वैशाली जिले के हाजीपुर में दुर्गा पूजा के दौरान शहर के प्रमुख स्थलों जैसे स्टेशन चौक, राजेंद्र चौक और संस्कृत महाविद्यालय पर लोगों की भारी भीड़ जमा होती है। इसे ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन की ओर से पुख्ता इंतजाम किए जाते हैं। मां दुर्गा की प्रतिमा सोमवार की देर रात हाजीपुर में स्थापित की गई, जिसके बाद श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या मां दुर्गा के दर्शन के लिए पहुंची। दुर्गा पूजा के मौके पर पूरे हाजीपुर शहर को जगमगाते लाइटों से सजाया गया।
भव्य पंडालों में देर रात तक भक्तों की भीड़ लगी रही। पंडालों में माता दुर्गा के विभिन्न रूपों के साथ महिषासुर वध की झांकी और अन्य देवी-देवताओं के स्वरूप भी आकर्षण का केंद्र बने। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों सहित सभी भक्त माता के दर्शन और पूजन में शामिल हुए। पूजा के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।
हाजीपुर शहर में दुर्गा पूजा का उत्सव चरम पर है और श्रद्धालु माता की भक्ति में डूबे नजर आ रहे हैं। असामाजिक तत्वों से निपटने के लिए पूरे शहर में पुलिस बल तैनात किया गया है। दुर्गा पूजा को लेकर वैशाली जिलाधिकारी वर्षा सिंह और पुलिस अधीक्षक ललित मोहन शर्मा ने संयुक्त आदेश जारी किया है। आदेश में कहा गया कि दुर्गा पूजा 02 अक्टूबर 2025 तक मनाई जाएगी। साथ ही जिलेवासियों से शांतिपूर्ण और भाईचारे के वातावरण में पर्व मनाने की अपील की गई।
पढे़ं: खुले देवी मां दुर्गा पट, पंडालों में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब; रोशनी से सराबोर हुआ मुजफ्फरपुर
संयुक्त आदेश में यह भी बताया गया कि इस वर्ष 29 सितंबर को महासप्तमी, 30 सितंबर को महाअष्टमी, 01 अक्टूबर को महानवमी और 02 अक्टूबर 2025 को विजयादशमी है। इसलिए पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने हेतु विशेष चौकसी और सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
जिले के सभी संवेदनशील स्थलों सहित विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए 484 + 18 स्थानों पर वरिष्ठ पदाधिकारी गस्ती करेंगे। विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए 9 दंडाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। उग्रवादी, उपद्रवी तत्व और साम्प्रदायिक अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में विधि व्यवस्था के वरिष्ठ प्रभार में रहेंगे।
दुर्गा पूजा के अवसर पर वैशाली समाहरणालय के आपदा प्रभाग के सभागार में 29 सितंबर से 02 अक्टूबर तक जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। इसका दूरभाष नंबर 06224-260233/34 है। इसके साथ ही पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) को जिला नियंत्रण कक्ष में पर्याप्त संख्या में पुलिस अधिकारी और पुलिस बल तैनात करने का निर्देश दिया गया है। अश्रुगैस दस्ते और बज्रवाहन को तैयार हालत में रखा गया है ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।