गर्मी से परेशान दिल्लीवालों को शुक्रवार शाम को कुछ राहत मिल सकती है। उम्मीद है कि शुक्रवार शाम और रात को हल्की बरिश होगी। लेकिन दिन में धूप खिलने से गर्मी महसूस होगी। प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र, नई दिल्ली के मुताबिक बृहस्पतिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 38.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो सामान्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। दिन में धूप खिलने से लोगों को गर्मी से परेशान किया। शाम को हल्की ठंडी हवाओं से कुछ राहत जरूरत मिली।
केंद्र के अनुसार, शुक्रवार को आसमान में आंशिक बादल छाए रहने की उम्मीद है। शाम और रात के समय गरज, बिजली के साथ हल्की से बहुत हल्की बारिश होने की उम्मीद है। इस दौरान अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। केंद्र के मुताबिक, पूरे सप्ताह दिल्ली में हल्की बारिश होने की संभावना है। दो जुलाई तक दिल्ली का अधिकतम तापमान 32 डिग्री तक पहुंच सकता है। इस दौरान दक्षिण पूर्व व दक्षिण-पश्चिमी दिशा से हवाएं चल सकती हैं।
बात करें पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में बीते दो दिनों से मानसून की सक्रियता बड़ी है। मौसम विभाग ने प्रदेश के पश्चिमी और तराई इलाकों के 14 जिलों में शुक्रवार के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी किया है। साथ ही 55 जिलों में गरज चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। बृहस्पतिवार को लखीमपुर खीरी, सिद्धार्थ नगर, सुल्तानपुर,अमेठी, बाराबंकी, सोनभद्र, गोरखपुर, वाराणसी समेत के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। लेकिन पूर्वी हिस्से में हो रही छिटपुट बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत नहीं मिली है। सभी को मामसून की अच्छी बारिश का इंतजार है।मौसम विभाग की मानें तो यह इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। 28 से 30 जून के बीच पूर्वी और पश्चिमी दोनों संभागों में होगी अच्छी बारिश के संकेत हैं।