Varanasi News Today: काशी विश्वनाथ मंदिर के सुरक्षाकर्मियों पर दुर्व्यवहार का आरोप, पढ़ें- प्रमुख खबरें
Varanasi News: वाराणसी जिले में पिछले 24 घंटे में कई खबरें सुर्खियों में बनी रहीं। इनमें पिंडरा में प्रसव पीड़िता को इलाज देने से इन्कार और काशी विश्वनाथ मंदिर में सुरक्षाकर्मियों पर दुर्व्यवहार का आरोप समेत कई खबरें शामिल रहीं।
विस्तार
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के अधिकारी सहित 10 बाउंसरों पर मारपीट के आरोप में चाैक थाने में तहरीर दी गई है। फुलवरिया बाबूलाल सोनकर और भदैनी के अनुज पांडेय का आरोप है कि सुरक्षा कर्मियों ने अभद्र व्यवहार किया। इसकी शिकायत मंडलायुक्त और जिलाधिकारी से भी की गई। वहीं, मंदिर एसडीएम शंभू शरण ने बताया कि भोग आरती के दौरान 3-4 लोगों का समूह पश्चिमी द्वार पर बनी रेलिंग को पार कर मंदिर में प्रवेश कर रहा था। सीआरपीएफ ने रोका तो उनके साथ धक्कामुक्की और गाली गलाैज की गई। वहां महिला श्रद्धालु भी कतार में थीं। विवाद से जुड़ी तस्वीर सीसीटीवी में कैद है। चौक इंस्पेक्टर दिलीप कुमार मिश्रा ने बताया कि पूरी जांच मंदिर प्रशासन की ओर से की जा रही है।
पिंडरा में प्रसव पीड़िता को इलाज देने से इन्कार, ग्रामीणों में नाराजगी
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गंगापुर मंगारी में सोमवार को एक प्रसव पीड़िता को बिना भर्ती किए और बिना प्राथमिक उपचार के वापस भेजने का मामला सामने आया है। स्वास्थ्य केंद्र की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों और परिजनों में रोष है। हरिशंकरपुर निवासी सीमा राजभर को प्रसव पीड़ा होने पर उनके परिजन आनन-फानन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगापुर मंगारी पहुंचे।
आरोप है कि वहां तैनात चिकित्सक डॉ. सारिका रॉय ने मरीज को भर्ती करने से मना कर दिया और कहा कि यहां ऐसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। जब परेशान परिजनों ने इसकी गुहार प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. हाशमी से लगाई तो उन्होंने भी कथित तौर पर वही जवाब देकर पल्ला झाड़ लिया। परिजनों का कहना है कि गंभीर हालत में भी डॉक्टर संवेदनहीन बने रहे, जिसके कारण उन्हें इलाज के लिए दर-दर भटकना पड़ा।
परिजनों ने लापरवाही की शिकायत सीएमओ से करने की चेतावनी दी है। जब इस पूरे मामले में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा गया तो उन्होंने आरोपों को सिरे से नकारते हुए कहा कि अस्पताल में पीडियाट्रिक चिकित्सक (बाल रोग विशेषज्ञ) न होने की जानकारी दी गई थी, जिसके बाद परिजन खुद ही मरीज को लेकर चले गए।
इसे भी पढ़ें; Varanasi News: दालमंडी में पांच और जर्जर भवनों पर होगी कार्रवाई, नगर निगम ने बनाई है ये कार्ययोजना
चीनी पेन, कपड़े और खाने के उत्पाद में गड़बड़ी, चार को नोटिस
कंपनियों और ऑनलाइन कंपनियों के उत्पादों के पैकेट पर तमाम गड़बड़ियां पाई गई हैं। बाट माप विभाग ने छापा मार कर 10 पैकेट पकड़े हैं, जिन पर मूल्य से लेकर बनाने की तिथि और फर्मों के नाम दर्ज नहीं हैं। चारों को नोटिस देकर 15 दिन में जवाब मांगा गया है। चीन की पेन की बिक्री में भी गड़बड़ी पाई गई है। ऑनलाइन डिलीवरी की एक बड़ी कंपनी और पूर्वांचल का मशहूर कपड़े का फर्म है। उत्पादों के पैकेट पर उपभोक्ताओं के संरक्षण संबंधी तमाम चीजें दर्ज नहीं की गई हैं।
बाट माप विभाग के उप नियंत्रक अशोक कुमार ने बताया कि महेशपुर में ब्लिंकिट के तीन पैकेट पकड़े गए हैं। इसमें चीनी पेन और खाने के उत्पाद हैं। इन पैकेट पर कस्टमर केयर संबंधी जानकारी नहीं दर्ज है। वहीं, रोहनिया के कपड़े की दो बड़ी फर्मों जालान और बाबा रेडिमेड के पैकेट पर कोई विवरण ही दर्ज नहीं है। एक पर मूल्य भी नहीं लिखा है।
