छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में फिर से एक बड़ा घोटाला सामने आया है। इस बार 21.50लाख रुपए का बैगा ट्राइबल आवास घोटाला हुआ है। इसे लेकर पुलिस ने शिकायत बाद आरोपी ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं जनपद पंचायत का कर्मचारी पवन चंद्रवंशी फरार है। बोड़ला एसडीओपी अखिलेश कौशिक ने बताया कि थाना तरेगांव जंगल पुलिस द्वारा ट्रायबल व बैगा आवास योजना में की गई धोखाधड़ी के प्रकरण में कार्रवाई की है। प्रार्थी सिद्धराम मसराम, ग्राम पंचायत कुकरापानी थाना तरेगांव जंगल ने 5 फरवरी 2026 को लिखित आवेदन प्रस्तुत किया गया। आवेदन में बताया कि अक्टूबर 2024 से ग्राम पंचायत कुकरापानी में पंचायत सचिव के पद पर कार्यरत है। ग्राम पंचायत कुकरापानी के बैंक खाता में में ट्रायबल व बैगा आवास योजना की राशि 21 लाख 50 हजार रुपए 30 अक्टूबर 2024 को जमा हुई थी। 28 नवंबर 2024 को जनपद पंचायत बोड़ला के कर्मचारी लोचन जायसवाल द्वारा जानकारी दी गई कि उक्त राशि जिला पंचायत के माध्यम से जमा की गई है। तकनीकी सहायक पवन चंद्रवंशी व ठेकेदार छोटूराम चंद्रवंशी को आवास निर्माण के लिए भुगतान किया जाना है। इसके बाद तत्कालीन सरपंच रमली बाई, सरपंच पति मोती बैगा व सचिव सिद्धराम मसराम के साथ बैंक जाकर 21.50 लाख रुपए निकालकर तकनीकी सहायक पवन चंद्रवंशी व ठेकेदार छोटूराम चंद्रवंशी को बैगा आवास निर्माण के लिए दी गई। लेकिन, आज सात फरवरी 2026 तक ग्राम पंचायत कुकरापानी के किसी भी बैगा आदिवासी परिवार का आवास निर्माण प्रारंभ नहीं हुआ है।
17 बैगा परिवार को हुआ नुकसान
पुलिस के अनुसार ट्रायबल व बैगा आवास निर्माण के लिए प्राप्त राशि को तकनीकी सहायक पवन चंद्रवंशी व ग्राम लखनपुर निवासी ठेकेदार छोटूराम चंद्रवंशी द्वारा छलपूर्वक रख लिया गया,जिससे 17 बैगा परिवार को आर्थिक क्षति पहुंची है। पुलिस ने थाना तरेगांव जंगल में धारा 318(4), 316(5), 3(5) बीएनएस व एससी-एसटी एट्रोसिटी धारा 3(2)(व) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया। विवेचना में यह पाया गया कि अन्य आरोपी पवन चंद्रवंशी शासकीय सेवक (पंचायत तकनीकी सहायक) है, जिसके कारण प्रकरण में धारा 316(5) बीएनएस जोड़ी गई। साथ ही बैगा जैसी विशेष पिछड़ी जनजाति के हितग्राहियों के साथ धोखाधड़ी कर आर्थिक नुकसान पहुंचाए जाने पर एससी-एसटी एट्रोसिटीकी धारा 3(2)(व) जोड़ी गई। आरोपी ठेकेदार छोटूराम चंद्रवंशी पिता स्व. राम रतन चंद्रवंशी उम्र 47 वर्ष निवासी ग्राम लखनपुर खुर्द थाना बोड़ला से पूछताछ करने पर अपराध स्वीकार किया गया।
रुपए को दूसरे काम में खर्च कर दिया
आरोपी ठेकेदार छोटूराम चंद्रवंशी ने मेमोरेंडम कथन में बताया गया कि आवास निर्माण की राशि से ईंट, रेत, गिट्टी, सीमेंट व छड़ की खरीदी की गई, जिसका उपयोग अन्य ठेकेदारी कार्य में कर लिया गया। आरोपी द्वारा प्रस्तुत सामग्री की रसीद व इस्तेमाली मोबाइल फोन को जब्त किया गया है। इस मामले का अन्य आरोपी पवन चंद्रवंशी (पंचायत तकनीकी सहायक) घटना के बाद से फरार है, जिसकी तलाश व गिरफ्तारी की लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।