सोसाइटी में बेहद घटिया गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग किया गया है। बिल्डिंग जर्जर हालत में है। 37 करोड़ में से 32 करोड़ बिल्डर को चुकाया जा चुका है। उसके बाद भी लगातार पैसों की मांग की जा रही है। जबकि सोसाइटी में कोई सुविधा नहीं है। यह सभी मुद्दे रविवार को अमर उजाला संवाद में ग्रेनो वेस्ट स्थित इरोज सम्पूर्णम सोसाइटी के निवासियों ने उठाएं।
निवासियों ने बताया कि 2018 से वह सोसाइटी में रह रहे हैं। लीकेज,सिपेज,लिफ्ट सहित कई समस्याओं का सामना उन्हें प्रतिदिन करना पड़ता है। बिल्डर की ओर से लगातार मेंटेनेंस बढ़ाने के लिए बोला जा रहा है। जबकि सुविधा नहीं दी जा रही है। जब तक सुविधा नहीं मिलेगी। तब तक मेंटेनेंस अब नहीं बढ़ाया जाएगा। उन्होंने बताया कि सोसाइटी के लोग डर के साए में अपना जीवन व्यतीत कर रहे हैं। एक करोड़ 40 लाख रुपये में रीसेल में फ्लैट खरीदा था। कुछ ही दिन बाद फ्लाइट से दरवाजे तक उखड़ गए कई बार शिकायत की लेकिन मेंटेनेंस की ओर से कोई कदम नहीं उठाया गया।
बेसमेंट बन जाता है तालाब
निवासियों ने बताया कि बेसमेंट बरसात के समय में तालाब बन जाता है। पार्किंग तक पहुंचाना खतरों से कम नहीं होता है। बेसमेंट में बड़े-बड़े चूहे व अन्य जानवर बेसमेंट को कमजोर कर रहे हैं। सरिया दिख रही है। कई बार समस्याओं के समाधान की गुहार लगाई गई, लेकिन संबंधित जिम्मेदार हर बार अपना मुंह फेर लेते हैं। क्लब हाउस के नाम पर दो-दो लाख रुपए मांगे जा रहे हैं जबकि निवासियों को वादा किया गया था कि उन्हें क्लब हाउस मुहैया कराया जाएगा।
क्या बोले निवासी
- 37 में से 32 करोड रुपए दिए जा चुके हैं उसके बाद भी सोसाइटी में कोई भी रखरखाव का काम नहीं किया गया है। - दीपांकर कुमार
- लिफ्ट में कई बार बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक फंस चुके हैं। कोई ध्यान देने वाला नहीं है। - सरिता तिवारी
- एक करोड़ 40 लाख रुपये में रीसेल में फ्लैट खरीदा था। कुछ ही महीने बाद दरवाजे तक उखड़ गए। - गुंजन मिश्रा
- हाल ही में बिल्डर ने निवासियों को बंधक बना लिया था। बिजली,पानी तक काट दिया था। - जय सिंह
- घुटनों तक बेसमेंट में पानी भर जाता है। सोसाइटी में स्टाफ की भी बेहद कमी है। - बीएस बाली
- मेंटेनेंस बढ़ाने में कोई भी दिक्कत नहीं है। सुविधा मिले और बिल्डर अब तक का हिसाब दे। उसके बाद ही अब आगे बढ़ा जाएगा। - नवनीत जुनेजा