लहरतारा स्थित गोकुल स्वीट्स पर केले के चिप्स के पैकेट पर कोई विवरण नहीं लिखा था। पैकेट को सील कर जब्त करने के साथ ही संबंधित कंपनियों, ऑनलाइन डिलीवरी कंपनी को नोटिस भेजा गया। हर उत्पाद की कंपनी के तीन से पांच मैनेजरों से जवाब मांगा गया है। उप नियंत्रक अशोक कुमार ने बताया कि 15 दिनों के बाद उन पर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। 50 हजार से एक लाख रुपये तक का जुर्माना लगेगा।
चेक चोरी कर 3.55 लाख रुपये निकाले, प्राथमिकी दर्ज
चेक चोरी कर 3.55 लाख रुपये खाते से निकालने के मामले में पीड़ित ने रविवार को लंका थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। कैंट थाना क्षेत्र के वरुण गार्डन निवासी डाॅ. राशिद परवेज ने पुलिस को बताया कि वह लंका के साकेत नगर कॉलोनी में रहते हैं। लाइफ फार्मेसी नाम से अर्दली बाजार में एचडीएफसी बैंक में खाता है। चेक खत्म होने पर बैंक में आवेदन किया। अक्तूबर में ब्लू डार्ट कंपनी के कर्मचारी ने चेक बुक दिया था।
चेक देते समय आरोपी संजय कांतूराम राय निवासी नायर स्टेट नेताजी नगर शांति सेवा संघ 90 फीट रोड हनुमान मंदिर कुर्ला पश्चिम नवी मुंबई महाराष्ट्र और हाल पता मंगलपुर लोहता ने चेक चुराने के बाद प्रधान डाकघर में खाता खोला था। खाता खोलने के बाद बैंक के कर्मचारियों की मिलीभगत से 12 नवंबर को एक लाख नब्बे हजार रुपये और 15 नवंबर को एक लाख 65 हजार रुपये निकाल लिए थे।
राशिद परवेज का आरोप है कि दोनों चेकों पर उनके हस्ताक्षर और फर्म की मुहर नहीं लगी थी। बैंककर्मियों की मिलीभगत से आरोपी ने 3,55,000 रुपये निकाल लिए थे। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि आरोपी संजय कांतूराम राय और अज्ञात बैंक कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
फास्टफूड दुकानदार को मनबढ़ों ने पीटा, घर में घुसकर ससुर-बहू की पिटाई
बड़ागांव थाना क्षेत्र के बड़ागांव बाजार में फास्टफूड की दुकान चलाने वाले रोहित को मनबढ़ों ने पीटा। उधर, चक्का गांव में ससुर-बहू की पिटाई की गई। रविवार को मारपीट की दोनों घटनाओं में तीन महिला समेत छह लोग घायल हो गए। दोनों पीड़ितों ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। रोहित ने पुलिस को बताया कि खाने का पैसा मांगने पर धर्मेंद्र सोनकर समेत पांच लोगों ने पिटाई की। बीचबचाव में मां मुन्नी देवी और भाई राहुल को भी पीटा। चक्का गांव में रामबली गिरी के घर में घुसकर दो युवकों ने पिटाई कर दी। इस दौरान बहू भाग्यश्री सहित एक अन्य युवती की भी पिटाई की। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जुआ के फड़ पर छापा, सात आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के छतेरी गांव के आम के बगीचे में जुए के फड़ पर छापा मारकर पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। फड़ से 1550 रुपये और ताश के पत्ते मिले। आरोपियों में छतेरी गांव निवासी आजाद, खुशियाल, समर बहादुर, रामपति, मन्नू, तमाचाबाद निवासी साहिल, महताब हैं। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया।
यौन उत्पीड़न का आरोपी गिरफ्तार
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के आरोपी मोहित को पुलिस ने रविवार रात बेनीपुर नहर के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी करधना गांव का निवासी है। आरोपी को जेल भेज दिया गया। मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपी मोहित लंबे समय से शादी का वादा कर युवती से दुष्कर्म करता रहा। युवती जब गर्भवती हुई और शादी का दबाव बनाया तो आरोपी मुकर गया।
बेटे के साथ घर लौट रही महिला से अश्लील हरकत, पिटाई
