक्रवार रात चोरों ने पहले कार्यालय का ताला तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन ताला न टूटने पर पीछे की खिड़की का ग्रिल काटकर अंदर घुस गए। साउंड सिस्टम, सीसीटीवी मॉनिटर समेत अन्य सामान उठा ले गए। चोरों ने आंगनबाड़ी कक्ष का ताला भी तोड़ने की कोशिश की पर सफल नहीं हो सके। प्रधानाध्यापक मनोज कुमार मिश्र ने प्राथमिकी दर्ज करने के लिए तहरीर दी। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। 

डंपर में ट्रक ने मारी टक्कर, चालक घायल
खुशीपुर बाईपास रोड पर शनिवार दिन में पीछे से आ रहे खाली ट्रक ने आगे चल रहे डंपर में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का केबिन क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रक चालक रवि राजभर (30) निवासी ग्राम मदरा जमालपुर मिर्जापुर केबिन में फंस गया। पुलिस और ग्रामीणों ने जेसीबी मशीन मंगाकर केबिन को काटकर चालक को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल चालक को ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। खलासी विजय कुमार निवासी मदरा जमालपुर, मिर्जापुर को हल्की चोटें आईं। हादसे के बाद कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि क्रेन से क्षतिग्रस्त ट्रक को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया।  

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed