Varanasi News Today: 30 करोड़ की ठगी में दो आरोपी हुए गिरफ्तार, 250 प्रतिष्ठानों को नोटिस; वाराणसी की खबरें
Varanasi News: वाराणसी के साइबर थाने की पुलिस ने ठगी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। वहीं, जल दोहन करने वाले व रेन वाटर हार्वेस्टिंग न करने वाले 250 प्रतिष्ठानों को चिह्नित कर उन्हें नोटिस जारी किया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
Varanasi News in Hindi: साइबर थाने की पुलिस ने ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट और बेटिंग एप के माध्यम से ठगी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने नेवढ़िया निवासी कृष्णा सिंह (22) और चंदवक के रामप्रताप सिंह (34) को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि यह गिरोह कूटरचित दस्तावेजों पर बैंक खाते और सिम कार्ड लेकर ठगी की रकम उनमें मंगाता था।
आरोपियों के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में कुल 61 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनके जरिए इन्होंने करीब 30 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की है। प्रभारी निरीक्षक महेश पाल सिंह ने बताया कि ठगी के पैसे से बनाई गई संपत्तियों की जांच की जा रही है और जल्द ही इन्हें कुर्क करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू होगी। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दोनों आरोपियों ने बनारस में किराए के मकान में ऑफिस बनाया था। टेलीग्राम व सोशल मीडिया और बेटिंग एप के माध्यम से पैसे कमाने का लालच देते थे।
रेन वाटर हार्वेस्टिंग न करने वाले 250 प्रतिष्ठानों को नोटिस
वाराणसी जिले में लगातार गिर रहे जलस्तर को लेकर भूगर्भ जल विभाग की चिंता बढ़ गई है। बीते पांच वर्षों में जलस्तर 3.66 मीटर घट गया है। लगातार बड़ी मात्रा में हो रहे जल दोहन के कारण यह स्थिति बनी है। ऐसे में विभाग ने जल दोहन करने वाले व रेन वाटर हार्वेस्टिंग न करने वाले 250 प्रतिष्ठानों को चिह्नित कर उन्हें नोटिस जारी किया है।
अगर समय से इन प्रतिष्ठानों की ओर से एनओसी व अन्य प्रक्रियाएं पूरी नहीं की गईं, तो इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। गर्मी में हर साल भूगर्भ जल के स्तर में गिरावट देखने को मिलती है। बढ़ती आबादी के कारण जल का दोहन भी बढ़ रहा है। जल की कमी को समय रहते रोका जा सके और संचयन भी ठीक हो, इसके लिए भूगर्भ जल विभाग की ओर से अब कार्रवाई की जा रही है।
सीनियर हाइड्रोलॉजिस्ट डॉ. नम्रता जायसवाल ने बताया कि बीते कुछ दिनों से हो रही जांच में अधिकतर प्रतिष्ठानों में लगे फ्लो मीटर या तो बंद पाए गए हैं या फिर ठीक से काम नहीं कर रहे हैं। पानी का सबसे अधिक दुरुपयोग करने वालों में होटल, रेस्टोरेंट, अस्पताल, इंडस्ट्री आदि शामिल हैं।
धोखाधड़ी में आरोपी गिरफ्तार
रुपये हड़पने के आरोपी पंकज शुक्ला को लालपुर पांडेयपुर पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी भदोही के ज्ञानपुर थाना क्षेत्र के हरिहरपुर शुकुलपुर का निवासी है। इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि चिरईगांव निवासी पीड़ित अरविंद कुमार ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि आरोपी ने विश्वास में लेकर रुपये ट्रांसफर कराए और पैसा वापस मांगने पर गालीगलौज और जान से मारने की धमकी दी।
व्यवसाय के नाम पर धोखाधड़ी, पिता-पुत्र पर प्राथमिकी
कारोबार के नाम पर पार्टनर बनाकर 27 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में रविवार को लंका थाने में पिता-पुत्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। जानकी नगर सामनेघाट निवासी पीड़ित अमर सिंह ने पुलिस को बताया कि झारखंड जमशेदपुर के जुगसलाई नया बाजार निवासी राजेश दुबे और उसके बेटे सौरव कुमार दुबे ने खुद को आईएएस बताते हुए एक कंपनी बनाई। पार्टनर बनाने का झांसा देकर 27 लाख रुपये ले लिए। काफी प्रयास पर 3.84 लाख रुपये खाते में ट्रांसफर किए। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
छात्र पर चाकू से हमला
लंका थाना क्षेत्र में छात्र पर चाकू से हमले के मामले में पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की। मऊ निवासी धीरज यादव जो तारानगर कॉलोनी में रहकर भगवानपुर कैटलिस्ट लाइब्रेरी में पढ़ाई करता है। आरोप है कि पवन दुबे ने उसका बैग फेंक दिया। विरोध करने पर आरोपी ने चाकू से हमला कर किया। आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नृत्य कार्यक्रम में स्टेज पर चढ़ने के लिए मारपीट
चोलापुर के गोसाईपुर मोहांव जेठवा का पूरा गांव में शनिवार देर रात पारिवारिक समारोह के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। नृत्य कार्यक्रम में स्टेज पर चढ़ने से रोकने से नाराज पड़ोसी युवक ने आयोजनकर्ता पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। शिवकुमार पुत्र लल्लन प्रसाद के घर कार्यक्रम चल रहा था।
आरोप है कि पड़ोसी विजय कुमार स्टेज पर चढ़ने लगा, जिसे आयोजकों ने मना कर दिया। नाराज होकर वह चला गया, कुछ देर बाद चाकू लेकर वापस आया। उसी समय शिवकुमार हैंडपंप से पानी लेने गए थे, जहां विजय ने पीछे से उन पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल शिवकुमार को परिजनों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। थाना प्रभारी सुधवन राम गौतम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
बंद मकान में लाखों की चोरी, जांच में जुटी पुलिस
बड़ागांव थाना क्षेत्र के चंगवार गांव में बंद पड़े एक मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए नकदी समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। घटना की जानकारी गृहस्वामी के वापस लौटने पर हुई। पीड़ित सुशील पांडेय ने शनिवार देर शाम प्राथमिकी दर्ज कराई। तहरीर में सुशील पांडेय ने बताया कि 10 जनवरी को परिवार सहित मुंबई चले गए थे और घर में ताला बंद था।
कुछ दिन पहले लौटने पर उन्होंने देखा कि सीढ़ी के दरवाजे का ताला टूटा हुआ है और अंदर रखी आलमारी और बक्सों के ताले भी टूटे पड़े हैं। चोर घर से 60 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, पीतल व स्टील के बर्तन, अनाज और महंगे कपड़े उठा ले गए। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि सीसी कैमरों की जांच की जा रही है। चोरों की गिरफ्तारी में टीम लगी है।
सरकारी जमीन पर कब्जे के मामले में प्राथमिकी
बड़ागांव थानाक्षेत्र के पुरबपुर गांव में उसर जमीन पर अवैध कब्जे के मामले में पिंडरा तहसील के परगना अठगवां में तैनात हल्का लेखपाल संतोष कुमार पटेल ने दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। आरोप है कि गांव के सिकंदर अली उर्फ पप्पू और इम्तियाज अली उर्फ नन्हकू ने सरकारी भूमि पर कच्चा-पक्का निर्माण कर कब्जा कर लिया है।
लेखपाल के अनुसार, कब्जा हटाने के लिए कई बार नोटिस जारी किया गया, लेकिन आरोपियों ने आदेश का पालन नहीं किया। लगातार अनदेखी के बाद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पढ़ने गई किशोरी लापता, प्राथमिकी दर्ज
बड़ागांव में गांव की किशोरी 30 अप्रैल को घर से पढ़ने के लिए निकली, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी तलाश की पर कोई सुराग नहीं मिला। किशोरी के पिता ने लक्की पाल के खिलाफ बहला-फुसलाकर साल ले जाने और हत्या की आशंका जताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि किशोरी के साथ ही नामजद आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
युवक पर जानलेवा हमले में तीन नामजद, प्राथमिकी
भेलूपुर थाना क्षेत्र के महमूरगंज के सिंधी कॉलोनी में युवक पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने सिंधी कॉलोनी निवासी आरती सेठ की तहरीर पर विजय वर्मा, अक्षत वर्मा, संजय वर्मा व अन्य अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की। आरोप है कि 27 अप्रैल की रात 9 बजे आरती का भाई आदर्श सेठ दुकान से घर लौट रहा था। इसी दौरान सफेद रंग की कार सवार आरोपियों ने उसे टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद जब आदर्श भागने लगा तो आरोपियों ने उस पर कार चढ़ाने की कोशिश की। इसके बाद पिटाई की गई। आरोपियों ने उसके सिर पर पिस्तौल सटाकर फायर करने की कोशिश की, लेकिन फायर नहीं हुआ। इसके बाद पिस्तौल की बट से हमला कर उसे घायल कर दिया।
आरोपियों पर आदर्श का मोबाइल फोन और कीमती घड़ी छीनने का भी आरोप है। पीड़ित की मां के साथ भी दुर्व्यवहार की बात कही गई। आरोपी संजय वर्मा पूर्व में हत्या के एक मामले में दोषी रह चुका है। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
महंगी शिक्षा के खिलाफ युवाओं को संगठित होना होगा
महंगी शिक्षा और शिक्षा के बढ़ते व्यावसायीकरण के विरोध में रविवार को पिंडरा स्थित एक लॉन में केसरिया भारत संस्था की ओर से छात्र-अभिभावक शिक्षा संवाद कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक और संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए। वक्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था में बढ़ती असमानता और निजी शिक्षण संस्थानों की मनमानी फीस को गंभीर सामाजिक संकट बताया। इसके खिलाफ व्यापक जन आंदोलन की जरूरत बताई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केसरिया भारत के प्रमुख संयोजक कृष्णानंद पाण्डेय ने कहा कि देशभर में महंगी शिक्षा को लेकर असंतोष तेजी से बढ़ रहा है। निजी स्कूलों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों की लगातार बढ़ती फीस ने मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों को आर्थिक संकट में डाल दिया है।
प्रदेश अध्यक्ष गौरीश सिंह ने कहा कि संगठन पूरे देश में महंगी शिक्षा के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाएगा। कार्यक्रम में शुभम पांडेय, आयुष सिंह, विवेक सिंह, विनय सिंह मरजाद मौजूद रहे। अध्यक्षता अधिवक्ता पशुपति पाठक व संचालन जितेन्द्र सिंह ने की। समापन हनुमान चालीसा पाठ के साथ हुआ।