हुकुलगंज चमरू वीर बाबा मंदिर क्षेत्र में बेटे के साथ घर लौट रही महिला के साथ अश्लील हरकत के मामले में आरोपी करन सोनकर के खिलाफ पीड़िता ने लालपुर-पांडेयपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह सदर बाजार में फास्ट फूड का दुकान चलाती है। 11 फरवरी की रात 11 बजे दुकान बंदकर 12 साल के बेटे के साथ घर लौट रही थी। इस बीच चमरू वीर बाबा मंदिर के पास पहले से मौजूद करन सोनकर और उसके एक साथी ने अश्लील हरकत की और विरोध करने पर पिटाई की। लोगों के जुटने पर दोनों आरोपी भाग गए। अगले दिन आरोपी ने दोबारा धमकी दी। लालपुर-पांडेयपुर थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर दबिश दी जा रही है।
इसे भी पढ़ें; Cough Syrup Case: मिर्जापुर पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार, शुभम जायसवाल गिरोह से जुड़े हैं तार
महिला दर्शनार्थी का मंगलसूत्र चोरी
कैथी मार्कंडेय महादेव मंदिर में शिवरात्रि के दूसरे दिन सोमवार को जलाभिषेक के दौरान मुन्नी देवी का मंगलसूत्र चोरी हो गया। पीड़िता ने थाने में तहरीर दी है। चौबेपुर के पनिहरी निवासी मुन्नी देवी ने पुलिस को बताया कि जलाभिषेक के लिए मंदिर आई थी। इसी दौरान किसी ने गले से मंगलसूत्र निकाल लिया। उसकी कीमत 75000 हजार है। थानाध्यक्ष इंद्रेश कुमार ने बताया कि सीसी कैमरे खंगाले गए हैं। जांच की जा रही है।
डेबिट कार्ड चोरी कर खाते से पैसे निकालने पर प्राथमिकी
लंका के एटीएम बूथ से डेबिट कार्ड चोरी कर खाते से 91888 रुपये निकालने के मामले में रविवार को लंका थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। मऊ के कोपागंज के गोडसरा निवासी राजेंद्र यादव ने पुलिस को बताया कि 21 जनवरी को दवा लेने लंका आया था। एटीएम मशीन में डेबिट कार्ड फंस गया था, जिसे किसी ने चोरी कर लिया। खाते से पैसे कटने की जानकारी मोबाइल पर मैसेज आने के बाद हुई है। खाता से कई बार में 91,888 रुपये निकाले गए गया। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि राजेंद्र की तहरीर पर अज्ञात पर लंका थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
शारीरिक शोषण करने का आरोपी गिरफ्तार
शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने के आरोपी ओमप्रकाश को आदमपुर पुलिस ने सोमवार को काशी रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। आदमपुर थाना प्रभारी विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी प्रयागराज के फूलपुर के बरिस्ता गांव निवासी है। राजघाट की रहने वाली पीड़िता ने प्राथमिकी दर्ज कराई कि फेसबुक से ओम प्रकाश ने दोस्ती की। बाद में शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाया। जब शादी के लिए दबाव बनाया तो ओम प्रकाश मुकर गया।
रंजिश में दुकानदार पर हमला, प्राथमिकी दर्ज
कबीरचौरा रोड पर नाश्ते की दुकान लगाने वाले दुकानदार की रंजिश में पिटाई कर दी गई। कोतवाली थाने में सोमवार को आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। सप्तसागर निवासी अंकित गौड़ ने पुलिस को बताया कि बड़ा भाई सूरज दुकान पर था तभी पड़ोसी राजू गौड़ पहुंचा और रंजिश में गालीगलौज की। विरोध करने पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे सूरज घायल हो गया। कोतवाली इंस्पेक्टर दया शंकर सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।
किशोरी को अगवा करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज
जलालीपुरा क्षेत्र से किशोरी को अगवा करने के मामले में पिता ने सोमवार को जैतपुरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। पीड़ित पिता ने पुलिस को बताया कि बेटी 13 फरवरी को घर से निकली थी, लेकिन लौटी नहीं। जैतपुरा थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। तलाश की जा रही है।
ट्रक की चपेट में आने से बुजुर्ग घायल
रिंग रोड संदहा चौराहे के पास सोमवार शाम 5 बजे ट्रक की चपेट में आने से त्रिभुवन मौर्य (65) घायल हो गए। चौबेपुर पुलिस ने बुजुर्ग को मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में भर्ती कराया। ग्राम पंचायत सिवो निवासी त्रिभुवन मौर्य का पैर बुरी तरह कुचल गया है। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि घायल को उपचार के लिए भिजवा दिया है।
