दक्षिणी और पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में हो रही छिटपुट बूंदाबांदी का दायरा शनिवार को और बढ़ेगा। माैसम विभाग के मुताबिक शनिवार को कुछ पश्चिमी इलाकों और बुंदेलखंड में भी छिटपुट बूंदबांदी के संकेत हैं। शुक्रवार को यूपी के सोनभद्र और बांदा में हल्की बारिश देखने को मिली। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को उत्तराखंड, हिमांचल और जम्मू कश्मीर से मानसून की विदाई हो गई। अक्तूबर के पहले सप्ताह तक उत्तर प्रदेश के बाकी बचे हिस्से से भी मानसून की वापसी हो जाएगी।
मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई के दौरान एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। राज्य के कई हिस्सों में बारिश का नया दौर शुरू हो गया है। रविवार को 15 जिलों में बारिश हुई। धार और बड़वानी में तेज पानी गिरा। नरसिंहपुर में आधा इंच से ज्यादा पानी गिरा। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को बैतूल, नर्मदापुरम, इंदौर, पचमढ़ी, रतलाम, उज्जैन, छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, मंडला, सागर, सिवनी में भी पानी गिरा। तवा डैम के 5 गेट खोले गए हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है।
उत्तराखंड से मानसून की विदाई हुई तो पहाड़ से लेकर मैदान तक लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन बीते कुछ दिनों से गर्मी अपने तेवर खूब दिखा रही है। हालांकि पहाड़ों में भले मौसम सुहाना हो रहा लेकिन मैदानी इलाकों में चटक गर्मी परेशानी बढ़ा रही है। आंकड़ों पर नजर डाले तो दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री के इजाफे पर दर्ज किया जा रहा है। रविवार को यहां अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री रहा। जबकि रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री बढ़ोतरी के साथ 22.6 डिग्री रहा। ऐसा ही हाल प्रदेश भर में देखने को मिला।
उधर भले पर्वतीय इलाकों में मौसम सुहाना हो रहा हो लेकिन दिन के समय वहां पर भी चटक धूप परेशान कर रही है। उधर सड़क पर चलने वाले राहगीरों व दोपहिया चालकों की मुसीबत सड़कों पर उड़ती धूल ने बढ़ाई हुई है। उधर आने वाले दिनाें की बात करें तो सितंबर के आखिरी दिनों तक मौसम का मिजाज कुछ ऐसे ही रहने के आसार हैं।