Bageshwar news: स्कूटी सवार पर तेंदुए का हमला, युवक की सूझ-बूझ से बची जान
गरुड़ में बाजार से लौट रहे स्कूटी सवार युवक पर तेंदुए ने हमला कर दिया। युवक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत स्कूटी भगा दी जिससे वह बाल-बाल बच गए।
विस्तार
बागेश्वर जिले की गरुड़ तहसील के मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों में तेंदुए की दहशत थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार देर शाम बाजार से घर लौट रहे एक स्कूटी सवार युवक पर तेंदुए ने हमला कर दिया। गनीमत रही की युवक ने स्कूटी की रफ्तार बढ़ाकर किसी तरह अपनी जान बचाई। इस घटना के बाद से नगर क्षेत्र में भारी दहशत व्याप्त है।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार की देर शाम रवि सिंह बाजार से अपना काम निपटाकर स्कूटी से घर की ओर लौट रहे थे। जैसे ही वह गैस गोदाम वाली सड़क पर पहुंचे, घात लगाकर बैठा तेंदुआ उनकी ओर झपटा लेकिन रवि ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत स्कूटी भगा दी जिससे वह बाल-बाल बच गए। ग्रामीण इलाकों के बाद अब नगर पंचायत क्षेत्र में तेंदुए की बढ़ती सक्रियता ने लोगों की नींद उड़ा दी है। टीट बाजार क्षेत्र में डर का आलम यह है कि शाम ढलते ही व्यापारी अपनी दुकानें बंद कर रहे हैं और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। स्थानीय निवासियों ने वन विभाग से क्षेत्र में पिंजरा लगाने और नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है।
तेंदुए की सक्रियता को देखते हुए वन विभाग की टीम लगातार गश्त कर रही है। लोगों से अपील है कि वे शाम के समय अकेले सुनसान रास्तों पर न निकलें और बच्चों को भी अकेले बाहर न भेजें। सावधानी ही बचाव है। -महेंद्र सिंह गुसाईं, रेंजर, बैजनाथ