घायल श्रीलंकाई पर्यटक का हुआ उपचार
गेस्ट हाउस में ठहरे श्रीलंका का पर्यटक रंजीत श्रीलाल की रविवार रात वॉशरूम में फिसलकर गिरने से सिर में चोट आई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पर्यटक का उपचार कराया गया। श्रीलंका का एक दल सारनाथ के जेडीई पेइंग गेस्ट हाउस में ठहरा था। रात 11.30 बजे रंजीत श्रीलाल (56) बाथरूम में फिसल कर गिर गए, जिससे उनके सर में चोट लगी। गेस्ट हाउस के कर्मियों ने पर्यटक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
साड़ी पर आइसक्रीम फेंक कार से महिला का पर्स लेकर भागा उचक्का
रामनगर चौराहे के पास कार सवार महिला की साड़ी पर आइसक्रीम फेंककर उचक्के ने पर्स पार कर दिया। महिला के पर्स में 50 हजार, आभूषण, मोबाइल फोन था। सोमवार को पीड़िता ने रामनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। नगवा चुंगी की रहने वाली चंद्र कला सिंह ने पुलिस को बताया कि 10 फरवरी की शाम 5 बजे एक रिश्तेदार के यहां कार से जा रही थी। रामनगर चौराहे पर गाड़ी खराब हो गई। बाहर निकलकर गाड़ी देख रही थी कि इस बीच किसी ने साड़ी पर आईसक्रीम फेंक दी। साफ-सफाई में जुटी तो देखा कि कार में रखा पर्स गायब है। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि आसपास के सीसी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं।
कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर कार ले भागे आरोपी
कैंट स्टेशन से कार टैक्सी संचालन करने वाले चंदन पाठक को कोल्ड डि्रंक्स में नशीला पदार्थ पिलाकर दो युवक कार लेकर भाग गए। पीड़ित ने भेलूपुर थाने में सोमवार को प्राथमिकी दर्ज कराई। सिंधोरा थाना क्षेत्र के हीरामनपुर निवासी चंदन पाठक ने पुलिस को बताया कि वह कैंट स्टेशन से कार टैक्सी चलाता है। 14 फरवरी को दो युवक आए और श्रीकाशी विश्वनाथ धाम समेत काशी दर्शन के लिए गाड़ी बुक की। सारनाथ, दुर्गाकुंड भ्रमण कराने के बाद रविंद्रपुरी कीनाराम आश्रम के पास शाम 7 बजे पहुंचाया। आरोपियों ने बियर पी। कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया। 15 फरवरी की दोपहर में होश आया। गाड़ी लेकर दोनों आरोपी भाग गए। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज करने के साथ ही आसपास के सीसी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
जैतपुरा थाना क्षेत्र के बकुरियाकुंड टावर वाली गली में बुनकर मुख्तार की निर्माणाधीन दीवार गिरने और मारपीट के मामले में 12 नामजद के खिलाफ रविवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। मुख्तार ने पुलिस को बताया कि चहारदीवारी के अंदर निर्माण करा रहा था। 14 फरवरी की रात आरोपियों ने घर में घुसकर मारपीट की और निर्माणाधीन दीवार भी गिरा दी। आरोपियों में जुल्फेकार उर्फ पनारू, इजहार, तैय्यब उर्फ लालू, गुल्जार, नेसार, साहिल मुमताज, सानू, अयान, अमान, साजिद, आसिफ और हारुन हैं। जैतपुरा थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।
किसान फूल मंडी के संचालक ने नगर निगम कर्मियों पर लगाया सीसी कैमरे तोड़ने का आरोप
मलदहिया के किसान फूलमंडी के संचालक विशाल दुबे ने नगर निगम के कर्मचारियों पर सीसी कैमरे तोड़ने का आरोप लगाया। अधिवक्ता से कोर्ट में आवेदन कर नगर निगम के अपर नगर आयुक्त समेत कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।
दो साल से भागा पॉक्सो का आरोपी गिरफ्तार
पॉक्सो मामले में दो साल से वांछित अर्जुन सोनकर को पुलिस ने सोमवार को सलारपुर से गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि किशोरी से छेड़खानी व पॉक्सो में वांछित अर्जुन पिछले दो साल से पुलिस की गिरफ्त से दूर था।