हाईटेंशन टावर पर चढ़ी युवती: प्रेमी के शादी से इंकार पर उठाया कदम, पांच घंटे मशक्कत के बाद सुरक्षित नीचे उतरी
Ballia News: बलिया जिले में एक युवती हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गई। उसने आरोप लगाया कि तीन साल प्रेम संबंध के बाद प्रेमी अब शादी से इंकार कर रहा है, इसी वजह से उसने ये कदम उठाया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बलिया जिले में भीमपुरा थाना क्षेत्र के बाराडीह लवाई पट्टी (सतहवा) गांव में गुरुवार सुबह प्रेम प्रसंग से आहत एक युवती हाईटेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गई। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। करीब पांच घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान और समझाने के बाद युवती को सकुशल नीचे उतार लिया गया।
क्या है मामला
बाराडीह लवाई पट्टी निवासी युवती सुबह करीब 4:30 बजे गांव के पास स्थित हाईटेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गई। टावर पर युवती को देखकर ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची भीमपुरा थाना पुलिस ने फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया। रेस्क्यू टीम ने सीढ़ी और अन्य सुरक्षा उपकरणों की मदद से युवती तक पहुंचकर लगातार उसे समझाने का प्रयास किया। प्रेमी से फोन पर बात कराने व शादी के आश्वासन के बाद वह नीचे उतरने को तैयार हुई और सुरक्षित उतार ली गई।
इसे भी पढ़ें; बीएचयू: बिना अनुमति प्रदर्शन पर 18 नामजद, 20 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर; सिंहद्वार पर जाम लगाने पर कार्रवाई
पूछताछ में युवती ने बताया कि उसका उभांव थाना क्षेत्र के अखोप गांव निवासी युवक से पिछले करीब तीन वर्षों से प्रेम संबंध था। युवती का आरोप है कि युवक ने अब उससे शादी करने से इंकार कर दिया है, जबकि उसके परिजनों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी है। इसी से आहत होकर उसने यह कदम उठाया।
घटना के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए, हालांकि पुलिस ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में रखा। युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद थाने लाया गया, जहां उसके और प्रेमी के परिजनों को बुलाकर बातचीत की जा रही है।
थानाध्यक्ष रंजीत विश्वकर्मा ने बताया कि समय रहते पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर युवती को सकुशल नीचे उतार लिया। उन्होंने कहा कि घटना के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रही। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए युवती एवं प्रेमी के परिजनों से पूछताछ की जा रही है।