विकास प्राधिकरणों के शुल्क में 55% तक की कटौती
वाराणसी, चंदौली समेत पूर्वांचल में उद्योगों की राह आसान हो गई है। नए उद्योगों की स्थापना में बाधक बन रहे विकास शुल्क में शासन के ओर से 50 से 55 फीसदी की कटौती की गई है। इससे पूर्वांचल में जल्द ही निजी जमीनों पर नए उद्योगों को पंख लगेंगे और युवाओं को रोजगार मिलेगा। रामनगर औद्योगिक एसोसिएशन के अध्यक्ष देव भट्टाचार्या ने रविवार को सुंदरपुर स्थित आवास पर पत्रकारों से बातचीत में इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इसके लिए एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने एड़ी चोटी का जोर लगा दिया था। शासन के इस निर्णय से अब उद्यमियों को करोड़ों रुपये की राहत मिलेगी और निवेश को नई गति प्राप्त होगी। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि पहले विकास शुल्क के दरों में भारी विसंगति थी। एसोसिएशन ने लंबी लड़ाई लड़ी। मौके पर एसोसिएशन के संजय लखमानी, धीरज अग्रवाल, सौरभ शाह, विनम्र अग्रवाल समेत कई लोग मौजूद रहे।
दोपहर में युवक का शव मिला, शाम को हुई पहचान
लोहता थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड पर शिरडी गैस एजेंसी के पास रविवार दोपहर युवक का शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास किया। थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय के अनुसार, दोपहर में सूचना मिली कि एक युवक अचेत अवस्था में सड़क किनारे पड़ा है। पुलिस ने युवक को तत्काल काशी विद्यापीठ सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शाम तक युवक की पहचान सोनू (35) पुत्र नारायण माली, निवासी ग्राम केशरीपुर, थाना रोहनिया के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि आगे की कार्रवाई की जा रही है।
चेन छीनने के 2 आरोपी गिरफ्तार, शौक पूरी करने के लिए देते थे वारदात को अंजाम
शौक पूरे करने और मौजमस्ती के लिए चेन स्नेचिंग करने वाले दो आरोपियों मनीष सिंह (37) और गणेश विश्वकर्मा (30) को पुलिस ने 24 घंटे में ढूंढराज पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। 150 सीसी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को सफलता मिली।
जांच में पता चला कि वारदात को अंजाम देकर बदमाश मेन रोड से अदलहाट गए। आरोपी जीवनाथपुर में कमरा लेकर रहते थे। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास घटना से संबंधित सामग्री बरामद की गई है।
दोनों के खिलाफ मिर्जापुर, चंदौली और वाराणसी के विभिन्न थानों में प्राथमिकी दर्ज है। दोनों नारायणपुर थाना अदलहाट, मिर्जापुर के निवासी हैं। शनिवार सुबह छह बजे भीटी निवासी राधिका देवी टहलने निकली थीं।
मजार के पास दोनों ने पता पूछने के बहाने उन्हें रोक लिया। पीछे बैठे युवक ने उनके गले की चेन झपट्टा मारकर नोच ली और दोनों भाग निकले। वृद्धा के बेटे अंजनी कुमार पाठक की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी। इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सार्वजनिक कुएं पर कब्जे का प्रयास
लालपुर थाना क्षेत्र के हुकुलगंज में पुराने कुएं पर कब्जे के विवाद के बीच स्थिति उस समय और संवेदनशील हो गई जब एक ओर क्षेत्रीय लोग पुलिस चौकी पर बातचीत कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर मौके पर मजदूरों से बाउंड्री करवा रहे थे। जबकि पुलिस ने काम रुकवाया था। पार्षद बृजेश चंद्र श्रीवास्तव ने थाना प्रभारी को अवैध कब्जा जारी रखने की सूचना दी। तब जाकर बाउंड्रीवाल का निर्माण बंद किया गया।
पार्षद ने बताया कि कुएं का इस्तेमाल लोग करते चले आ रहे हैं, लेकिन एक व्यक्ति जिसका जन्म 1986 में हुआ है उसने 1990 में अपने पक्ष में एक वसीयतनामा को आधार बनाकर इस पर स्वामित्व बताकर कब्जे का प्रयास किया। पार्षद ने जांच कराकर सार्वजनिक कुआं पर सुंदरीकरण कार्य कराने और कब्जा करने वाले के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।
बच्चा खोया, पुलिस ने नमो घाट से ढूंढा
बिहार से वाराणसी घूमने आए परिवार का छोटा बच्चा भीड़ में खो गया। परिजनों ने दारोगा अंकित कुलश्रेष्ठ को आपबीती सुनाई। पुलिस तुरंत हरकत में आई और खोजबीन कर बच्चे को ढूंढकर परिजनों को सौंप दिया। बच्चा डरा-सहमा था और कुछ बता नहीं पा रहा था। पर्यटक पुलिस ने उसे शांत कराया और अपने साथ लेकर पूरे घाट क्षेत्र में परिजनों की तलाश शुरू की। बच्चे ने जैसे ही अपने परिजनों को देखा तो खुशी से रो पड़ा। परिजनों ने पुलिस का आभार जताया।
वरुणापार में आज 4 घंटे गुल रहेगी बिजली
बेहतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए बिजली निगम की ओर से पेड़ों की डालियों की कटाई का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 4 मई को छावनी क्षेत्र में मुख्य विकास अधिकारी आवास के पास एक जर्जर पेड़ को हटाया जाएगा। इस वजह से 11 केवी आईटीडीसी और वरुणापुल फीडर से जुड़ी बिजली आपूर्ति सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक बाधित रहेगी।
