Varanasi News Today: मुंबई की महिला को शादी का भरोसा देकर मुकरा, नकल कराने में दो निलंबित; क्राइम की टॉप खबरें
Varanasi News: मुंबई की महिला को वाराणसी के युवक ने शादी का भरोसा दिया, महिला जब बनारस आई तो वह मुकर गया। उधर, आरटीसी परीक्षा में नकल कराने में दो को निलंबित किया गया, तीसरे पर भी कार्रवाई होगी। पढ़ें- वाराणसी की अन्य खबरें
विस्तार
फेसबुक पर शुरू हुआ प्यार एक महिला के लिए मुसीबत बन गया। मुंबई निवासी महिला को चोलापुर थाना क्षेत्र के भुसौला गांव के युवक ने शादी का भरोसा देकर वाराणसी बुलाया, लेकिन बाद में वादे से मुकर कर घर छोड़कर भाग निकला। महिला चार दिनों से कैंट रेलवे स्टेशन पर रात गुजार रही है। महिला का आरोप है कि शिकायत लेकर वह चोलापुर थाने पहुंची, लेकिन उसे वापस भेज दिया गया। मामला तब चर्चा में आया जब घटना की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वायरल हुई। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और युवक की तलाश शुरू कर दी गई। थाना प्रभारी चोलापुर दीपक कुमार ने बताया कि महिला और युवक की दोस्ती फेसबुक से हुई थी और मामला मुंबई से जुड़ा है। महिला ने मुंबई में ही प्राथमिकी दर्ज कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि महिला थाने नहीं बल्कि चौकी पर गई थी और वापस मुंबई जाने की तैयारी में है।
आरटीसी परीक्षा में नकल कराने में दो निलंबित, तीसरे पर होगी कार्रवाई
भुल्लनपुर के 34वीं पीएसी प्रशिक्षण केंद्र में मंगलवार को प्रशिक्षु आरक्षियों को नकल कराने में दो पीटीआई आशुतोष कुमार राय और विपुल कुमार मलिक को निलंबित किया गया। वहीं, पीटीआई राजू कुमार के खिलाफ कार्रवाई के लिए रायबरेली के लिए पत्राचार किया गया है। मामले की जांच सहायक सेनानायक को सौंपी गई है। 34वीं वाहिनी पीएसी भुल्लनपुर में 600 प्रशिक्षु आरक्षी की आरटीसी परीक्षा थी। इस बीच अचानक निरीक्षण को पहुंचे अधिकारियों को देखकर तीन पीटीआई मौके से भागने लगे। संदेह होने पर उन्हें दौड़ाकर पकड़ा गया। जांच में सामने आया कि पीटीआई प्रशिक्षुओं को नकल कराने का प्रयास कर रहे थे।
अवैध गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़, चार खाली सिलिंडर मिले, पिता-पुत्र फरार
जंसा थाना क्षेत्र के बड़ौरा बाजार में मंगलवार दोपहर क्षेत्रीय खाद्य पूर्ति अधिकारी राजातालाब गुलाब यादव के नेतृत्व में मुन्नीलाल इंप्लायंस होम डिलीवरी की दुकान पर छापा मारा गया। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से गैस रिफिलिंग का मामला सामने आया। अधिकारियों के पहुंचने की सूचना मिलते ही दुकानदार मुन्नीलाल विश्वकर्मा और बेटा सतीश विश्वकर्मा मौके से भाग गए। चार खाली गैस सिलिंडर और पेचकस सहित अन्य उपकरण बरामद किए गए। लोगों के अनुसार, कुछ दिन पहले इसी दुकान से सीएनजी गैस भरने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। लोगों का कहना है कि दोनों बाप-बेटे ऑटो में सीएनजी भरने का भी काम करते थे। क्षेत्रीय खाद्य पूर्ति अधिकारी गुलाब यादव ने बताया कि दुकानदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। जंसा पुलिस भी मौके पर रही।
मारपीट के दो अलग-अलग मामलों में प्राथमिकी दर्ज
बड़ागांव थाना क्षेत्र के कुसहीं गांव निवासी साहित्य सरोज के साथ मारपीट के मामले में तीन नामजद व अज्ञात पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। तहरीर में साहित्य सरोज ने बताया कि घर से सब्जी लेने गांगकला बाजार जा रहा था। रास्ते में 12 लोगों ने उसे घेरकर पीटा। पिता अरविंद ने नटवा गांव निवासी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। दूसरी घटना थाना क्षेत्र के रामपुर गांव की है। बेटी के घर विवाद सुलझाने पहुंचे पिता, भाई और परिजनों के साथ ससुराल पक्ष का विवाद हुआ। दोनों तरफ से ईंट पत्थर चले और दो लोग घायल हुए। जौनपुर के चंदवक थाना के जमसार गांव निवासी अकबाल की पुत्री नूरजहां की शादी बड़ागांव थानाक्षेत्र के रामपुर गांव निवासी नसीम के साथ हुई है। नूरजहां के भाई जलाल तामिल ने आरोप लगाया है कि बहन के साथ मारपीट की जाती है। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
