{"_id":"6985b59e84d45e90000452dd","slug":"video-jhajjar-delhi-joint-pndt-team-busts-illegal-sex-determination-racket-two-accused-arrested-2026-02-06","type":"video","status":"publish","title_hn":"झज्जर-दिल्ली संयुक्त पीएनडीटी टीम ने किया अवैध लिंग जांच गिरोह का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
झज्जर-दिल्ली संयुक्त पीएनडीटी टीम ने किया अवैध लिंग जांच गिरोह का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार
झज्जर-दिल्ली स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दिल्ली के संतगढ़, तिलक नगर स्थित द लूक स्पा में रोमा नामक महिला को झज्जर एवं आसपास के क्षेत्रों से आने वाली गर्भवती महिलाओं के भ्रूण का अवैध रूप से लिंग जांच का भंडाफोड़ किया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला समुचित प्राधिकरण, झज्जर के निर्देशानुसार डॉ. संदीप कुमार (नोडल अधिकारी, पीसी–पीएनडीटी), डॉ. बसंत कुमार दुबे, डॉ. नेहा, श्री विनोद कुमार, जयबीर एवं प्रदीप कुमार की एक विशेष टीम गठित की गई। झज्जर पुलिस विभाग से हेड कांस्टेबल रीना, कांस्टेबल कुमारी सोनू, कांस्टेबल भगत सिंह और पीएसआई सतबीर भी इस अभियान में शामिल रहे।
योजना के तहत एक गर्भवती महिला तथा सुरेंद्र नामक व्यक्ति को नकली पति के रूप में प्रलोभन ग्राहक बनाया गया। सुरेंद्र ने रोमा (टाउट) से मोबाइल के माध्यम से संपर्क कर लिंग जांच की डील तय की, जिसमें कुल 150,000 रुपये की मांग की गई, जिसमें 1,00,000 रुपये अग्रिम और शेष 50,000 रुपये जांच के बाद देने की बात कही गई।
5 फरवरी की सुबह लगभग 9 बजे झज्जर टीम प्रलोभन ग्राहक को लेकर दिल्ली पहुंची, जहां वेस्ट दिल्ली पीसी–पीएनडीटी टीम ने उन्हें जॉइन किया। इस टीम में नोडल अधिकारी डॉ. लीना राउत तथा तहसीलदार श्री आर्येन्दु अंबेश शामिल थे। दोनों टीमों द्वारा संयुक्त रूप से प्रलोभन ग्राहक को 1,00,000 रुपये की नंबर युक्त करेंसी उपलब्ध करवाई गई।
लगभग 9:30 बजे प्रलोभन ग्राहक द लूक स्पा में पहुंचे, जहां रोमा ने नगद राशि प्राप्त की। कुछ समय बाद कुलदीप नामक व्यक्ति मोटरसाइकिल से स्पा पर पहुंचा और अंदर जाकर अल्ट्रासोनिक फिटल डॉपलर मशीन की सहायता से गर्भ की जांच की। जांच के उपरांत कुलदीप ने रिपोर्ट सामान्य बताते हुए गर्भपात न कराने की सलाह दी, जबकि उसकी सहयोगी राखी ने लड़का होने की पुष्टि की।
जांच के बाद कुलदीप मशीन को टी-शर्ट में छिपाकर बाहर निकलने लगा, तभी पीएनडीटी टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया और उसके कब्जे से डॉपलर मशीन बरामद कर ली। इसके बाद दोनों टीमों ने कुलदीप और रोमा से विस्तृत पूछताछ की। तलाशी के दौरान रोमा के कब्जे से प्रलोभन ग्राहक द्वारा दिए गए 1,00,000 रुपये भी बरामद किए गए।
छापेमारी एवं जब्ती की कार्यवाही पूर्ण होने के पश्चात स्थानीय थाना तिलक नगर पुलिस को मौके पर बुलाकर दोनों आरोपियों रोमा एवं कुलदीप को आगामी कानूनी कार्यवाही हेतु पुलिस के सुपुर्द किया गया। संयुक्त टीम ने आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करवाई।
डीसी एवं सिविल सर्जन ने दी टीम को बधाई
जिला उपायुक्त श्री स्वप्निल रविंद्र पाटील एवं सिविल सर्जन झज्जर डॉ. मंजू कादयान ने अवैध लिंग जांच गिरोह के खिलाफ की गई इस सफल संयुक्त कार्रवाई पर पीएनडीटी टीम और पुलिस विभाग की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की सख्त कार्रवाई से समाज में स्पष्ट संदेश जाता है कि लिंग जांच जैसे अपराध किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। जिला प्रशासन बेटियों की सुरक्षा और सम्मान के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी ऐसे अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
915 लड़कियों ने लिया जन्म
सिविल सर्जन डॉ. मंजू कादयान ने बताया कि झज्जर में गत वर्ष 1,000 लड़कों की तुलना में मात्र 915 लड़कियों ने जन्म लिया। लड़के की चाह में हम न केवल सामाजिक संतुलन बिगाड़ रहे हैं, बल्कि कई बार गर्भ में लड़की होने पर अवैध गर्भपात कराने वाले गिरोह गर्भवती महिलाओं की जान से भी खिलवाड़ करते हैं। इस कारण कई महिलाओं को अपनी जान तक गंवानी पड़ी है। बिना लड़कियों के भविष्य के समाज की कल्पना संभव नहीं है। हमें इस रूढ़िवादी सोच से आगे बढ़कर लड़का और लड़की को समान दृष्टि से देखना होगा।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।