निगम की समस्याओं के लिए बनी क्यूआरटी
नगर निगम से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) का गठन किया गया है। इसमें चार प्रमुख विभागों स्वास्थ्य, जलकल, आलोक और सामान्य विभाग को विशेष तौर पर रखा गया है। शिकायत मिलने पर यह टीम सड़क, सीवर, सफाई, पेयजल और प्रकाश से जुड़ी समस्याएं दूर करेगी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने मातहतों को निर्देश दिया है कि क्यूआरटी आम जनता की समस्याओं को दूर कराएगी।
निगम कार्यकारिणी की बैठक आज
मेयर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक सोमवार को बुलाई गई है। नगर निगम सभागार में मध्याह्न 12 बजे से बैठक शुरू होगी। इसमें शहर के विकास, चल रही परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा, पेयजल, सफाई, सड़क और प्रकाश व्यवस्था समेत विभिन्न जनसमस्याओं पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। साथ ही लंबित प्रस्तावों पर निर्णय लिए जाने की भी संभावना है।
ऊपर से त्रिपुंड के आकार का दिखेगा नगर निगम सदन भवन
काशी में बनने वाला नया नगर निगम सदन भवन अपनी अनोखी डिजाइन के कारण खास आकर्षण का केंद्र बनेगा। इस भवन को इस तरह से तैयार किया जा रहा है कि ऊपर से देखने पर इसका स्वरूप त्रिपुंड के आकार जैसा दिखाई देगा। खास बात यह है कि इसके ठीक बगल में शिवलिंग के आकार का रुद्राक्ष कंवेंशन सेंटर पहले से मौजूद है, जिससे यह पूरा परिसर काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को और सशक्त करेगा।
नए सदन भवन में काशी की सांस्कृतिक विरासत और बाबा विश्वनाथ से जुड़ी आस्था की झलक भी देखने को मिलेगी। लगभग 70 हजार वर्गफुट क्षेत्रफल में बनने वाली यह सात मंजिला इमारत पूरी तरह आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगी। इसमें फायर सेफ्टी अलार्म, हाईटेक कंट्रोल रूम और अत्याधुनिक सुरक्षा व्यवस्था होगी, जिससे पूरे परिसर की निगरानी की जा सकेगी। नगर निगम के वर्तमान में सदन की बैठकें टाउनहॉल में आयोजित होती हैं, जिससे पार्षदों को असुविधा होती है।
आदि विश्वेश्वर वार्ड में बिछेगी 3.34 किमी पेयजल पाइप लाइन
वाराणसी शहर के पुराने वार्ड आदि विश्वेश्वर वार्ड में 2.58 करोड़ रुपये की लागत से पुरानी पाइप लाइन बदलने का काम शुरू किया गया है। तकरीबन 3.34 किमी नई पाइप लाइन डाली जाएगी। इस योजना का लाभ 785 घरों को मिलेगा।
नगर निगम शहर के पुराने बस्ती इलाकों में पेयजल की समस्या का स्थायी समाधान कराने में जुटा हुआ है। इससे न केवल लोगों के घरों तक पानी पहुंचेगा, बल्कि पानी के दबाव में भी सुधार होगा। पुरानी और जर्जर हो चुकी पाइपलाइनों के कारण स्थानीय निवासियों को कम दबाव और गंदे पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा था, जिसका अब समाधान हो जाएगा। पिछले दिनों मेयर अशोक कुमार तिवारी ने बैठक में कार्यदायी संस्था को गुणवत्तापूर्ण कार्य समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए थे।
संस्कृत शिक्षा, भारतीय संस्कृति का सशक्त केंद्र है संस्कृत विश्वविद्यालय
वाराणसी। संपूर्णानंद संस्कृत विवि के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर विवि के विकास यात्रा पर चर्चा की। कुलपति ने इस दौरान मुख्यमंत्री को गोरक्ष संहिता भेंट की। मुख्यमंत्री ने कहा कि विवि संस्कृत शिक्षा, भारतीय संस्कृति का सशक्त केंद्र है। इसके विकास में हर संभव सहयोग किया जाएगा।
लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में मुलाकात के दौरान कुलपति ने विवि की ओर से प्रकाशित महत्वपूर्ण ग्रंथ ‘गोरक्षसंहिता’ को भारतीय ज्ञान परंपरा की समृद्ध साधना-परंपरा का महत्वपूर्ण द्योतक बताया। इस दौरान कुलपति ने विवि में संचालित शैक्षणिक, अनुसंधानात्मक, सांस्कृतिक और अधो संरचनात्मक गतिविधियों का प्रस्तुतीकरण किया।
कुलपति ने बताया कि विवि परिसर में भवनों के जीर्णोद्धार के साथ-साथ, स्मार्ट क्लास रूम की स्थापना, डिजिटल शिक्षण संसाधनों के सुदृढ़ीकरण, प्राचीन पाण्डुलिपियों के संरक्षण का काम चल रहा है। कुलपति ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप नवाचारों, भारतीय ज्ञान प्रणाली के वैश्विक प्रसार के लिए प्रस्तावित पहलों से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
काशी विद्यापीठ में पीएचडी के लिए एक सीट पर चार दावेदार
काशी विद्यापीठ में सत्र 2024-25 के पीएचडी में दाखिले के लिए दो साल बाद सोमवार को प्रवेश परीक्षा कराई जाएगी। विवि के 29 विभागों में कुल 399 सीट हैं। इनके लिए 1735 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। यानी एक सीट पर करीब 4 दावेदार हैं।
