वैशाली के बिदुपुर थाना क्षेत्र के दाउदनगर गांव में होली के जश्न के दौरान एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान दाउदनगर निवासी चंदेश्वर दास के 56 वर्षीय पुत्र रंजीत दास के रूप में हुई है। बताया गया है कि रंजीत दास दो भाइयों और पांच बहनों में सबसे बड़े थे। उनके परिवार में दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। वे पेशे से ड्राइवर थे और परिवार का भरण-पोषण करते थे। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आरोपी ने रंजीत दास को गोली मार दी
जानकारी के अनुसार, होली के अवसर पर करीब दस मित्र घर से लगभग 10 मीटर की दूरी पर बैठकर जश्न मना रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर रंजीत दास और राजेश सिंह के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
इसी बीच आरोपी ने रंजीत दास को गोली मार दी। मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आरोपी फरार हो गया। आरोपी की पहचान उसी गांव के निवासी वासुदेव सिंह के पुत्र राजेश सिंह के रूप में की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
ये भी पढ़ें- Bihar Police: होली ड्यूटी से गायब चार सिपाही निलंबित, एसएसपी की सख्त कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप
हत्या की पुष्टि हुई है- पुलिस
स्थानीय थाना पुलिस ने बताया कि गोली मारकर हत्या की पुष्टि हुई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। होली जैसे पर्व पर हुई इस घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है।