{"_id":"6adf3991ddde8b4047047cd8","slug":"video-jai-ram-thakur-praises-kaul-singh-negi-at-rampur-nogli-bjp-event-2026-10-26","type":"video","status":"publish","title_hn":"रामपुर बुशहर: नोगली में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, जयराम ठाकुर ने भरी चुनावी हुंकार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
रामपुर बुशहर: नोगली में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, जयराम ठाकुर ने भरी चुनावी हुंकार
रामपुर विधानसभा क्षेत्र के नोगली में सोमवार को पंचायती राज संस्थाओं के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शिरकत की। समारोह में रामपुर और ननखड़ी से बड़ी संख्या में समर्थक पहुंचे। भाजपा ने इस भीड़ को पार्टी के प्रति जनसमर्थन के रूप में पेश किया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर विकास कार्यों में बाधा डालने और ग्रामीण क्षेत्रों की अनदेखी करने के आरोप लगाए।
जयराम ठाकुर ने रामपुर के विधायक कौल सिंह नेगी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने गांव, गली और स्थानीय स्तर से जुड़े छोटे-छोटे, लेकिन महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया है। उन्होंने कहा कि जमीनी समस्याओं की सही जानकारी उसी व्यक्ति को होती है, जो क्षेत्र की वास्तविक परिस्थितियों और लोगों की परेशानियों को समझता हो।
उन्होंने कहा कि कौल सिंह नेगी सत्ता में न होने के बावजूद रामपुर के प्रत्येक मुद्दे को प्रमुखता से उठा रहे हैं और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए आवाज बुलंद कर रहे हैं। कई नेता राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के मुद्दों पर भाषण देते हैं, लेकिन स्थानीय समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए संघर्ष करना अलग बात है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि रामपुर की जनता सौभाग्यशाली है कि उसे ऐसा नेतृत्व मिला है, जो हर मुद्दे को लेकर चिंतित रहता है और लोगों की लड़ाई लड़ता है। उन्होंने कार्यक्रम में महिलाओं की बड़ी भागीदारी का जिक्र करते हुए कहा कि समारोह में 80 प्रतिशत से अधिक महिलाओं की मौजूदगी विशेष रही।
उन्होंने कहा कि विधायक तो बहुत मिलते हैं, लेकिन लोगों के दिलों पर राज करने वाले नेता कम होते हैं। उनके अनुसार, रामपुर में कौल सिंह नेगी की ऐसी ही पहचान बन रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने पिछले विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा पिछली बार जीत के बेहद करीब पहुंच गई थी, लेकिन अंतिम समय में कुछ कमी रह गई। उन्होंने कहा कि लक्ष्य के इतने करीब पहुंचकर चूकने का दर्द अधिक होता है और रामपुर के समर्थकों ने इसे महसूस किया है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से आगामी विधानसभा चुनाव में मजबूती के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। जयराम ठाकुर ने दावा किया कि प्रदेश में अगली सरकार भाजपा की बनेगी और रामपुर का विधायक विधानसभा पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा रामपुर की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और क्षेत्र के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों का उल्लेख करते हुए जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया कि वह चुनाव करवाने से बचना चाहती थी, क्योंकि उसे जनता के रुख का अंदाजा था। उन्होंने कहा कि आपदा अधिनियम लागू किए जाने के बाद चुनाव का मामला न्यायालय तक पहुंचा।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में इस मुद्दे को उठाया, जिसके बाद प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव हो पाए। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकायों के चुनाव में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। उन्होंने इसे आने वाले समय में प्रदेश में भाजपा सरकार बनने का संकेत बताया और रामपुर के विकास को गति देने की बात कही।
समारोह में भाजपा जिला महासू सह प्रभारी आशुतोष वैद्य, भाजपा जिला महासू अध्यक्ष अरुण फाल्टा, भाजपा मंडल रामपुर अध्यक्ष नरेश चौहान, सराहन मंडल अध्यक्ष महेंद्र जैन, नगर परिषद रामपुर अध्यक्ष करण शर्मा, उपाध्यक्ष रोहित नेगी, जिला परिषद सदस्य रानू खूंद और ममता आजाद सहित अन्य भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।