विवि में 29 विभागों में पीएचडी की 399 सीटें हैं। इस पर दाखिले होने बाकी हैं। नियमानुसार हर साल शोध प्रवेश परीक्षा होनी चाहिए लेकिन विवि की ओर से अब तक 2024-25 का दाखिला ही नहीं हो पाया है। 4 मई को होने वाली प्रवेश परीक्षा के बाद विभागवार निर्धारित सीटों पर दाखिले की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
विवि की कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय का कहना है कि विश्वविद्यालय परिसर के साथ ही यूपी कॉलेज और जगतपुर पीजी कॉलेज को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है। सुबह 9 बजे से 12.30 बजे तक होने वाली प्रवेश परीक्षा के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विवि की ओर से अभ्यर्थियों को जो प्रवेश पत्र भेजा गया है।
लोगों को एकजुट करने का माध्यम बनी है पत्रकारिता
काशी विद्यापीठ के मदन मोहन मालवीय हिंदी पत्रकारिता संस्थान और विश्व संवाद केंद्र की ओर से हुई संगोष्ठी में वक्ताओं ने समाज और मीडिया विषय पर अपनी बात रखी। मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार जितेंद्र तिवारी ने कहा कि स्वाधीनता आंदोलन में पत्रकारिता लोगों को एकजुट करने और ब्रिटिश हुकूमत का विरोध दर्ज कराने का माध्यम थी। संगोष्ठी में जितेंद्र तिवारी ने विचार रखे।
अध्यक्षता करते हुए काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने कहा कि हमें गलत विचारों का त्याग करना होगा। स्वागत विश्व संवाद केंद्र, काशी न्यास के सचिव प्रदीप कुमार, डॉ. अत्रि भारद्वाज, डॉ. अम्बरीष राय और विश्व संवाद केंद्र काशी प्रांत के अध्यक्ष डॉ. हेमंत गुप्ता, निदेशक डाॅ. नागेंद्र कुमार, प्रो. अमिता, प्रो.केके सिंह मौजूद रहे।
बीएचयू क्लर्क की टाइपिंग परीक्षा दोबारा कराने की मांग
बीएचयू के जूनियर क्लर्क भर्ती की टाइपिंग परीक्षा के दौरान तकनीकी समस्या को लेकर छात्र मुखर हो रहे हैं। होलकर भवन में शिकायत करने पहुंचे छात्रों ने बताया कि करीब 500 से ज्यादा शिकायतें आ गईं हैं। टाइपिंग में एरर के चलते उनके प्रदर्शन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा। छात्रों ने मांग की है कि इन समस्याओं की निष्पक्ष जांच की जाए और री-टाइपिंग कराई जाए। इन्होंने एक हस्ताक्षरित आवेदन पत्र प्रशासन को भी सौंपा।
भारत विभाजन के पीछे अंग्रेज ही नहीं आक्रांता भी थे वजह
बीएचयू के प्रोफेसर्स की एक ऑनलाइन कार्यशाला के पांचवें दिन दिल्ली विवि के सेवानिवृत प्रो. सारादिनु मुखर्जी ने कहा कि भारत विभाजन के पीछे अंग्रेजों की नीति थी ही लेकिन भारत में इस्लाम के आगमन के बाद से ही एक सांस्कृतिक विभाजन पनपने लगा था। इसने भारतीय समाज में धीरे-धीरे एक दरार उत्पन्न कर दी। साथ ही मुस्लिम आक्रांताओं ने कई तरीकों से भारत में धर्मांतरण को अंजाम दिया।
अलीगढ़ आंदोलन, देवबंद आंदोलन और इस तरह के कई आंदोलनों ने मुसलमान में हिंदुओं से अलग होने के भाव को पोषित किया। इंस्टीट्यूट ऑफ हिस्ट्री की निदेशक और बीएचयू के इमिरेट्स प्रो. अरुण सिन्हा ने कहा कि इस्लामी संस्कृति और हिंदू अल्पसंख्यक विषय पर ईमानदार शोध की कमी है। इसे बढ़ाने की जरूरत है।
वरिष्ठ पत्रकार अनिरुद्ध पांडेय को पितृशोक
वरिष्ठ पत्रकार अनिरुद्ध पांडेय के पिता हरि प्रसाद पांडेय (80) का रविवार को निधन हो गया। वह कई दिनों से बीमार चल रहे थे। रविवार की रात में ही उनका हरिश्चंद्र घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। अमर उजाला से सेवानिवृत्त उनके बड़े बेटे अनिरुद्ध पांडेय ने उन्हें मुखाग्नि दी। मूलरूप से गोरखपुर जिले के चौरीचौरा निवासी हरि प्रसाद पांडेय रॉ से सेवानिवृत्त होने के बाद सुसुवाही के लोक विहार कॉलोनी में रहते थे। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें होमी भाभा कैंसर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान रविवार को उनका निधन हो गया।
प्रो. विजयनाथ ने पूर्व चांलसर से की मुलाकात
बीएचयू के प्रो. विजयनाथ मिश्र ने पूर्व चांसलर डॉ. कर्ण सिंह से नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर मुलाकात कर उन्हें संकट मोचन की माला और प्रसाद भेंट किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व सदर-ए-रियासत डॉ. कर्ण सिंह ने उनसे काशी के धार्मिक और अकादमिक विकास पर चर्चा की। प्रो. मिश्र ने उन्हें विवि में हो रहे नए शोधों से अवगत कराया। डॉ. कर्ण सिंह 2008 से लेकर 2018 तक लगातार दो बार बीएचयू के चांसलर रहे। इस दौरान प्रो. मिश्र की पत्नी शेफाली और बेटी भी मौजूद थी।
बीजेपी की आंधी में पत्तों की तरह उड़ जाएगा विपक्ष
पूर्व मेयर रामगोपाल मोहले ने रविवार को दावा किया है कि बंगाल अब दीदी की दादागिरी से मुक्त होने जा रहा है। 5 राज्यों की विधानसभा चुनाव में भाजपा और गठबंधन वाले दलों की सरकार बनाने जा रही है। सोमवार को ईवीएम से निकलने वाली बीजेपी की आंधी में विपक्ष पत्तों की तरह उड़ जाएगा। बंगाल में टीएमसी की अदालतों के दरवाजे पर दस्तक दर दस्तक और स्ट्रांग रूम के बाहर लगातार हंगामा ममता बनर्जी की निराशा और हताशा का प्रमाण है। विपक्ष को यह अंदाजा हो गया है कि जनता ने उनका सूपड़ा साफ कर दिया है।