इसे भी पढ़ें; बहू-पोते की हत्या कर बुजुर्ग ने दी जान: दुकान में आग लगाकर बाहर से डाला ताला, फिर पोखरे में कूदकर की आत्महत्या
धमकी देने के मामले में पति-पत्नी व बेटों पर प्राथमिकी दर्ज
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बिहड़ा गांव की निवासी सावित्री देवी ने पड़ोसियों पर धमकी देने का आरोप लगाकर प्राथमिकी दर्ज कराई। शिकायत में बताया कि पड़ोस के कृपा शंकर यादव, पत्नी राजमनी, दो बेटे राजू यादव व सूरज यादव ने पहले हुए मारपीट के मामले में दर्ज प्राथमिकी वापस लेने के लिए दबाव बनाया और जान से मारने की धमकी दी। थना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। कृपा शंकर यादव का कहना है कि उनके दोनों बेटे सेना में हैं और एक बेटा होली पर छुट्टी में घर आया था। जानबूझ कर फंसाया जा रहा है।
पारिवारिक विवाद में दो पक्षों में मारपीट
चौबेपुर क्षेत्र के सीओ गांव में पारिवारिक विवाद में दो पक्षों में मारपीट हुई। घटना 15 मार्च दोपहर एक बजे की है। ममता देवी के घर उनके भाई आशुतोष, आकाश कुशवाहा और बहन उर्मिला देवी मिलने आए थे। आरोप है कि देवर कमलेश मौर्य, बिंदो देवी, देवनारायण मौर्य व एक अज्ञात पहुंचे और मारपीट करने लगे। ममता देवी सहित उनके भाई-बहन घायल हुए। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
चाचा और चचेरे भाइयों पर मारपीट में प्राथमिकी दर्ज
भेलूपुर थाना क्षेत्र के खोजवा निवासी रानी उर्फ प्रतिमा चौहान ने चाचा व चचेरे भाइयों के खिलाफ मारपीट का आरोप लगाकर प्राथमिकी दर्ज कराई। पीड़िता के अनुसार, उसके चाचा वीरेंद्र चौहान, चचेरे भाई आकाश, विकास, इंदु, मल्लू, कल्लू और गुड़िया ने बिना किसी कारण मंगलवार को विवाद किया। विरोध करने पर आरोपियों ने पिता सुरेंद्र चौहान की पिटाई कर दी, जिससे उनकी आंख पर गंभीर चोट आई। जब वह बीच-बचाव करने पहुंची तो आरोपियों ने उसकी भी पिटाई कर दी। थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
इसे भी पढ़ें; Varanasi News: मोटरबोट पर चिकन बिरयानी खाकर गंगा में फेंकीं हड्डियां, 14 आरोपी गिरफ्तार; वायरल हुआ था वीडियो
चेक गायब कर फर्जी हस्ताक्षर से 1.48 लाख रुपये की ठगी
कैंट थाना क्षेत्र में छावनी के एक कार्यालय पर कोरिअर से पहुंचे चेकबुक से चेक गायब कर फर्जी हस्ताक्षर से 1.48 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी संजय कांटूराम राय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घंटी मिल विद्यापीठ सिगरा निवासी गौरव रूपानी ने कैंट थाने में दी तहरीर में बताया कि 21 अक्तूबर 2025 को बैंक ऑफ बड़ौदा की सोनारपुरा शाखा में एक ओडी अकाउंट खुलवाया था। 29 अक्तूबर 2025 को चेकबुक कोरिअर से छावनी कार्यालय पर पहुंचाई गई थी, जिसे संजय ने डिलीवर किया था। 17 दिसंबर को उनके मोबाइल पर बैंक से मैसेज आया, जिसमें खाते से 1,48,000 रुपये निकाले जाने की जानकारी मिली। यह रकम संजय कांटूराम राय के बचत खाते में ट्रांसफर की गई थी। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
मां काली मंदिर से चांदी की चरण पादुका चोरी
चौबेपुर थाना क्षेत्र के सरैया विशुनपुरा में मां काली मंदिर से चांदी की चरण पादुका मंगलवार दोपहर चोरी हो गई। दान पेटी भी तोड़ने का प्रयास किया गया। पुजारी महाबली मिश्रा ने देर शाम थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने आसपास लगे सीसी कैमरे भी खंगाले। पुजारी ने बताया कि रोज की तरह दोपहर 12 बजे तक मंदिर में श्रद्धालुओं का आनाजाना लगा रहा। दोपहर 1 से शाम 4 बजे तक मंदिर परिसर पूरी तरह खाली हो जाता है। चोरों ने मौका पाकर मां काली की चांदी की चरण पादुका चोरी कर ली। शाम 6 बजे आरती के लिए मंदिर पहुंचे तो जानकारी हुई। थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि चोरी की जांच कराई जा रही है।
