नोएडा के सेक्टर 49 बसे 30 साल हो गए हैं और अब सेक्टर की हालत दिन पर दिन खराब होती जा रही है। यहां का ड्रेनेज सिस्टम बिल्कुल खराब हो गया है ऐसे में सेक्टर में पानी की निकासी सही नहीं है। बारिश के दौरान जलभराव हो जाता है। पैदल चलने वालों और गाड़ियों से निकलने वाले को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। ऐसा लगता है जैसे बारिश में नाव मंगानी पड़ेगी। इसके अलावा बिजली, सीवर, सड़क की समस्या भी कई साल से बनी हुई है और कोई सुनवाई नहीं हो रही। यदि समस्याओं का समाधान न हुआ तो सेक्टर निवासी शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन करेंगे और इसकी जिम्मेदारी नोएडा प्राधिकरण की होगी।

रविवार को सेक्टर 49 में अमर उजाला संवाद के दौरान सेक्टर निवासियों व आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने सेक्टर की समस्याएं प्रमुखता से रखीं। निवासियों ने बताया कि नोएडा प्राधिकरण की ओर से इस तरह लापरवाही हो रही है इस शिकायत पर कोई सुनवाई ही नहीं होती। काम करना तो बहुत दूर की बात है, ध्यान ही नहीं दिया जाता है। एक तरफ शहर को हाइटेक सिटी का दर्जा दे रहे हैं और भारत सरकार से स्वच्छता के नाम पर अवार्ड भी ले रहे हैं लेकिन यहां पर हकीकत कुछ और है। इमरजेंसी में भो संबंधित विभागीय अधिकारियों को फोन किया जाता है लेकिन उनकी तरफ से फोन रिसीव नहीं होता है। संवाद के दौरान आरडब्ल्यूए अध्यक्ष प्रशांत त्यागी, महासचिव विजय कुमार भाटी, सचिव विकास कपूर, उपाध्यक्ष पवन कुमार भंडारी, कोषाध्यक्ष परमात्मा शरण बंसल, सह कोषाध्यक्ष मूलचंद कंसल, सी ब्लॉक रिप्रेजेंटेटिव डॉ. राजीव छिब्बर, डी ब्लॉक रिप्रेजेंटेटिव विवेक अग्रवाल, ए ब्लॉक रिप्रेजेंटेटिव एसपी सिंह, नीतू मिश्रा, अरुणा कवात्रा, आरपी सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
इन समस्याओं के समाधान की जरूरत
सेक्टर में सीवर लाइन ओवरफ्लो हो रही है जिसका 10 दिन पहले ही काम शुरू हुआ है लेकिन बारिश में काम प्रभावित हो सकता है ऐसे में कार्य में तेजी लाने की जरूरत है। बिजली के खंभे पुराने होकर गल रहे हैं और गिरते रहते हैं। ऐसे में किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। कई खंभे ऐसे हैं जिन्हें लगाने के बाद तार नहीं चढ़ाए गए हैं। सेक्टर के अंदर 4 पार्क हैं जहां पर हरियाली खत्म हो चुकी है और कई साल से मेंटेनेंस नहीं हो रहा है। 2 साल से पार्क का फव्वारा भी बंद पड़ा है। सेक्टर के अंदर साइन बोर्ड भी खराब हो गए हैं।
निवासियों से बातचीत
वोट मांगने के समय जनप्रतिनिधि सेक्टर आते हैं लेकिन फिर 5 साल के लिए गायब हो जाते हैं। समस्याओं का समाधान करने उन्हें सेक्टर आना चाहिए।
-प्रशांत त्यागी, आरडब्ल्यूए अध्यक्ष
सेक्टर के गेट नंबर 8 के सामने प्रयाग हॉस्पिटल है और इसके सामने बीच में एक कट बना हुआ है। यहां रॉन्ग साइड की वजह से एक्सीडेंट बहुत होते हैं।
-विजय कुमार भाटी, आरडब्ल्यूए महासचिव
सेक्टर के अंदर कोई मार्केट नहीं है कई साल से हम लोगों को दूसरे सेक्टर की मार्केट जाना पड़ता है।
-पवन कुमार भंडारी आरडब्ल्यूए उपाध्यक्ष
नो पावर कट जोन वाले शहर में 9-9 घंटे के लिए बिजली कट जाती है और शिकायत के बाद भी कोई समाधान नहीं होता।
-परमात्मा शरण बंसल, आरडब्ल्यूए कोषाध्यक्ष
सेक्टर के बाहर गेट नंबर 3 से गेट नंबर 11 तक की सड़क बहुत खराब है इसे बनाने की जरूरत है।
-नीतू मिश्रा
सेक्टर के पार्क में ओपेन जिम खराब है और बच्चों की खेलने वाली मशीन भी टूटी हुई हैं।
-अरुणा कवात्रा