पिंडरा विस क्षेत्र भाईचारा संयोजक बनीं अर्चना
जिला पंचायत सदस्य इंजीनियर अर्चना सिंह पटेल को बहुजन समाज पार्टी पिंडरा विधानसभा क्षेत्र का भाईचारा संयोजक बनाया गया है। रविवार को कैथौली में बहुजन समाज पार्टी की बैठक में पदाधिकारियों ने बधाई दी। जिलाध्यक्ष अजय सिद्धार्थ, जिला भाईचारा संयोजक पप्पू पटेल, संतोष गौतम, नवीन भारत मौजूद रहे।
मेयर ने भूमिगत पाइपलाइन कार्य का किया शिलान्यास
मेयर अशोक कुमार तिवारी ने रविवार को सुंदरपुर स्थित अंजनीपुरम कॉलोनी में जल निकासी की सुचारू व्यवस्था के लिए भूमिगत पाइपलाइन बिछाने के कार्य का शिलान्यास किया। 29.16 लाख रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य से क्षेत्रीय नागरिकों को वर्षों पुरानी जलभराव की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद जगी है।
मेयर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल मार्गदर्शन में नगर निगम जन-जन की सुविधाओं के लिए संकल्पबद्ध है। हमारा लक्ष्य शहर के हर वार्ड और हर गली को मूलभूत सुविधाओं से लैस करना है।
अंजनीपुरम कॉलोनी में 481 मीटर लंबी इस पाइपलाइन के बिछ जाने के बाद यहां जलभराव बीते दिनों की बात हो जाएगी और जल निकासी का स्थायी समाधान होगा। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि हल्की बारिश में भी कॉलोनी में पानी भर जाने से आवागमन दूभर हो जाता था। नई परियोजना के तहत आधुनिक तकनीक से भूमिगत पाइप बिछाई जाएगी। इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद शेषमणि देवी, भाजपा महानगर मंत्री जगदीश त्रिपाठी, पार्षद गोपाल जी, श्याम आसरे मौर्या मौजूद रहे।
लोजपा की बैठक में समस्याओं के समाधान और युवा शक्ति पर जोर
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) युवा प्रकोष्ठ की ओर से रविवार को करसड़ा पतेरवा, बच्छाव में एक महत्वपूर्ण बैठक एवं सदस्यता अभियान चलााया गया। जिला अध्यक्ष राज सिंह नीरज के नेतृत्व में इस कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों और युवाओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। बैठक में प्रदेश संगठन सचिव अभिनव श्रीवास्तव ने कहा कि किसी भी समाज के उत्थान के लिए युवा और महिला शक्ति का संगठित होना अनिवार्य है।
प्रदेश महासचिव (पूर्वी उत्तर प्रदेश) आशुतोष सिंह गहरवार ने कहा कि करसड़ा गांव आने वाले समय में पार्टी संगठन और विकास के मामले में दूसरे गांवों के लिए एक मिसाल पेश करेगा। आयोजन आयुष चतुर्वेदी, संगठन सचिव सूरज पटेल, जिला उपाध्यक्ष आशीष पटेल एवं रोहन कुमार ने किया। बैठक में विशाल सिंह रघुवंशी, आरती राय,विमलेश जैन माैजूद रहे।
पूर्वांचल में गंगा एक्सप्रेसवे का कोई औचित्य नहीं
राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश सचिव श्याम किशोर सिंह ने रविवार को प्रदेश सरकार से मांग की है कि प्रयागराज से बलिया के बीच बनने वाले गंगा एक्सप्रेसवे की कोई जरूरत नहीं है, कारण यह है कि इसके बीच में पड़ने वाले गांवों में छोटे किसान हैं। जिनकी जीविका का साधन केवल खेती है और उपजाऊ जमीन है।
सरकार को उपजाऊ जमीनों को बचाने की कोशिश करनी चाहिए। आज अब भी प्रयागराज से बलिया के बीच में बढ़िया हाईवे और रिंग रोड है। सरकार को जनहित के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट पर ध्यान देना चाहिए। एक बार जमीन चले जाने पर किसान फिर बाहर दूसरी जमीन नहीं खरीद पाएंगे।
स्मार्ट मीटर से बिल में गड़बड़ी के विरोध में जलाया पोस्टर
बिजली निगम की ओर से लगवाए जा रहे स्मार्ट मीटर की फास्ट रीडिंग और बिल में गड़बड़ी के विरोध में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। चौकाघाट बिजली उपकेंद्र पर पहुंचकर रविवार को स्मार्ट मीटर का पोस्टर जलाकर प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर उपभोक्ताओं को जल्द राहत दिलाने की मांग की।
आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष कैलाश पटेल के नेतृत्व में नगरीय विद्युत वितरण उपखंड द्वितीय चौकाघाट पर प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथ में स्मार्ट मीटर का चित्र भी दिखाया। कहा कि उपभोक्ताओं को राहत दिलाने की बजाय स्मार्ट मीटर की वजह से परेशानी हो रही है। अधिकांश लोग स्मार्ट मीटर लगाने के बाद मनमाना बिजली बिल, गलत रीडिंग, दरों और तकनीकी खामियों के कारण परेशान हैं।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि जहां पहले लगभग 1500 रुपये तक का बिजली बिल आता था, वहीं कई लोगों का बिल 5000 तक पहुंच रहा है। प्रीपेड मीटर व्यवस्था के तहत उपभोक्ताओं को अग्रिम भुगतान करने के बावजूद 10 से 12 घंटे तक बिजली आपूर्ति बहाल होने का इंतजार करना पड़ता है।
इस दौरान घनश्याम पांडे, मनीष गुप्ता, रेखा जायसवाल,देवकांत वर्मा,शारदा टंडन,डॉ. अहिल्या मौजूद रहे। वहीं इस मामले में भाजपा नेता और मेयर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाने पर भाजपा सरकार रोक लगा चुकी है। आम आदमी पार्टी बेवजह की राजनीति कर रही है।
