Hindi News
›
Video
›
India News
›
This could lead to uproar outside the Congress Working Committee meeting.
{"_id":"68d38d3551f3a1178b0820f6","slug":"this-could-lead-to-uproar-outside-the-congress-working-committee-meeting-2025-09-24","type":"video","status":"publish","title_hn":"कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक के बाहर इस वजह से हो सकता हंगामा","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक के बाहर इस वजह से हो सकता हंगामा
अमर उजाला डिजिटल डॉट कॉम Published by: आदर्श Updated Wed, 24 Sep 2025 11:48 AM IST
Link Copied
क्या बिहार की धरती पर कांग्रेस का नया राजनीतिक अध्याय शुरू होगा या यह बैठक भी आंतरिक कलह और टिकट बंटवारे की गुत्थियों में उलझकर रह जाएगी? पटना में पहली बार कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की बैठक होने जा रही है और इस ऐतिहासिक मौके ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। लेकिन इस बैठक के समानांतर सदाकत आश्रम में हंगामे की आशंका ने पार्टी नेतृत्व की चिंता बढ़ा दी है।
देशभर से 150 से ज्यादा शीर्ष नेता पटना पहुंच रहे हैं। बैठक का मकसद साफ है बिहार में पार्टी को मजबूत करना और लोकसभा चुनाव में दिखी कमजोरियों को दूर करना। खासकर उन क्षेत्रों में, जहां कांग्रेस पिछली बार मजबूती के बावजूद प्रभावी दावेदारी नहीं कर पाई। कांग्रेस इसे एक बड़े जनाधार विस्तार का मौका मान रही है।
बिहार कांग्रेस का प्रदेश मुख्यालय, सदाकत आश्रम, पिछले एक साल से कई बार हंगामे और मारपीट का गवाह रहा है। टिकट बंटवारे को लेकर कार्यकर्ताओं में असंतोष गहराता रहा है। अब जब कार्यसमिति की बैठक हो रही है, तो माहौल और ज्यादा संवेदनशील हो गया है। प्रदेश नेतृत्व को अंदेशा है कि टिकटार्थियों की भीड़ किसी भी वक्त नाराजगी जताते हुए हंगामा खड़ा कर सकती है।
कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सभी 243 सीटों से ऑनलाइन आवेदन मंगवाए थे। हजारों कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उम्मीद के साथ नामांकन किया। लेकिन अबतक स्क्रीनिंग की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई है। अक्टूबर के अंत में चुनाव की अधिसूचना जारी होने की संभावना है और नवंबर में मतदान तय माना जा रहा है। ऐसे में टिकट की आस लगाए नेताओं का धैर्य जवाब देने लगा है।
यही वजह है कि पार्टी के अंदर असंतोष चरम पर है। नेताओं का आरोप है कि सीट बंटवारे में देरी जानबूझकर की जा रही है और “सेटिंग” का खेल चल रहा है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी बैठक में शामिल होंगे। प्रदेश नेतृत्व को डर है कि राहुल गांधी की मौजूदगी में ही टिकटार्थी या असंतुष्ट गुट अपनी नाराजगी सड़क पर दिखा सकते हैं। प्रदेश कांग्रेस ने सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन बनाए रखने के लिए विशेष जिम्मेदारी तय कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, नाराज गुट राहुल गांधी तक तीन बड़े नामों की शिकायत पहुंचाने की तैयारी में हैं। उनका आरोप है कि स्क्रीनिंग कमेटी के नाम पर पुराने कार्यकर्ताओं और अगड़े नेताओं को दरकिनार किया जा रहा है।
प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावरु पर आरोप है कि वे टिकट वितरण में निष्पक्ष नहीं हैं। वहीं प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम से भी कई टिकटार्थी नाराज हैं। कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह को लेकर भी असंतोष है।
कुछ नेताओं का कहना है कि 70 सीटों पर कांग्रेस ने चुनावी तैयारी पहले ही शुरू कर दी थी, लेकिन अब वहां भी टिकट की उम्मीद धुंधली हो रही है। कई टिकटार्थियों का आरोप है कि प्रदेश नेतृत्व जानबूझकर कुछ समूहों को प्राथमिकता दे रहा है, जबकि वर्षों से काम कर रहे नेताओं को हाशिए पर धकेला जा रहा है।
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले इस तरह की आंतरिक कलह कांग्रेस की रणनीति को कमजोर कर सकती है। पार्टी को उम्मीद थी कि कार्यसमिति की बैठक से संगठन को मजबूती मिलेगी और कार्यकर्ताओं में नया उत्साह आएगा। लेकिन टिकट बंटवारे में असंतोष ने इस उम्मीद पर सवाल खड़ा कर दिया है।
राजनीतिक जानकार मानते हैं कि यदि कांग्रेस ने सीटों पर जल्द निर्णय नहीं लिया तो पार्टी के दावेदार अन्य गठबंधनों या दलों की ओर रुख कर सकते हैं। यह सीधे-सीधे कांग्रेस की चुनावी स्थिति को कमजोर करेगा।
कांग्रेस कार्यसमिति की पटना बैठक अब सिर्फ बिहार में संगठन को मजबूत करने की कवायद नहीं रह गई है, बल्कि यह पार्टी की अनुशासन और नेतृत्व क्षमता की भी परीक्षा है। राहुल गांधी और शीर्ष नेतृत्व को न सिर्फ चुनावी रणनीति पर फोकस करना होगा, बल्कि गुटबाजी और असंतोष को भी शांत करना होगा।
सवाल यही है क्या पटना की बैठक कांग्रेस को बिहार में नई मजबूती देगी या टिकटार्थियों की नाराजगी और सदाकत आश्रम का हंगामा पार्टी की राह और कठिन बना देगा?
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।