जमीन हड़पने और दो लाख की रंगदारी में प्राथमिकी दर्ज
जमीन हड़पने और लाख की रंगदारी समेत अन्य आरोपों में अरविंद कुमार के खिलाफ मंगलवार को सारनाथ थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। हुकुलगंज निवासी अकरम कुरैशी ने पुलिस को बताया कि नक्खीघाट निवासी आरोपी अरविंद कुमार ने जमीन दिलाने के एवज में पैसे लिए और बाउंड्री भी कराई। बाद में मालूम चला कि जमीन दूसरे की है। बाद में बाउंड्री भी ढहा दी। 2 लाख रुपये रंगदारी मांग रहा है। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।
छेड़खानी के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
गांव में 12 साल की बच्ची से छेड़खानी के मुख्य आरोपी सिंटू समेत दो को पुलिस ने गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़िता की मां के तहरीर पर सोमवार को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोप है कि पड़ोस का युवक पानी मांगने के बहाने बच्ची को कमरे में बुलाकर ले गया। फिर दरवाजा बंद कर छेड़खानी की। इस मामले में आरोपी जेपी, सिंटू समेत चार के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। संवाद
गैंगस्टर एक्ट के फरार आरोपी के घर मुनादी
गैंगस्टर एक्ट के मामले में फरार आरोपी के खिलाफ पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर मुनादी कराई है। शिवपुर थाना प्रभारी अजीत वर्मा ने बताया कि यूपी गैंगस्टर एक्ट में नामजद संदीप यादव निवासी कमौली कॉपरेटिव थाना चौबेपुर के खिलाफ न्यायालय ने कार्रवाई का आदेश दिया था। परिजनों को चेतावनी दी गई है कि जल्द हाजिर न होने पर कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।
फुटओवर ब्रिज के निर्माण से 2 घंटे जाम
मोहनसराय चौराहे पर फुटओवर ब्रिज निर्माण के चलते मंगलवार सुबह 5 से 7 बजे तक वाहनों की आवाजाही थम गई। राहगीरों की आवाजाही के लिए चौराहे को पार करने के लिए फुटओवर ब्रिज के निर्माण कार्य के दौरान क्रेन की ओर से सेटिंग करते समय यातायात बाधित रहा। दोनों तरफ व सर्विस रोड पर वाहनों की लाइन लग गई। पहले से ही नीचे जमीन पर लोहे के गटर को कर्मचारियों ने वेल्डिंग कर दो भागों में बनाया था, जिसे हाईवे पर बनाए गए पिलर पर रखना था। कर्मचारियों ने वाहनों का आवागमन रोक कर चार क्रेन की मदद से हाईवे के दोनों तरफ बने पिलर पर सेटिंग की। कछवा रोड से बनारस जा रहे दिनेश ने बताया कि एक रिश्तेदार ट्रेन से आ रहे हैं, उन्हें लेने जा रहे हैं। जाम में फंसने से समय से पहुंचना मुश्किल है। जंगीगंज नौधन निवासी रमाशंकर कार से परिवार के साथ दर्शन करने जा रहे थे। बताया कि जाम के कारण काफी देर हो जाएगी। कार्य के बाद लगभग दो घंटे बाद वाहनों का आवागमन चालू हुआ। रोहनिया इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि एफओबी सेटिंग के दौरान क्रेन से काम करने में कुछ देर के लिए आवागमन रोका गया।
रेलवे ट्रैक पर मिले शव की 3 दिन बाद हुई शिनाख्त, पारिवारिक कलह में दी थी जान