मछलियों को बचाने के लिए तालाब के ऊपर लगाया तिरपाल
सारनाथ स्थित मिनी चिड़ियाघर के तालाब में मछलियों के मरने की घटना के बाद प्रशासन ने संज्ञान लिया है। प्रशासन के निर्देश पर मछलियां मरने के दो दिनों बाद तालाब में धूप के असर को कम करने के लिए हरा तिरपाल लगाया गया है। इस संबंध में वन विभाग की लापरवाही सामने आई थी। इसे लेकर शुक्रवार को खबर छपी थी। इस पर प्रशासन ने संज्ञान लिया और मछलियों की सुरक्षा के लिए प्रबंध किए।
चिड़ियाघर के मुख्य टिकट काउंटर के पास स्थित तालाब में रखी गई सैकड़ों रंग-बिरंगी मछलियां अचानक मरने लगीं। शुक्रवार सुबह जब बड़ी संख्या में मृत मछलियां पानी की सतह पर उतराई दिखीं, तो वहां हड़कंप मच गया। सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए आए लोगों ने तालाब में तैरतीं मृत मछलियों और गंदगी की तस्वीरें खींचकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दीं।
पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहने वाली इन रंगीन मछलियों की दुर्दशा देख लोगों ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए। पानी के नमूनों की जांच कराई गई तो तेज धूप और बढ़ता तापमान मछलियों के मरने का मुख्य कारण रहा। अब तालाब के पानी को ठंडा रखने और सीधी धूप को रोकने के लिए अब पूरे तालाब के ऊपर हरा तिरपाल लगा दिया गया है।
मानवता किसी भी संगठित धर्म से बड़ी: संतोष कुमार
प्रेमचंद की ‘समस्या’ कहानी उनकी अन्य चर्चित रचनाओं की तरह किसी बड़ी सामाजिक क्रांति का आह्वान नहीं करती, लेकिन यह अंतर्मन की गहराइयों में उतरकर मानवीय स्वभाव के सूक्ष्म पक्षों को उजागर करती है। यह एक प्रभावशाली मनोवैज्ञानिक कहानी है, जो पाठक को आत्मचिंतन के लिए प्रेरित करती है।
यह विचार प्रो. श्रद्धानंद ने रविवार को प्रेमचंद की जन्मस्थली लमही में आयोजित साप्ताहिक साहित्यिक कार्यक्रम ‘सुनो मैं प्रेमचंद’ के 1903वें दिवस पर व्यक्त किए। कार्यक्रम में प्रेमचंद की इस कहानी का पाठ धीरेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने किया। प्रेमचंद मार्गदर्शन केंद्र ट्रस्ट द्वारा आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत उपन्यास सम्राट मुंशी प्रेमचंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। डॉ. संजय श्रीवास्तव ने कहा कि समाज अक्सर प्रेम के बजाय नियमों और सामाजिक दीवारों को अधिक महत्व देता है।
विश्व कल्याण के लिए की विशेष पूजा
विश्व कल्याण और शांति के लिए संकल्प संस्था ने रविवार को पार्वतीपुरी कॉलोनी, कमच्छा में विशेष पूजा की। पं. मून महाराज के आचार्यत्व में सविधि पूजन हुआ। वसुधैव कुटुंबकम की भावना से सपत्नीक मुख्य यजमान संस्था के संरक्षक अनिल कुमार जैन व गीता जैन ने पूजा की। पूजन में आलोक जैन, संगीता जैन, संध्या जैन, डॉ. हर्षित जैन, डॉ. आंचल अग्रवाल, राशि, रूपल, शुभम आदि रहे।
दशाश्वमेध घाट पर की गंगा की सफाई
राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के तहत नमामि गंगे गंगा विचार मंच की महानगर इकाई के सदस्यों ने दशाश्वमेध घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया। जिला संयोजक शिवम अग्रहरि के नेतृत्व में सदस्यों ने गंगा में पड़े कपड़े और पॉलीथिन बाहर निकाले। उनके साथ स्नानार्थियों ने भी श्रमदान किया। घाट पर सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
चुनाव में जीत के लिए भाजयुमो ने किया पूजन
पांच राज्यों सहित पश्चिम बंगाल में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों के परिणामों से एक दिन पूर्व वाराणसी के कचहरी स्थित दैत्रा वीर बाबा मंदिर परिसर में विशेष हवन-पूजन किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) काशी क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की ओर से किया गया। चुनाव में जीत के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा ने हवन पूजन किया। भाजयुमो काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष इंद्र भूषण कुशवाहा ने कहा कि बंगाल में लंबे समय से राजनीतिक अस्थिरता, भ्रष्टाचार, अत्याचार और अव्यवस्था का माहौल बना हुआ है। मौके पर स्वामी कन्हैया महाराज, विशाल रघुवंशी, संदीप कुशवाहा, गौरव जायसवाल, हिमांशु सिंह उपस्थित रहे।
श्रेष्ठ मास में खिचड़ी बाबा को लगाया भोग
श्रेष्ठ मास में महिला व्यापार प्रतिनिधिमंडल की ओर से खिचड़ी बाबा मंदिर में खिचड़ी का भोग लगाया गया। दर्शन-पूजन करने आए भक्तों और राहगीरों में खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया। नागरिक सुरक्षा के पोस्ट वार्डन व समाजसेवियों ने भी वितरण में सहयोग किया। इस मौके पर शालिनी गोस्वामी, महामंत्री रश्मि साहू, सुनीता अग्रवाल, बबीता चंदेल, सुषमा पांडेय, रेखा जायसवाल मौजूद रहीं।
कारी करूं मैं नार अकेली जाऊं तोपे बलिहारी...
