बालोद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुरूर थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शातिर तस्कर रवि नेताम (40 वर्ष, निवासी कनेरी) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 किलो 100 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा और तस्करी में प्रयुक्त मोपेड वाहन (TVS XL 100) जब्त किया है। पुलिस द्वारा जब्त किए गए गांजे और वाहन की कुल कीमत करीब 6 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है।
मरकाटोला कैंप के पास घेराबंदी
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोपेड के पायदान पर सफेद बोरी में गांजा छिपाकर कांकेर-चारामा के रास्ते रायपुर की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य एवं एसपी योगेश कुमार पटेल के निर्देशन में पुरूर पुलिस ने नेशनल हाईवे-30 पर ग्राम मरकाटोला कैंप के सामने नाकेबंदी की। इस दौरान संदिग्ध मोपेड को रोककर जब तलाशी ली गई, तो बोरी के भीतर खाकी टेप से लिपटे गांजे के 6 पैकेट बरामद हुए।
आरोपी भेजा गया जेल
पुरूर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में पुरूर थाना प्रभारी जोगेन्द्र साहू, सउनि विश्वजीत मेश्राम, भुजबल साहू सहित पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही।

गांजे पर कार्रवाई - फोटो : credit
गांजे पर कार्रवाई - फोटो : credit
गांजे पर कार्रवाई - फोटो : credit