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बहेड़वा गांव के रेलवे क्रॉसिंग के पास शनिवार रात रेलवे ट्रैक पर मिले युवक के शव की तीन दिन बाद शिनाख्त हो गई। मृतक की पहचान डंगहरिया गांव निवासी कोमल पटेल रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, युवक पारिवारिक कलह से परेशान था और ट्रेन से कटकर उसने आत्महत्या कर ली। शनिवार देर रात बहेड़वा गांव के पास रेलवे लाइन पर एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रखवा दिया था, लेकिन सिर क्षतिग्रस्त होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। मंगलवार सुबह पिता संकठा प्रसाद अपने दो दिन से लापता बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराने मिर्जामुराद थाने पहुंचे। पुलिस ने शनिवार को मिले अज्ञात शव की फोटो दिखाई, जिसे देखते ही उन्होंने उसकी पहचान की। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि युवक पारिवारिक कलह के कारण मानसिक रूप से परेशान था, जिसके चलते उसने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली।
फंदे से लटक कर छात्र ने दी जान, फोन कब्जे में लिया
अटल नगर कॉलोनी में मंगलवार दोपहर किराये का कमरा लेकर पढ़ाई कर रहे स्नातक छात्र विशाल यादव ने फंदे से लटक कर जान दे दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेेजवाया। पुलिस ने मृतक का मोबाइल कब्जे में लिया है। मूलरूप से गाजीपुर के जखनियां निवासी विशाल यादव (20) बड़ी बहन सरिता और मौसेरी बहन आकृति यादव के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। पिता रमेश यादव दुबई में काम करते हैं। पुलिस के अनुसार, घटना के समय विशाल की बड़ी बहन कोचिंग गई हुई थी और मौसेरी बहन आकृति मंदिर दर्शन के लिए गई थी। दोपहर में जब आकृति वापस लौटी तो विशाल के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला।
आवाज देने और कॉल करने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो आकृति ने खिड़की से झांककर देखा। अंदर विशाल स्टॉल के सहारे फंदे से लटका था। शोर मचाने पर मकान मालिक और किरायेदार पहुंचे। आनन-फानन दरवाजा तोड़कर विशाल को फंदे से नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सही कारण सामने आएगा।
दुर्व्यवहार की घटना पर पेशकार को हटाया
पिंडरा तहसील में बार व बेंच की बैठक मंगलवार को लाइब्रेरी भवन में हुई। ग्रामीण न्यायालय पिंडरा के जज समेत अधिवक्ता शामिल हुए। बार और बेंच की बैठक के दौरान ग्रामीण न्यायालय के जज सत्यम सिंघल ने कहा कि बार व बेंच एक दूसरे के पूरक हैं। बिना बार के सहयोग से न्यायालय नहीं चल सकता। आप लोगों की जो भी समस्या कर्मचारियों से हो बेझिझक कह सकते हैं। उन्होंने एक दिन पहले न्यायालय के पेशकार की ओर से सीनियर वकील के साथ दुर्व्यवहार की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। साथ ही कहा कि पेशकार को पिंडरा न्यायालय से हटा दिया है। तहसील बार पिंडरा के अध्यक्ष प्रीतराज माथुर ने ग्राम न्यायालय के जज का स्वागत किया। संचालन रणधीर सिंह ने किया। इस दौरान सुभाषचंद्र दुबे, अशोक पांडेय, कमला प्रसाद रहे।
आईएमएस बीएचयू के प्रोफेसर ने शिक्षकों के नाम लिखा खुला पत्र
आईएमएस बीएचयू के हृदय रोग विभाग के प्रो. ओमशंकर ने सीसीएस/सीसीए नियमावली को लेकर विश्वविद्यालय के शिक्षकों के नाम खुला पत्र लिखा है। उन्होंने बिना एक्जीक्यूटिव काउंसिल के स्वीकृति के इस नियम को विश्वविद्यालय में लागू करने की हकीकत बताई। कहा कि पिछले 20 साल में इसी नियम को आधार बनाकर 500 शिक्षको, कर्मचारियों पर कार्रवाई की जानकारी दी है। प्रोफेसर ने विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जांच कराए जाने के आदेश जारी करने पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि जांच किस मामले में चल रही है, इसकी विश्वविद्यालय प्रशासन ने कोई जानकारी नहीं दी है। प्रशासन को यह भी बताना चाहिए। प्रो. ओमशंकर ने शिक्षकों के नाम लिखे पत्र में बताया कि बीएचयू में सीसीएस नियम 1964, सीसीए 1965 कभी लागू ही नहीं हुआ। यही नहीं एक्जीक्यूटिव काउंसिल की ओर से भी कभी नहीं अपनाया गया। इसके बाद भी शिक्षकों, कर्मचारियों को दंडित किया गया। आरटीआई में मांगी गई जानकारी में भी विवि प्रशासन एक भी ऐसा दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका जो यह सिद्ध करे।