कला प्रकाश के संगीत की श्रृंखला ‘प्रभाती’ में रविवार को भेलूपुर स्थित एक होटल में शास्त्रीय संगीत से विहान की अगवानी की गई। गायिका दीपशिखा ने प्रभाती रागों में बंदिशें पेश कर सभी को मगन किया। उन्होंने राग जौनपुरी से गायन की शुरुआत की। झपताल की बंदिश के बोल थे ‘कौन सिखाए तोहे लला...’। रूपक ताल की रचना- ‘परम कृपाल भज रे गोपाल...’।
इसके बाद तीनताल में भजन प्रस्तुत किया। राग वृंदावनी सारंग में तीनताल की बंदिश के बोल थे— ‘कारी करूं मैं नार अकेली, जाऊं तोपे बलिहारी...’। उन्होंने राग मिश्र खमाज में ठुमरी ‘देखे बिना नहीं चैन...’ से गायन को विराम दिया। तबले पर प्रशांत मिश्र व हारमोनियम पर मोहित साहनी ने संगत की। कलाकारों को अनिल केशरी एवं जितेंद्र नागर ने सम्मानित किया।
प्रो. नागेंद्र पांडेय अध्यक्ष परशुराम बने मंत्री
विश्व हिंदू परिषद द्वारा संचालित जड़िया देवी डालमिया वेद शिक्षा मंदिर समिति की नई प्रबंध समिति का गठन रविवार को विश्व हिंदू परिषद कार्यालय, इंग्लिशिया लाइन स्थित हिंदू भवन में किया गया। नवगठित समिति में प्रो. नागेंद्र पांडेय को अध्यक्ष चुना गया।
इसके अलावा राजनाथ पांडेय नारायण गुरु और जयंतीलाल शाह को उपाध्यक्ष, परशुराम उपाध्याय को मंत्री/प्रबंधक, विकास मेहरा को उप प्रबंधक तथा सुरेश जायसवाल को कोषाध्यक्ष बनाया गया। समिति के अन्य सदस्यों में नितिन भारत, राजेश कुमार पांडेय, विजय चौधरी, कन्हैया सिंह, श्रीनिवास देव, आनंद सिंह (एडवोकेट), आशुतोष अग्रवाल, अनूप जोशी आदि को शामिल किया गया।
तरुण के संतूर और एल शंकर की डबल वायलिन ने कराया नवीनता का अहसास
पद्मश्री से सम्मानित तरुण भट्टाचार्य के संतूर वादन के साथ पं. एल शंकर ने वायलिन पर जुगलबंदी कर राग हंसध्वनि की अवतारणा की, जिसने श्रोताओं के मन-मस्तिष्क को झंकृत कर दिया। पं. एल शंकर की डबल वायलिन ने प्रस्तुति में नवीनता का अद्भुत अहसास कराया।
अन्नपूर्णा देवी फाउंडेशन एवं नागरी नाटक मंडली की ओर से आयोजित दो दिवसीय संगीत महोत्सव के अंतिम दिन रविवार को नागरी नाटक मंडली में कार्यक्रम का शुभारंभ पुणे की विदुषी गायिका सान्या पाटनकर के गायन से हुआ। उन्होंने राग श्री में विभिन्न बंदिशों को पिरोकर मधुर स्वरों में प्रस्तुति दी। हारमोनियम पर पं. धर्मराज मिश्र और तबले पर पं. ललित मिश्र ने सधी संगत की।
दूसरी प्रस्तुति में अमेरिका से आए पं. एल शंकर की वायलिन और कोलकाता के तरुण भट्टाचार्य के संतूर वादन की जुगलबंदी ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। तबले पर कोलकाता के प्रसन्नजीत पोद्दार ने संगत की। तीसरी प्रस्तुति में मुंबई की डॉ. प्राची जरीवाला ने ओडिशी नृत्य प्रस्तुत किया। उन्होंने मंगलाचरण, पल्लवी, उड़ियागान एवं शांतिपाठ (मोक्ष) की भावपूर्ण प्रस्तुति दी।
ज्ञानेश्वर की टीम ने संभाली जिम्मेदारी शपथ के साथ कर्तव्य का कराया बोध
भारत विकास परिषद ‘साकेत’ का 29वां दायित्व ग्रहण समारोह रविवार को सिद्धगिरिबाग स्थित एक होटल में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने पद और गोपनीयता की शपथ लेकर संगठन के प्रति जिम्मेदारियों का संकल्प लिया।
प्रांतीय अध्यक्ष हरविन्दर वालिया ने अध्यक्ष ज्ञानेश्वर जायसवाल, सचिव मंगला प्रसाद गुप्ता, कोषाध्यक्ष रमेश गुप्ता तथा शाखा गतिविधि संयोजक (महिला सहभागिता) रूबी श्रीवास्तव को शपथ दिलाई। इस दौरान उन्होंने सभी पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठन की गतिविधियों को विस्तार देने और समाजहित में सेवा कार्यों को और गति देने का आह्वान किया।
प्रांतीय गतिविधि संयोजक ‘सेवा’ विशाल कपूर ने नए सदस्यों को शपथ दिलाते हुए संगठन के मूल उद्देश्यों से अवगत कराया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष ज्ञानेश्वर जायसवाल ने आगामी कार्ययोजना साझा करते हुए कहा कि परिषद समाज सेवा, संस्कार और राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के बेहतर स्वास्थ्य के लिए पूजा अर्चना
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के बेहतर स्वास्थ्य के लिए रविवार को महामृत्युंजय मंदिर में जप और विशेष पूजन हुआ। कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने सहभागिता की। भगवान शिव से अजय राय के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की। पूरे विधि-विधान से मंत्रोच्चार के साथ पूजन संपन्न हुआ।
वक्ताओं कहा कि अजय राय एक मजबूत जननेता हैं। सभी ने एकजुट होकर उनके जल्द स्वस्थ होकर फिर से सक्रिय राजनीति में लौटने की कामना की। कार्यक्रम में मुख्य रूप से ओमप्रकाश ओझा, मनीष मोरोलिया, ऋषभ पांडेय, संदीप पाल और शशांक शेखर सिंह मौजूद रहे।
अजय राय को देखने पहुंचे सपा नेता
कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को देखने लखनऊ के मेदांता अस्पताल सपा नेता पहुंचे। पूर्व विधायक अब्दुल समद अंसारी के नेतृत्व में सपा नेताओं ने आइसोलेशन वार्ड में भर्ती अजय राय से हालचाल लिया। ईश्वर से जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना किया। सपा नेताओं से अजय राय ने कहा कि चिकित्सकों ने दो दिन बाद डिस्चार्ज होने की उम्मीद जताई है। हालचाल लेने वालों में विष्णु शर्मा, अनवारुल हक अंसारी, रिजवान अंसारी, फैज अंसारी और अब्दुल मौजूद रहे।
